छत्तीसगढ़ / रायपुर

आज राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा, नवा रायपुर में युवा सम्मेलन को करेंगे संबोधित

 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज  छत्तीसगढ़ में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। छत्तीसगढ़ में इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह पहली बार है जब विरोधी दल के दो वरिष्ठ नेताओं का कार्यक्रम एक ही दिन है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रायपुर और महासमुंद जिले के सरायपाली में सभा को संबोधित करेंगे, वहीं राहुल गांधी नवा रायपुर में राजीव युवा मितान क्लब के एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को दोपहर दो बजे राज्योत्सव मेला स्थल पर राज्य के खेल और युवा कल्याण विभाग के तहत गठित राजीव युवा मितान क्लब के राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद रहेंगे। नए मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों से अवगत कराएंगे। राज्य में कांग्रेस और विपक्ष दोनों की नजर युवा मतदाताओं पर है। छत्तीसगढ़ सरकार के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में 48 लाख युवा मतदाता हैं और इनमें से 4.43 लाख पहली बार मतदाता बने हैं।

2018 में कांग्रेस को मिली थी जीत
राज्य में वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कुल 90 सीटों में से 68 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को 15 सीटें मिली थी। राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जेसीसी (जे) को पांच तथा उसकी सहयोगी बसपा को दो सीटें मिली थी। कांग्रेस के पास वर्तमान में 71 सदस्य हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image