छत्तीसगढ़ / रायपुर

सीएम बघेल ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, कहा – केंद्र चावल ले या न ले, हम हर परिस्थिति में किसानों का प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदेंगे

 रायपुर। सेंट्रल पूल में चावल के कोटे में कटौती किए जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केन्द्र सरकार पर निशाना साधा है। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्र चावल ले या न ले। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। लेकिन हम हर परिस्थिति में किसानों का प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदेंगे।

राजधानी रायपुर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान सीएम बघेल ने कहा कि हम अपनी घोषणा के तहत एक नवंबर से धान खरीदी करेंगे। केंद्र ने चावल का कोटा 86 लाख मीट्रिक टन से अचानक घटा दिया। अब बारदाना भी कम देंगे। आखिर कोटा घटाने के पीछे क्या छिपा है। जो चावल ही नहीं खरीद पा रहे, वो धान क्या खरीद पाएंगे? यहां आकर धान खरीदने का हल्ला मचाते घूमते हैं।

सीएम बघेल ने आगे कहा कि केंद्र सरकार पहले भी ये ऐसा कर चुकी है। तब हमे घाटा सहकर भी खुले बाजार में चावल बेचने को मजबूर होना पड़ा था। लेकिन हमने कभी किसानों को घाटा नहीं होने दिया। बीजेपी को हर बात में राजनीति दिखती है और अब इस मामले में भी भाजपा सियासत करने लगी है। भाजपा हमेशा किसानों के साथ धोखा करती रही। कभी आय दोगुनी करने की बात करती है। 2100 समर्थन मूल्य और 300 बोनस देने की बात कर धोखा देती रही। कांग्रेस सरकार हमेशा विपरित परिस्थितियों में भी धान खरीदती रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image