छत्तीसगढ़
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने: मुख्यमंत्री बघेल आज करेंगे स्वामी आत्मानंद कोचिंग’ योजना का शुभारंभ,ये छात्र कर सकेंगे अप्लाई
रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा इंजीनियरिंग एवं मेडिकल के प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए स्कूल शिक्षा विभाग की नवाचारी ’स्वामी आत्मानंद कोचिंग’ योजना का 3 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे अपने निवास कार्यालय से ऑनलाइन शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री रविंद्र चौबे एवं विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस योजना में ख्याति प्राप्त एलन कैरियर इंस्टिट्यूट ने सीएसआर के तहत निःशुल्क कोचिंग देने सहमति दी है।
प्रदेश के शासकीय स्कूलों में अध्यनरत 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए छत्तीसगढ़ शासन और एलन इंस्टिट्यूट के मध्य एम ओ यू पर हस्ताक्षर भी किए जाएंगे। गौरतलब है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शासकीय स्कूलों में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए इंजीनियरिंग तथा मेडिकल पाठ्यक्रम की प्रवेश परीक्षा की ऑनलाइन कोचिंग योजना की घोषणा की थी।
मेडिकल नीट तथा प्री-इंजीनियरिंग आईआईटी की बेहतर रूप से तैयारी
स्कूल शिक्षा विभाग की स्वामी आत्मानद कोचिंग योजना के अनुसार प्रदेश के कक्षा दसवीं में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी तथा कक्षा 12वीं में अध्यनरत विद्यार्थियों को कोचिंग दी जाएगी। प्रदेश के 146 विकासखंड मुख्यालयों तथा चार शहर रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर एवं कोरबा सहित 150 कोचिंग सेंटर के माध्यम से राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा प्री-मेडिकल नीट तथा प्री-इंजीनियरिंग आईआईटी की बेहतर रूप से तैयारी हेतु ऑनलाइन कोचिंग प्रदान की जाएगी। कोचिंग राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के माध्यम से प्रदान की जाएगी। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा सभी जिला शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से कोचिंग सेंटर की स्थापना की तैयारी कर प्रवेश प्रारंभ कर दिया गया है।
प्री-इंजीनियरिंग के लिए अधिकतम 50-50 विद्यार्थियों का चयन
स्वामी आत्मानंद कोचिंग योजना में मेरिट क्रम अनुसार विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। विद्यार्थी को संबंधित विकासखंड, शहर के शासकीय स्कूलों में कक्षा 12 वीं का नियमित विद्यार्थी होना अनिवार्य होगा। विकासखंड मुख्यालय की स्कूलों में कक्षा 12 वीं में जीव विज्ञान तथा गणित संकाय में अध्ययनरत विद्यार्थी ही पात्र होंगे। प्रत्येक कोचिंग सेंटर में 75 से 100 विद्यार्थियों का प्रवेश दिया जाना है। इसमें प्री-मेडिकल तथा प्री-इंजीनियरिंग के लिए अधिकतम 50-50 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद रायपुर से ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएगी। यह कक्षाएं शाम 3 बजे से 6.30 बजे तक संचालित होंगी। इस संबंध में विषय विशेषज्ञ नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों का नियमित आकलन तथा शिक्षकों की कक्षाओं के अध्यापन का भी अवलोकन किया जाएगा। योजना के संबंध में पालकों का फीडबैक भी लिया जाएगा। ऑनलाइन कक्षाओं की यह विशेषता रहेगी कि यह टू-वे संवाद रहेगा अर्थात विद्यार्थी विषय विशेषज्ञों से प्रश्न पूछ सकेंगे। जेईई एवं नीट के लिए अलग-अलग कक्षाएं प्रदेश में संचालित आत्मानंद विद्यालय एवं अन्य विद्यालय में संचालित होंगी। प्रत्येक कोचिंग केंद्र में भौतिक, रसायन, जीव विज्ञान एवं गणित विषय के लिए नोडल शिक्षक तथा एक मुख्य नोडल अधिकारी प्रिंसिपल अथवा सीनियर लेक्चरर स्टाफ के नियुक्त किए गए हैं। ऑनलाइन कोचिंग प्रदाता संस्थान विद्यार्थियों के रिपोर्ट कार्ड का विश्लेषण विद्यार्थियों का फीडबैक पालकों का फीडबैक इत्यादि इस कार्यक्रम की सघन मॉनिटरिंग हेतु मॉनिटरिंग अधिकारी भी नियुक्त किया जा रहे हैं।
कल छत्तीसगढ़ आएंगे पीएम मोदी, करेंगे कई परियोजनाओं का शिलान्यास
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को छत्तीसगढ़ आएंगे। वह लगभग 11 बजे अपराह्न में जगदलपुर, बस्तर पहुंचकर 26,000 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील लिमिटेड का इस्पात संयंत्र भी शामिल है। लगभग तीन बजे पूर्वाह्न में प्रधानमंत्री तेलंगाना के निजामाबाद पहुंचेंगे, जहां वे बिजली, रेल व स्वास्थ्य जैसे महत्त्वपूर्ण सेक्टरों की लगभग 8000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ में आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को गति देने की पहल के अनुकूल प्रधानमंत्री बस्तर जिले में नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील लिमिटेड के इस्पात संयंत्र का लोकार्पण करेंगे। यह संयंत्र 23,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनकर तैयार हुआ है। यह ग्रीनफील्ड परियोजना का संयंत्र है, जहां उच्च गुणवत्ता वाला इस्पात निर्मित होगा। नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील लिमिटेड का इस्पात संयंत्र हजारों लोगों को संयंत्र में और अनुषांगिक व सहयोगी उद्योगों में रोजगार के अवसर देगा। इलाके के सामाजिक-आर्थिक विकास में तेजी लाकर यह संयंत्र बस्तर को दुनिया के इस्पात मानचित्र में दर्ज कर देगा
देशभर में रेल अवसंरचना में सुधार लाने के बारे में प्रधानमंत्री मोदी की परिकल्पना के अनुरूप कार्यक्रम के दौरान अनेक रेल परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जायेगा। प्रधानमंत्री अंतागढ़ व तारोकी के बीच नई रेल लाइन और जगदलपुर और दंतेवाड़ा के बीच डबल रेल लाइन परियोजना का लोकार्पण करेंगे। वे बोरीडांड – सूरजपुर रेल लाइन को दो-तरफा बनाने की परियोजना तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जगदलपुर स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे।
Breaking : जाने कब होगी कांग्रेस उम्मीदवारों के नामों की घोषणा, कुमारी शैलजा ने कही बड़ी बात…
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की प्रभारी और वरिष्ठ महिला नेता कुमारी शैलजा आज अंबिकापुर प्रवास पर रही। यहाँ वह भरोसे की यात्रा में शामिल हुई और मीडिया से भी चुनावी रणनीतियों पर विस्तार से बातचीत की। कुमारी शैलजा ने कई बड़े सवालों का बेबाकी से जवाब भी दिया। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी राज्य सरकार ने अपने नारें में क्यों बदलाव किया था। कुमारी शैलजा ने कहा राहुल गांधी के नेतृत्व में हमने बहुत काम किया और आगे भी करेंगे। हमने जो कहा वो किया और आगे भी करते रहेंगे।
टिकटों के वितरण को लेकर कहा कि यह एक अहम प्रक्रिया है। स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई है अब सेंट्रल इलेक्शन कमेटी के पास लिस्ट भेजी जाएगी। टिकटों की घोषणा समय पर ही होगा। भूपेश है तो भरोसा है से भरोसे की सरकार के तौर पर बदले नारे को लेकर कुमारी शैलजा ने कहा कि ये सरकार का स्लोगन था। हम कलेक्टिंग लीडरशिप के तहत चुनाव में जाएंगे।
BREAKING : गौठानों में लगातार हो रही मवेशियों की मौत, अब एक्शन में भूपेश सरकार, जारी किए निर्देश
रायपुर। प्रदेश के सरकारी गौठानों में एक के बाद एक मवेशियों की मौत हो रही है। इसको लेकर सियसात गरमाने लगी है। इस बीच सरकार ने गोठानों में मवेशियों की उचित देखभाल को लेकर निगम आयुक्तों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को एक निर्देश जारी किया है। नगरीय प्रशासन विभाग की तरफ से जारी इस आदेश में साफ कहा गया है कि विभाग को मवेशियों के अकारण मौत की सूचना प्राप्त हो रही है, जबकि गोठानों के प्रबंधन को लेकर पहले ही स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किया गया था। इसके बावजूद मवेशियों की अकारण मौत हो रही है।
बता दें कि बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र के ग्राम नेवरा के गोठान से लगे पम्प हाउस में दम घुटने से 13 मवेशियों की मौत फिर रायपुर के जरवाय गोठान में 6 गायों की मौत को लेकर पूरे प्रदेश भर में बवाल मचा है। लगातार आरोप लग रहे कि जानवरों को रखने और चारा-पानी के लिए शासन से मिलने वाले फंड को गोठानो के कर्ताधर्ता खुद खा जा रहे जिससे मवेशियों की मौते हो रही है।


छत्तीसगढ़ में होने वाली है मानसून की विदाई, जानें से पहले होगी जमकर बारिश, अलर्ट जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में जल्द ही मानसून की विदाई होने वाली है। लेकिन इससे पहले एक बार फिर बारिश होने के आसार है। मौसम विभाग ने सोमवार को बिलासपुर संभाग के रायगढ़, कोरबा और जांजगीर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां भारी बारिश की संभावना है।
इसके अलावा 6 जिलों सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, पेण्ड्रा, बिलासपुर और बलौदाबाजार के लिए यलो अलर्ट जारी है। यहां मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
अगले 24 घंटे में इन जिलों में हो सकती है बारिश
रायगढ़, जांजगीर, बलौदाबाजार जिले में 3 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। जबकि सरगुजा, जशपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, पेण्ड्रा, बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा और रायपुर में हल्की से मध्यम बारिश अधिकांश जगहों में हो सकती है।
भाजपा ने 67 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों लगाई मुहर, संपत अग्रवाल को यहां से मिल सकती है टिकट
रायपुर। भाजपा ने 67 सीटों पर प्रत्याशी तय कर लिए हैं। चर्चा है कि सूची मंगलवार को जारी हो सकती है। कहा जा रहा है कि सभी मौजूदा विधायकों को उनकी विधानसभा सीटों से प्रत्याशी बनाया जा रहा है। यही नहीं, रायपुर उत्तर से पुरंदर मिश्रा, और ग्रामीण से मोतीलाल साहू के नाम पर मुहर लगने की चर्चा है।
खबर है कि हारे हुए कई नेताओं को दोबारा टिकट दिया जा रहा है। पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय भिलाई, अमर अग्रवाल बिलासपुर शहर, पूर्व मंत्री राजेश मूणत का नाम रायपुर पश्चिम सीट से है। यही नहीं, प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव लोरमी सीट से चुनाव लड़ेंगे जबकि जनता कांग्रेस से आए धर्मजीत सिंह को तखतपुर से टिकट दी जा रही है। वैशाली नगर सीट से पार्षद रिकेश सेन को प्रत्याशी बनाया जा सकता है।
बताया गया कि पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े को बैकुंठपुर से, श्याम बिहारी जायसवाल मनेन्द्रगढ़, और केन्द्रीय मंत्री रेणुका सिंह को भरतपुर-सोनहत से टिकट दी जा सकती है। कोटा सीट से दिवंगत पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिलीप सिंह जूदेव के बेटे प्रबल प्रताप सिंह, और रायगढ़ सांसद गोमती साय का नाम पत्थलगांव सीट से तय होने की खबर है। पूर्व सीएम डॉ.रमन सिंह राजनांदगांव, ओपी चौधरी रायगढ़, विजय शर्मा को कवर्धा एवं संपत अग्रवाल को बसना से उम्मीदवार बनाए जाने की खबर है। डोंगरगांव से भरत वर्मा को टिकट मिल सकती है।
पूर्व मंत्री केदार कश्यप नारायणपुर, किरण देव जगदलपुर, महेश गागड़ा बीजापुर, लता उसेंडी कोंडागांव सीट से टिकट तकरीबन तय हो गया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी को अंतागढ़ सीट से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। कसडोल की टिकट फिलहाल रोकी गई है। धरसीवां से अनुज शर्मा, बलौदाबाजार से टंकराम वर्मा को टिकट मिलने की खबर है। बता दें कि फिलहाल ये इन नामों पर संभावना जताई जा रही है भाजपा द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा कभी भी की जा सकती है।
प्रदेश युवा कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग में नई कार्यकारिणी घोषित, देखें लिस्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल जारी है। इसी बीच प्रदेश युवा कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग में नई कार्यकारिणी घोषित की गई है।

Breaking : नवनियुक्त 6 हजार से अधिक शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण, 15 चरणों में सम्पन्न होगा प्रशिक्षण…
रायपुर : सत्र 2023 में नवनियुक्त 6 हजार से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार वर्तमान नियुक्त 6 हजार 607 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाना है। इनमें 2 हजार 496 सहायक शिक्षक, 3 हजार 875 शिक्षक और 236 व्याख्याताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन शिक्षकों का प्रशिक्षण 15 चरणों में सम्पन्न होगा।
प्रथम चरण में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में नवनियुक्त शिक्षकों का 5 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण 9 से 13 अक्टूबर तक आयोजित किया गया है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण अंजनेय यूनिवर्सिटी (केआईटीई) नरदहा रायपुर में सरगुजा और बलरामपुर जिले के 100-100 शिक्षकों तथा बस्तर कोण्डागांव, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के 100-100 शिक्षकों का प्रशिक्षण एससीईआरटी शंकर नगर रायपुर में आयोजित किया गया है।
Breaking : गणेश झांकी में चाकू, ब्लेड और कैंची लेकर पहुंचे थे 50 से ज्यादा बदमाश, सभी को राजधानी पुलिस ने दबोचा…
रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर प्रशांत अग्रवाल द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं एसीसीयु के अधिकारियों/कर्मचारियों को गणेश विसर्जन झांकी को इंसीडेंट फ्री एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराये जाने हेतु गुंडा-बदमाशों,आपराधिक एवं शरारती तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे।
निर्देशानुसार वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में जिले के थाने/चौकियों एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के संयुक्त स्टॉफ की 12 विशेष टीम गठित कर उन्हें गणेश विसर्जन झांकी गुजरने वाले मार्ग के शहर के मुख्य चौक चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों,अंदर के तंग गलियों, अपराध की दृष्टि से संवेदनशील जगहों पर तैनात कर उन्हें आपराधिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने व सख्त कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया था। जो गणेश विसर्जन झांकी के दौरान विशेष टीम के द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों पर बारीकी से नज़र रखते हुए उन्हें चिन्हित कर उनकी तलाशी ली गई जिनके कब्जे से चाकू,रेजर ब्लेड,पेचकस,चाकूनुमा रिंग, कैची इत्यादि बरामद कर उन्हें अग्रिम कार्यवाही थाना को सुपुर्द किया गया। इस दौरान नाबालिक सहित कुल 52 लोगों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट,आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट,चोरी तथा प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही की गई है, जिसमें थाना कोतवाली में 01 आरोपी के विरूद्ध नारकोटिक्स एक्ट तथा थाना आजाद चौक में 01 आरोपी के विरूद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही किया गया है तथा थाना मौदहापारा में 02 आरोपियों को पॉकेटमारी/चोरी करते रंगे हाथों गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कार्यवाही किया गया है, शामिल है।
यात्रीगण कृपया ध्यान दे, बिलासपुर से गुजरने वाली 5 ट्रेनें रद्द, देखें लिस्ट कही आपकी ट्रेन तो नहीं शामिल…
रायपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मण्डल के अंतर्गत राउरकेला स्टेशन का यार्ड का आधुनिकीकरण एवं तीसरी रेल लाइन को जोड़ने का कार्य किया जाएगा । इस नॉन इंटरलॉकिंग कार्य को करने के लिए कुछ ट्रेनों का परिचालन दिनांक 29 सितम्बर, 2023 से 15 अक्टूबर, 2023 तक प्रभावित रहेगा। इस कार्य के फलस्वरुप कुछ गाड़ियों को रद्द किया जा रहा है, जिसकी जानकारी इस प्रकार है :-
रद्द होने वाली गाडियां:-
1. दिनांक 02, 04, 09, एवं 11 अक्टूबर, 2023 को पटना से चलने वाली 03253 पटना-सिकंदराबाद स्पेशल रद्द रहेगी।
2. दिनांक 04 एवं 11 अक्टूबर, 2023 को हैदराबाद से चलने वाली 07255 हैदराबाद-पटना स्पेशल रद्द रहेगी ।
3. दिनांक 06 एवं 13 अक्टूबर, 2023 को सिकंदराबाद से चलने वाली 07256 सिकंदराबाद-पटना स्पेशल रद्द रहेगी ।
4. दिनांक 03 एवं 10 अक्टूबर, 2023 को रक्सौल से चलने वाली 07052 रक्सौल-हैदराबाद स्पेशल रद्द रहेगी ।
5. दिनांक 07 एवं 14 अक्टूबर, 2023 को हैदराबाद से चलने वाली 07051 हैदराबाद -दरभंगा स्पेशल रद्द रहेगी ।
पीएम नगरनार स्टील प्लांट के निजीकरण नहीं होने की गारंटी देंः सीएम भूपेश
रायपुर। नगरनार स्टील प्लांट के निजीकरण को लेकर सीएम भूपेश ने कहा कि पीएम मोेदी गारंटी दे कि नगरनार स्टील प्लांट का निजीकरण नहीं होगा। नगरनार स्टील प्लांट के उद्घघाटन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को बयानबाजी शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संयंत्र का निजीकरण नहीं करने की घोषणा करने की मांग की है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जनता 2024 में इन्हें हराए, तब निजीकरण नहीं होगा। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने नगरनार प्लांट के निजीकरण के विरोध में 3 अक्टूबर को बस्तर बंद का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नगरनार प्लांट के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री मोदी के दौरे पर का निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि आदिवासियों की जमीन एनएमडीसी को दी गई। प्लांट में नौकरी के लिए आदिवासी लगातार आंदोलन करते रहे। हम जब विपक्ष में थे तब भी हमने पत्र लिखा था कि आदिवासियों को उचित व्यवस्थापन हो। सरकार में आने के बाद हमने विधानसभा में संकल्प पारित किया कि नगरनार स्टील प्लांट का विनिवेश ना किया जाये। राज्य सरकार प्लांट का अधिग्रहण कर ले, लेकिन उसके अधिग्रहण को लेकर ऐसे बिंदु जोड़ दिये गये हैं जिससे राज्य सरकार शामिल ना हो सके।
राज्य सरकार ने एक अशासकीय संकल्प विधानसभा में पेश किया था कि प्लांट का निजीकरण ना किया जाये और अगर करना ही है तो राज्य सरकार को इसका अधिग्रहण करने की अनुमति दी जाये। लेकिन केंद्र सरकार ने राज्य को बोली लगाने से ही वंचित कर दिया. इसका मतलब साफ़ है कि अपने चहेतों को ।फ़ायदा पहुँचाने के लिये ऐसा किया गया. आदिवासी समाज में भी इसे लेकर नाराज़गी है. समाज इसका विरोध करेगा।
भूपेश बघेल ने कहा कि बीजेपी के विधायकों ने भी विधानसभा में स्टील प्लांट के निजीकरण नहीं करने और अधिग्रहण की स्थिति में राज्य सरकार को दिये जाने के अशासकीय संकल्प पर सहमति दी थी। पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने भी इस संदर्भ में एक पत्र लिखा था। अब बीजेपी के लोग भी इस खुलकर अपनी बात रखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरनार स्टील प्लांट के अधिग्रहण को लेकर ईओआई में टाटा, जिंदल, अदाणी, जैसी कंपनियाँ आ रही हैं. निजी हाथों में नहीं बिकेगा।क्योंकि यहां की ज़मीन आदिवासियों की है। वहां सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल खोलने की भी बात कही गई थी। लेकिन अब तक नहीं खोला गया। इसके साथ ही भूपेश बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ नागरिक उड्डयन मंत्री भी आ रहे हैं। जगदलपुर से जबलपुर और दिल्ली तक की उड़ान शुरू करने की मांग करता हूँ। एक करोड़ की क्षतिपूर्ति राज्य सरकार देने को तैयार है। पिछले दिनों नगरनार प्लांट को लेकर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर विरोध जताया था।
शहरी और मुख्य सड़क पर स्थित स्कूलों में स्वीकृत से अधिक शिक्षक हैं पदस्थ- नारायण चंदेल
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार और बुनियादी सुविधाएँ मुहैया कराने के प्रदेश की कांग्रेस सरकार के दावे को फर्जी बताया है। उन्होंने कहा कि कुछ विद्यालयों में स्वीकृत सेट-अप से अधिक शिक्षक पदस्थ होने और कुछ विद्यालयों में शिक्षकों के पद रिक्त पड़े होने के कारण शिक्षा के मूल उद्देश्यों को हासिल नहीं किया जा सक रहा है, वहीं आदिवासी इलाकों में करोड़ों रुपए खर्च करके जुटाई गईं पीने के पानी की बुनियादी सुविधा दम तोड़ चुकी है।
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि बिलासपुर जिले के चारों विकासखंडों के कुल 210 हायर सेकेंडरी और हाई स्कूलों में 1876 व्याख्याताओं के पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से 54 स्कूलों में स्वीकृत सेट-अप से 126 व्याख्याता ज्यादा हैं जबकि 80 स्कूलों में व्याख्याताओं के 174 पद अब तक खाली पड़े हैं। तबादला उद्योग चलाने में मशगूल प्रदेश सरकार को इस बात से कोई सरोकार ही नहीं है कि यदि 126 अतिशेष व्याख्याताओं को उनके मूल विद्यालयों में भेजा जाए तो रिक्त पड़े 174 पदों की समस्या काफी हद तक हल हो सकती है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक पहुँच और संरक्षण के चलते शहरी और मुख्य सड़क पर स्थित स्कूलों में स्वीकृत पदों से काफी अधिक शिक्षक पदस्थ हैं जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शालाओं में काफी पद रिक्त होने के कारण बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
सरगुजा संभाग के जशपुरनगर जिले के 2296 प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों और 1500 आंगनबाड़ी केंद्रों में बेहाली का आलम यह है कि वहाँ पीने के साफ पानी तक की व्यवस्था ही चरमरा चुकी है। रनिंग वॉटर सप्लाई के नाम पर केवल स्कूलों पर 35 करोड़ रुपए खर्च करने के बाद भी हालात ये हैं कि वहाँ बच्चे ढोंढ़ी का पानी पीने के लिए विवश हैं।
जहरीले सांप ने मासूम को डसा, इलाज के दौरान मौत, परिवार में पसरा मातम…
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है. जहां रजगामार क्षेत्र में रहने वाली एक सात वर्षीय मासूम बच्ची को जहरीले सांप ने काटने से मौत हो गई है. जिससे परिवार में मातम पसर गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, सात वर्षीय मासूम बच्ची को जहरीले सांप काटने से मौत हो गई, मृतका का नाम रचना कंवर है। जो रात्रि में अपने घर की दीवान पर सोई हुई थी, इसी दौरान घर में सांप घुस गया और दीवान में चढ़कर उसे काट लिया। रचना को जब पसीना आना शुरु हुआ, तब परिजनों को घटना की जानकारी हुई। जिसके बाद उसे मेडिकल काॅलेज जिला अस्पताल लाया गया। उसका उपचार शुरु किया गया लेकिन शरीर में जहर का फैलाव हो जाने के कारण उसकी जान चली गई।
पीएम मोदी की सभा के पहले बस्तर पहुंचे एसपीजी कमांडो, लालबाग मैदान को लिया कब्जे में
रायपुर/जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार 3 अक्टूबर को बस्तर जिले के लालबाग में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके पहले ही प्रधानमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले एसपीजी (SPG) के कमांडो बस्तर पहुंच चुके हैं। एसपीजी ने लालबाग मैदान का सभा स्थल सहित आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को अपनी निगरानी में ले लिया है। शहर में सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। एसपीजी ने सभा स्थल सहित आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। एयरपोर्ट से लेकर सभा स्थल तक पहुंचने के संभावित रास्तों का निरीक्षण किया गया। इसके लिए माड़िया चौक होते हुए आनंद ढाबा चौक से आमागुड़ा चौक होते हुए लालबाग व एयरपोर्ट से शहीद पार्क होते हुए लालबाग पहुंचने वाले रास्ते को चिन्हांकित करने के साथ ही अन्य वैकल्पिक मार्ग पर भी चर्चा की गई है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चार स्तरीय सुरक्षा घेरा होगा। प्रथम स्तर पर एसपीजी बाडीगार्ड, दूसरे स्तर पर एसपी कमांडो, तीसरे स्तर पर एनएसजी कमांडो व चौथे स्तर पर अर्धसैनिक बल तैनात रहेंगे। पहले व दूसरे स्तर पर एसपीजी कमांडो तैनात रहते हैं। भारत का यह विशेष बल प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात रहता है।
तीन माह में तीन बड़ी सभा… क्या मोदी लगा पाएंगे भाजपा का बेड़ा पार
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बीजेपी की दो ‘परिवर्तन यात्राओं’ के समापन समारोह में शामिल हुए। चुनावी साल में वैसे तो सभी पार्टियां जोर-शोर से प्रचार कर रही हैं, लेकिन बीजेपी इस मामले में थोड़ा अलग है।
छत्तीसगढ़ में प्रचार-प्रसार के लिए बहुत हद तक पीएम मोदी की रैलियों पर निर्भर है। बीजेपी मध्य प्रदेश में अपनी जमीन बनाने के लिए पूरी कोशिश में है। प्रत्याशियों की हालिया लिस्ट में केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों के नाम से सभी चुनावी राज्यों में हलचल मची हुई है। ऐसे में ऐसी कयास लगाई जा रही है कि छत्तीसगढ़ में भी पार्टी ऐसा प्रयोग कर सकती है।
छत्तीसगढ़ में पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की आबादी लगभग 47% है। ऐसे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कद और कांग्रेस द्वारा जाति जनगणना के मुद्दे पर भाजपा इसे बेअसर करने के तरीके खोज रही है। छत्तीसगढ़ के पांच प्रशासनिक संभागों – रायपुर, दुर्ग, सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर में से बिलासपुर में विधानसभा सीटों की संख्या सबसे अधिक 24 है।
इसके अलावा पिछले पांच वर्षों में, बघेल सरकार को कई घोटालों से संबंधित कई आरोपों का सामना करना पड़ा है। सरकार पर 2,161 करोड़ रुपये के शराब घोटाले से लेकर कोयला-लेवी घोटाले के आरोप लगे हैं। इतना ही नहीं जुलाई में रायपुर की एक रैली में पीएम मोदी ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ को अपना एटीएम मानती है। वहीं कल हुई बिलासपुर सभा में पीएम मोदी ने साफ तौर पर कहा कि अगर बीजेपी की सरकार बनती है तो पीएससी घोटाले की जांच की जाएगी।
BREAKING: छत्तीसगढ़ चुनाव को लेकर बीजेपी कोरग्रुप की अहम बैठक, केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नाम पर लगेगी मुहर…
रायपुर. छत्तीसगढ़ चुनाव को लेकर दिल्ली में बीजेपी कोरग्रुप की अहम बैठक जारी है. ये बैठक केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडाविया के आवास पर की जा रही है. जहां छत्तीसगढ़ बीजेपी नेता भी मौजूद हैं. जानकारी के अनुसार, आज शाम केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नाम को मंज़ूरी मिलने वाली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी बैठक में शामिल होंगे.जानकारी के अनुसार, इस अहम बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन समेत छत्तीसगढ़ से बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, महामंत्री ओपी चौधरी, विजय शर्मा, संगठन मंत्री पवन साय भी मौजूद होंगे.
मां दंतेश्वरी मंदिर में अब ऑनलाइन आस्था के ज्योत जलवा सकेंगे श्रद्धालु
दंतेवाड़ा। आस्था का महापर्व शारदेय नवरात्र को आने में कुछ ही दिन शेष हैं । नवरात्र को लेकर प्रमुख देवी मंदिरों में तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी है। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर दुनियाभर में प्रसिद्ध है यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु चैत्र एवं शारदेय नवरात्र पर आस्था की दीप जलाते हैं। दंतेवाड़ा जिले में स्थित मां दंतेश्वरी के मंदिर में अब देश में ही नहीं बल्कि दुनिया के किसी भी कोने में बैठा व्यक्ति आस्था की ज्योत जलवा सकेगा। इसके लिए इस शारदीय नवरात्र पर बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर की कमेटी ने ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू की है। इसके माध्यम से ज्योति कलश के लिए लगने वाली राशि भी ऑनलाइन दी जा सकेगी
समिति ने जारी किया है लिंक
भक्तों की आस्था को देखते हुए मंदिर समिति ने ये फैसला लिया है। इसके लिए समिति ने https//maadanteshwari.in नाम से वेबसाइट लिंक जारी किया है। इस वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालु ज्योति के अलावा भंडारा शुल्क और दान राशि भी ऑनलाइन दे सकते हैं। वेबसाइट पर मंदिर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी और मंदिर में होने वाली दैनिक आरती तथा अन्य अनुष्ठानों का शेड्यूल भी उपलब्ध किया गया है।
देश-विदेश से आते हैं श्रद्धालु
दंतेवाड़ा का मां दंतेश्वरी शक्तिपीठ देश के 52 शक्तिपीठों में से एक है और यहां दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं। प्राचीन काल से ही मां दंतेश्वरी को बस्तर के लोग अपनी कुल देवी के रूप में पूजते आ रहे हैं। ऐसी मानता है कि, बस्तर में होने वाला कोई भी विधान माता की अनुमति के बिना नहीं किया जाता है। मां दंतेश्वरी मंदिर का गर्भगृह जहां देवी की मूर्ति है वो सदियों पहले ग्रेनाइट पत्थरों से बनाया गया था।
