छत्तीसगढ़
बेटे ने पिता की गला रेतकर की हत्या, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोरबा। जटगा चौकी अंतर्गत पुटवा गांव में एक बेटे ने अपने पिता को गला रेतकर कर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी को कटघोरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पुटवा के आमाभाटा मोहल्ले में रहने वाले चंद्रभूषण सिंह का उसके पिता के साथ संपत्ति को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। जिसके बाद वो गांव से दूर दुसरी बस्ती में अपने परिवार के साथ रहता था। शुक्रवार को वह पिता के घर आया, जहां उसकी मां और पिता घर पर थे। रात में जब सब खाना खाने के बाद सो गए तो आरोपी ने फरसा से पिता की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया।मामले की सूचना मिलते ही जटगा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। वहीं पुलिस ने आरोपी बेटे को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 302 का अपराध कायम करने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
सीएम भूपेश बघेल की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक, लिए गए कई अहम फैसले
रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आज यहां उनके निवास कार्यालय में मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित हुई।कैबिनेट मंत्री मो. अकबर ने जानकारी देते हुए कहा की पीएम आवास योजना ग्रामीण 6 लाख 99 हजार 439 वेटिंग लिस्ट में थे, उनके लिए आवास स्वीकृति का निर्णय लिया है बता दे 2011 की पात्रता सूची में नाम नहीं था, उन्हें भी अब लाभ मिलेगा । सर्वे के आधार पर पात्रता तय किया जाएगा ऐसे 47 हजार 90 लोगों को भी आवास देने का निर्णय लिया गया है और इसके लिए 100 करोड़ का प्रावधान है । वहीं सरकारी नौकरी में नई सीधी भर्ती वालों के लिए स्टाइपेंड समाप्त का निर्णय लिया गया है । साल 2023 के लिए मदिरा प्रदाय में संशोधन किया गया है अब अन्य कंपनी भी बॉटलिंग के लिए टेंडर कर सकती है।
बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया :-
1 -आवासहीनों और कच्चे कमरे वाले परिवारों को पक्का आवास मुहैया कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल शेष सभी 6 लाख 99 हजार 439 पात्र परिवारों को आवासों की स्वीकृति का निर्णय लिया गया।
2-सामाजिक आर्थिक एवं जातिगत जनगणना वर्ष 2011 की सर्वे सूची में शामिल होने से वंचित रह गए ऐसे परिवार जो आवासहीन है उन्हें राज्य सरकार द्वारा अपने मद से आवास उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा में ग्रामीण आवास न्याय योजना की घोषणा की थी। इस योजना के नीति निर्धारण एवं क्रियान्वयन के संबंध में मंत्रिपरिषद की बैठक में निर्णय लिया गया।
3-प्रदेश में जरूरतमंद परिवारों की आवश्यकता एवं समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण 2023 के अनुसार कुल 47,090 परिवार ऐसे पाए गए है जो आवासहीन है और इनका नाम सर्वे सूची 2011 में नही है। मुख्यमंत्री ग्रामीण न्याय योजना के लिए का शत प्रतिशत राशि राज्य सरकार द्वारा आवास निर्माण के लिए दी जाएगी। वर्ष 2023-24 के बजट में राज्य सरकार ने इस योजना के लिए 100 करोड़ का बजट प्रावधान किया है।
4-मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा आज नवा रायपुर में आयोजित राजीव युवा मितान सम्मेलन में शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के हित में सीधी भर्ती के पदों पर 03 वर्ष की परिवीक्षा अवधि में प्रथम 3 वर्ष में क्रमशः वेतनमान के न्यूनतम का 70, 80 एवं 90 प्रतिशत स्टायपेण्ड दिये जाने के प्रावधान को समाप्त करने की बड़ी घोषणा की गई । जिसे मंत्रिपरिषद की बैठक में अनुमोदित किया गया।
5-डिप्लोमाधारी और डिग्रीधारी स्टाफ नर्सेस को दी गई 3 एवं 4 वार्षिक वेतन वृद्धि की वसूली पर आगामी आदेश तक रोक लगाए जाने का निर्णय लिया गया।
6-मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुपालन में सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के हित में एक बड़ा फैसला लिया गया। जिसके तहत मंत्रिपरिषद द्वारा राज्य सेवा परीक्षा नियम, 2008 में संशोधन का अनुमोदन किया गया।
7-जिसमें आयोग द्वारा राज्य सेवा परीक्षा संबंधी अंतिम चयन सूची जारी किए जाने के पश्चायत प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा तथा अंतिम चयन परिणाम की अंक सूचियां अभ्यर्थियों के ऑनलाइन एकाउन्ट उपलब्ध करायी जाएगी। राज्य सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा के परिणाम के साथ ही उक्त परीक्षा के विज्ञापित वर्ग एवं उपवर्गवार कट-ऑफ अंक जारी किए जाएंगे।
8=साक्षात्कार या व्यक्तित्व परीक्षण अब 150 अंक के स्थान पर 100 अंक का होगा।
9-गोधन न्याय योजना के तहत गोठानों से संबद्ध स्व-सहायता समूहों एवं प्राथमिक सहकारी समितियों को कम्पोस्ट विक्रय पर प्रोत्साहन (बोनस) राशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया। स्व सहायता समूहों को 8 जुलाई 2022 से 7 जुलाई 2023 तक प्रति किलोग्राम कम्पोस्ट विक्रय पर एक रूपए प्रति किलो प्रोत्साहन राशि के मान से कुल 12.32 करोड़ रूपए तथा प्राथमिक सहकारी समितियों को प्रति किलो 10 पैसे की दर से कुल 13.55 लाख रूपए प्रोत्साहन (बोनस) राशि दिए जाने का निर्णय लिया गया।
10-बांध सुरक्षा अधिनियम, 2021 में निहित प्रावधान के तहत् राज्य बांध सुरक्षा संगठन के लिए मुख्य अभियन्ता के पद सृजन की स्वीकृति प्रदान की गई।
11-भारत स्काउट गाईड जिला संघ रायपुर को प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना हेतु ग्राम माठ, जिला रायपुर में आवंटित शासकीय भूमि की निर्धारित प्रब्याजि या भू-भाटक को माफ कर निःशुल्क में आवंटन करने का निर्णय लिया गया।
12-छत्तीसगढ़ निषाद केवट समाज को शैक्षणिक (छात्रावास) तथा सामाजिक भवन के लिए ग्राम फुण्डहर, जिला रायपुर में आबंटित शासकीय भूमि की निर्धारित प्रब्याजि राशि में छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
13-कल्याण सेवा आश्रम, अमरकंटक द्वारा छत्तीसगढ़ में आदिवासी एवं पिछड़ा वर्ग के कल्याण हेतु संस्कार अध्ययन शाला, चिकित्सालय एवं गौशाला निर्माण हेतु श्रीमती सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा समिति जिला राजनांदगांव के स्वामित्व की भूमि को सशर्त आबंटित किए जाने का निर्णय लिया गया।
14- संस्था प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय अंबिकापुर जिला सरगुजा को अतिक्रमित शासकीय भूमि के व्यवस्थापन पर आवंटित नजूल भूमि की निर्धारित प्रब्याजि राशि में छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
15-छत्तीसगढ़ मोटरयान कराधान अधिनियम 1991 के द्वितीय अनुसूची के भाग- एक के स्पष्टीकरण में संशोधन प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
16- छत्तीसगढ़ वेतन पुनरीक्षण नियम, 2017 के अंतर्गत ग्रेड पे 8700 का वेतन मैट्रिक्स में तत्स्थानी लेवल 15 में कोष्टिकाएं निर्धारण हेतु गुणांक 2.57 को 2.67 करने का निर्णय लिया गया।
17-सेरीखेड़ी में मंत्रालयीन सेवा के अधिकारी एवं कर्मचारियों हेतु विशेष आवासीय योजना सेरीखेड़ी रायपुर में विकसित भूखण्डों के पात्रता में संशोधन का निर्णय लिया गया। योजना के लाभ की पात्रता सूची में न्यायिक सेवा श्रेणी के अधिकारी-कर्मचारियों सहित अन्य को शामिल किया गया है।
18-वर्ष 2023-24 की शेष अवधि के लिये सीलबंद बोतलों में देशी/विदेशी मदिरा प्रदाय व्यवस्था में संशोधन प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
19-मुख्यमंत्री द्वारा नगर पंचायत कोसीर, नगर पंचायत जरहागांव के गठन तथा नगर पंचायत माना-कैम्प को नगर पालिका में उन्नयन हेतु की गई घोषणा के संबंध में निर्धारित मापदण्ड में छूट प्रदान करने करने का निर्णय लिया गया।
20-नगरीय निकाय क्षेत्र में उद्योग विभाग द्वारा विकसित औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित औद्योगिक इकाईयों को संपत्ति कर में छूट दिये जाने का महत्वपूर्ण निर्णय मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया।
छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम का मिजाज, इन जगहों पर हुई झमाझम बारिश…
रायपुर : मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के बाद आने वाले दिनों में अब उत्तर छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश की उम्मीद की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 4 सितंबर से प्रदेश के बड़े हिस्से में मानसून के सक्रिय होने की संभावना है।
रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार समेत संभाग के अन्य जिलों में हल्के बादल रह सकते हैं. तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं बिलासपुर संभाग के जिलों में गर्मी और उमस का माहौल है । कुछ जगहों पर स्थानीय प्रभाव से हल्की बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है । कुछ स्थानों पर आज भी तेज गर्मी और उमस के हालात रहेंगे। आज दुर्ग जिले का मौसम शुष्क रहेगा, वहीं संभाग के बालोद, राजनांदगांव में तेज धूप रहेगी, बारिश की संभावना कम है। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में बादल पूरी तरह से छंट गए हैं, अब उमस और गर्मी परेशान कर सकती है । कुछ जगहों पर स्थानीय प्रभाव से हल्की बारिश हो सकती है. वहीं संभाग के अन्य जिलों में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश हो सकती है। सरगुजा संभाग के जिलों में मौसम शुष्क रहेगा बारिश की संभावना नहीं है, लोगों को गर्मी से राहत नही मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी द्रोणिका हिमालय की तराई में लगातार बनी हुई है। एक ऊपरी हवा का चक्रवात उत्तर- पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके असर से कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तापमान में बदलाव नहीं होगा लेकिन 4 सितंबर से अच्छी बारिश हो सकती है।
हड़ताल पर बैठे 568 स्वास्थ्य कर्मचारियों को किया गया बर्खास्त , मरीजों को हो रही थी परेशानी…
कांकेर : जिले से एक बड़ी ख़बर सामने आयी है। कलेक्टर ने 568 स्वास्थ्य कर्मियों को बर्खास्त कर दिया है। गौरतलब हो कि , जिले के संविदा स्वास्थ्यकर्मी अपनी मांगों को लेकर 21 अगस्त से हड़ताल पर थे।हड़ताल पर थे। जिसके कारण मरीजों को परेशानी हो रही थी। स्वास्थ्यकर्मीयों को दो बार नोटिस भेजने के बाद भी वे काम पर नहीं लौटे।
जिसके बाद कांकेर कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने यह बड़ी कार्यवाही की है। उन्होंने बताया कि ,स्वास्थ्य सेवा बेहद आवश्यक सेवा में से एक है। इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। जिले के बहुत से दूरस्थ अंचल है और इनमें स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही ठीक नहीं इसलिए यह कार्रवाई की गई है।
राजीव युवा मितान सम्मेलन में राहुल गांधी ने की छत्तीसगढ़ सरकार की तारीफ, पीएम मोदी पर साधा निशाना, कहा- भाजपा जहां नफरत फैलाएगी हम वहां मोहब्बत का पैगाम देंगे
रायपुर। राहुल गांधी आज छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। रायपुर पहुंचने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एयरपोर्ट पहुंचकर स्वागत किया। राहुल गांधी ने नवा रायपुर में ‘राजीव युवा मितान सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासी मतलब हिंदुस्तान के मालिक हैं। जल, जंगल जमीन पर उनका हक है।

राहुल गांधी ने केन्द्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार चाहती है कि आप आगे न बढ़ें। हम चाहते हैं कि जल, जंगल, जमीन सब आपको मिले। मणिपुर समेत जहां भी बीजेपी नफरत फैलाएगी हम वहां मोहब्बत का पैगाम देंगे। हम किसान, मजदूरों के लिए काम करते हैं, वो दो चार उद्योगपतियों के लिए काम करते हैं।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि हम छोटे उद्योगपतियों के लिए भी काम करते हैं, प्रदेश में हजारों बिजनेस खुलेंगे छत्तीसगढ़ बिजनेस का सेंटर है। इसके लिए हमें और काम करना है। छत्तीसगढ़ के प्रोडक्ट पूरी दुनिया में पहुंचे जीएसटी, नोटबंदी को खत्म कर दिया।
राहुल गांधी ने कॉफी टेबल बुक “वायदे से ज्यादा” का किया विमोचन
रायपुर। राजीव युवा मितान सम्मेलन में पहुंचे सांसद राहुल गांधी ने कार्यक्रम के दौरान कॉफी टेबल बुक “वायदे से ज्यादा” का विमोचन किया। साथ ही राहुल गांधी ने सीधी भर्ती से नियुक्त 2000 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये। कार्यक्रम में बस्तर व सरगुजा संभाग में नियुक्त 20 शिक्षकों को प्रतीक स्वरूप नियुक्ति पत्र प्रदान किया। वही राजीव युवा मितान क्लब में बेहतर काम करने वाले 5 क्लबों को शाल और श्रीफल देकर समान्नित किया गया।
गौरतलब है कि राज्य गठन के बाद पहली बार शिक्षकों की सीधी भर्ती की गई है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा मार्च 2019 में व्याख्याता शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के 14580 पदों पर सीधी भर्ती हेतु विज्ञापन जारी किया गया था। विज्ञापित पदों के विरुद्ध 10834 अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है।
वर्तमान में बस्तर व सरगुजा संभाग के लिए 12489 व्याख्याता, शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के पदों में सीधी भर्ती हेतु विज्ञापन जारी किया गया। व्याख्याता की नियुक्ति के पश्चात मुख्यमंत्री निवास में 12 अगस्त 2023 को 232 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया था। इसी प्रकार शिक्षकों के विज्ञापित 5772 पदों में से 3449 पदों के लिए अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किया जा रहा है। इनमें से 2000 अभ्यर्थियों को आज एक साथ नया रायपुर स्थित राजीव युवा मितान सम्मेलन में नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।

राजीव युवा मितान सम्मेलन में सीएम ने की बड़ी घोषणा, 12-15 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार
रायपुर। राजीव युवा मितान सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरोना की वजह से राज्य सरकार द्वारा नौकरी में की गई 70-80-90 प्रतिशत स्टाइपेंड की व्यवस्था की तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की घोषणा की। इसी के साथ ही नई नियुक्तियों में भी इसके प्रभावशील होने की बात कही। उन्होंने आने वाले सालों में 12 से 15 लाख लोगों के रोजगार की व्यवस्था करने का वादा भी इस दौरान किया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम के दौरान सवाल करते हुए पुछा कि आप जानते हैं कि छत्तीसगढ़ में छापा क्यों पड़ रहा है, क्योंकि लोहा खदान उनके हाथों में नहीं जाने दिया, कोयला खदान पर गिद्ध उनकी निगाहें हैं. अडानी और खदान के बीच कोई खड़ा है तो कांग्रेस पार्टी है, और कांग्रेस की सरकार खड़ी है. छत्तीसगढ़ को लूटने नहीं देना है। छत्तीसगढ़ की संपदा आपकी संपदा है। इसके खजाने की राशि किसानों में, मजदूरों में, युवाओं में, महिलाओं में बंटना चाहिए, न कि हमारे साहब के मित्रों में.
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता को ताकतवर बनाने का काम करती है, उसे अधिकार संपन्न बनाने का काम करती है। चाहे वह नेहरु की सरकार हो, चाहे वह मनमोहन सिंह सरकार हो. यह जो (केंद्र) सरकार है, वह अडानी के लिए काम करती है। कांग्रेस को वोट दोगे तो गरीबों का भला होगा, किसानों की उन्नति होगी, नौजवानों को भविष्य सुधरेगा, महिलाओं को सम्मान मिलेगा, व्यापार फलेंगे-फूलेंगे। लेकिन कमल पर बटन दबा तो उधर वीवी पेड में अडानी निकलेगा।
BREAKING : राजीव युवा मितान सम्मलेन में शामिल हुए राहुल गाँधी ,10 हज़ार शिक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र
रायपुर। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज नवा रायपुर के दौरे पर रहे। जहाँ उन्होंने युवा सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन में पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंच पर उनका स्वागत किया। और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र में माल्यार्पण के बाद राजगीत अरपा पैरी की धार के साथ कार्यक्रम की शुरूआत हुई । सम्मलेन में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सीधी शिक्षक भर्ती के अंतर्गत नवनियुक्त 10,834 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया गया । विदित हो कि, प्रदेश में कुछ महीने बाद विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। वही भाजपा ने 21 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। ऐसे में राहुल गांधी के दौरे के बाद कयास लगाए जा रहें हैं कि , कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी हो सकती है। नवा रायपुर के मेला ग्राउंड में हुए राजीव युवा मितान किसान सम्मेलन में राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र में माल्यार्पण किया। सम्मलेन मे पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा, छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पंचायत मंत्री रविन्द्र चौबे, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, सांसद दीपक बैज, और सीएसआईडीसी ( CSIDC ) के अध्यक्ष नंदकुमार साय उपस्थित रहें।
किसने क्या कहा !
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री प्रदीप शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया। तो वही उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि,आज छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए कोई कार्य ऐसा नहीं है जो वो नहीं कर सकते। छत्तीसगढ़ सरकार ने अपना हर किया हुआ वादा निभाया हैं । राजीव युवा मितान क्लब के जरिए आज युवाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यों से जोड़ा गया है। आज हर युवा प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे रहा है।कार्यक्रम में सांसद दीपक बैज ने कहा कि, आज हम सबके लिए गौरव का दिन है। आज सांसद राहुल गांधी जी युवाओं का मार्गदर्शन और उनमें जोश भरने के लिए यहां आए हैं। राजीव युवा मितान क्लब से जुड़कर छत्तीसगढ़ के युवा यहां की संस्कृति, परंपराओं और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। आज सरगुजा से बस्तर तक विकास की धारा बह रही है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ के हर संभाग से आए राजीव युवा मितान क्लब के पांच-पांच सदस्यों का सम्मान शॉल और श्रीफल से किया । वहीं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा नवनियुक्त शिक्षकों को राहुल गांधी द्वारा नियुक्ति पत्र भी दिया गया।
यहाँ देखें – राजीव युवा मितान सम्मलेन नवा रायपुर से लाइव …
BREAKING : नहाने के दौरान कुएं में डूबने से 3 बच्चियों की मौत, गांव में पसरा मातम
अंबिकापुर । छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आ रही है। यहाँ बकना कला कुंदी गांव में 3 बच्चियों की कुएं में डूबने से मौत हो गई है। तीनों बच्चियां नहाने के लिए पहुंची थी। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है और शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है। यह मामला लुंड्रा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, आज सुबह बकना कला की तीन बच्चियां उम्र 6, 9 और 14 वर्षिय नहाने के लिए कुंदी बांध के समीप बने छोटे कुएं में नहाने के लिए पहुंची थी। इस दौरान तीनों गहरे पानी में डूबने लगी। इधर काफी देर तक तीनों घर नहीं पहुंची तो परिजन तलाश करते हुए कुएं पर पहुंचे। यहां पर तीनों बच्चियों की लाश पानी में तैर रही थी। सुचना पर लुण्ड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों बालिकाओं के शव को पानी से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। गांव में एक साथ तीन बच्चों की मौत के बाद से मातम पसरा हुआ है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल मामले की जांच पुलिस कर रही है।
BREAKING : रायपुर पहुंचे राहुल गांधी, सीएम बघेल ने किया आत्मीय स्वागत, राजीव युवा मितान सम्मेलन कार्यक्रम के लिए हुए रवाना
रायपुर: राजीव युवा मितान सम्मेलन में शामिल होने राहुल गांधी रायपुर पहुंच चुके है। सांसद राहुल गांधी का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर पहुंचने पर पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत किया। सांसद राहुल गांधी राजधानी रायपुर में आयोजित राजीव युवा मितान सम्मेलन में शामिल होने विवेकानंद विमानतल से मेला ग्राउण्ड, कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गए है।

कुछ देर में वे नवा रायपुर के मेला ग्राउंड में राजीव युवा मितान किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के साथ सीनियर ऑब्जर्वर प्रीतम सिंह, सह प्रभारी विजय जांगिड़ समेत कई नेता मौजूद रहेंगे।
BREAKING : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भूपेश सरकार के खिलाफ 104 पन्ने का आरोप पत्र किया जारी
रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे का आज दूसरा दिन है। अमित शाह आज भाजपा का आरोप पत्र जारी करेंगे। आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑटोडोरियम में भाजपा का आरोप पत्र जारी कर रहे हैं। 20 साल बाद बीजेपी आरोप पत्र जारी कर रही है।
भाजपा का आरोप पत्र छत्तीसगढ़ी में लिखा है। कांग्रेस के पांच बछर, छत्तीसगढ़ होगे तितर बितर। आपको बता दें कि भाजपा ने 104 पन्ने का आरोप पत्र जारी किया है। जिसमें अटल बिहारी के संदेशों को भी शामिल किया गया। इसके अलावा भाजपा ने कांग्रेस के घोषणा पत्र के कई बिंदुओं की पोल खोली है। साथ ही कांग्रेस की प्रमुख योजनाओं पर सवाल उठाया। वहीं नक्सल घटनाओं के जरिए सरकार पर टारगेट किलिंग का आरोप भी आरोप लगाया।
आरोप पत्र के मुख्य बिंदू –
???? जंगल में वन्य प्राणियों के तस्करों का साम्राज्य ,
???? मानव हाथी के बीच संघर्ष में भ्रष्टाचार
???? निर्माण कार्य ठप्प
???? अभिवक्ति का गला घोंटने वाली कांग्रेस
???? नक्सल घटना के बहाने टारगेट किलिंग का आरोप
???? सहायक शिक्षकों का दमन करने वाली सरकार
???? उद्योगों के साथ केवल कागजों में हो रहे MOU
छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 16 ट्रेनें कैंसिल, 3 से 13 सितंबर तक नहीं चलेंगी गाड़ियां
रायपुर। छत्तीसगढ़ से होकर चलने वाली ट्रेनों को एक बार फिर कैंसिल कर दिया गया है। रेलवे बोर्ड ने डेवलपमेंट और मेंटेनेंस के चलते फिर से 16 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया हैं। ये गाड़ियां 3 से 12 सितंबर तक नहीं चलेंगी।
डेलवपमेंट और मेंटेनेंस के नाम पर 16 ट्रेनें कैंसिल
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कई सेक्शनों में गतिशीलता के उन्नयन, समय की पाबंदी और चल रहे विभिन्न सुरक्षा संबंधी रखरखाव कार्यों के लिए कुछ गाड़ियों का परिचालन प्रभावित रहेगा। इस काम के चलते रेलवे ने 16 ट्रेनों को तीन से 13 सितंबर तक कैंसिल कर दिया है।
रद्द होने वाली गाड़ियां
3 सितम्बर से 12 सितम्बर तक रायपुर से चलने वाली 08746 रायपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
4 सितम्बर से 13 सितम्बर तक गेवरा रोड से चलने वाली 08745 गेवरा रोड-रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
9 सितम्बर से 12 सितम्बर तक बिलासपुर एवं शहडोल से चलने वाली 08740/08739 बिलासपुर–शहडोल –बिलासपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
3 सितम्बर से 12 सितम्बर 2023 तक रायपुर से चलने वाली 08729 रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
4 सितम्बर से 13 सितम्बर तक डोंगरगढ़ से चलने वाली 08730 डोंगरगढ़-रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
3 सितम्बर से 12 सितम्बर तक रायपुर एवं दुर्ग से चलने वाली 08701/08702 रायपुर-दुर्ग-रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
3 सितम्बर से 12 सितम्बर तक इतवारी एवं बालाघाट से चलने वाली 08714/08715 इतवारी-बालाघाट-इतवारी मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
3 सितम्बर से 12 सितम्बर तक गोंदिया एवं कटंगी से चलने वाली 07805/07806 गोंदिया-कटंगी-गोंदिया डेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
3 सितम्बर से 12 सितम्बर तक गोंदिया से चलने वाली 07809 गोंदिया-कटंगी पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
4 सितम्बर से 13 सितम्बर तक कटंगी से चलने वाली 07810 कटंगी-गोंदिया पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
3 सितम्बर से 12 सितम्बर तक गोंदिया से चलने वाली 08806 गोंदिया-वाडसा मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
4 सितम्बर से 13 सितम्बर तक वाडसा से चलने वाली 08808 वाडसा-चांदाफ़ोर्ट मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
4 सितम्बर से 13 सितम्बर 2023 तक चांदाफ़ोर्ट से चलने वाली 08805 चांदाफ़ोर्ट-गोंदिया मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
3 सितम्बर से 12 सितम्बर तक रायपुर से चलने वाली 08721 रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
3 सितम्बर से 12 सितम्बर तक डोंगरगढ़ से चलने वाली 08723 डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
4 सितम्बर से 13 सितम्बर तक गोंदिया से चलने वाली 08724 गोंदिया-रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
आज का कार्यक्रम : मुख्यमंत्री बघेल ‘‘राजीव युवा मितान सम्मेलन’’ और कैबिनेट की बैठक में होंगे शामिल, हो सकते हैं कई बड़े फैसले
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज नवा रायपुर स्थित मेला ग्राउंड में दोपहर 2.00 बजे ‘‘राजीव युवा मितान सम्मेलन’’ में शामिल होंगे।मुख्यमंत्री इसके पहले दोपहर 1.40 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचकर लोकसभा सांसद राहुल गांधी की अगवानी करेंगे और उनके साथ नवा रायपुर के मेला ग्राउंड आएंगे। यहां राजीव युवा मितान सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री शाम 5.10 बजे लोकसभा सांसद राहुल गांधी को बिदाई देंगे।
मुख्यमंत्री बघेल शाम 6.00 बजे अपने निवास कार्यालय में आयोजित कैबिनेट की बैठक में शामिल होंगे।
राष्ट्रपति मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के प्रवास को बताया सुखद, राजभवन की विजिटर बुक में व्यक्त की अपनी भावनाएं
रायपुर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने छत्तीसगढ़ प्रवास को सुखद बताया, राजभवन में मिले आतिथ्य को अत्यन्त सराहा और छत्तीसगढ़ की जनता को शुभकामनाएं दीं। मुर्मु ने आज यहां राजभवन से प्रस्थान के पूर्व यहां के विजिटर बुक में अपनी भावनाओं को शब्द दिए।विजिटर बुक में उनके द्वारा लिखित पाठ इस प्रकार है-
‘‘छत्तीसगढ़ की मेरी पहली यात्रा की सुखद स्मृतियां मेरे मानस पटल पर सदैव अंकित रहेंगी । राजभवन में मिले आतिथ्य से मेरा यह प्रवास मेरे लिए और भी अधिक स्मरणीय हो गया है। इसके लिए मैं राज्यपाल हरिचंदन जी को धन्यवाद देती हूं तथा राजभवन की टीम के सदस्यों की सराहना करती हूं। मैं छत्तीसगढ़ की जनता के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करती हूं।‘‘
आज राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा, नवा रायपुर में युवा सम्मेलन को करेंगे संबोधित
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज छत्तीसगढ़ में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। छत्तीसगढ़ में इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह पहली बार है जब विरोधी दल के दो वरिष्ठ नेताओं का कार्यक्रम एक ही दिन है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रायपुर और महासमुंद जिले के सरायपाली में सभा को संबोधित करेंगे, वहीं राहुल गांधी नवा रायपुर में राजीव युवा मितान क्लब के एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को दोपहर दो बजे राज्योत्सव मेला स्थल पर राज्य के खेल और युवा कल्याण विभाग के तहत गठित राजीव युवा मितान क्लब के राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद रहेंगे। नए मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों से अवगत कराएंगे। राज्य में कांग्रेस और विपक्ष दोनों की नजर युवा मतदाताओं पर है। छत्तीसगढ़ सरकार के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में 48 लाख युवा मतदाता हैं और इनमें से 4.43 लाख पहली बार मतदाता बने हैं।
2018 में कांग्रेस को मिली थी जीत
राज्य में वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कुल 90 सीटों में से 68 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को 15 सीटें मिली थी। राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जेसीसी (जे) को पांच तथा उसकी सहयोगी बसपा को दो सीटें मिली थी। कांग्रेस के पास वर्तमान में 71 सदस्य हैं।
देश के दूसरे सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बने भूपेश बघेल, इतने प्रतिशत लोगों ने सराहा काम....
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की लोकप्रियता में और इजाफा हुआ है। वह देश के सर्वाधिक लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों में दूसरे स्थान पर है। सर्वे में 59.1 प्रतिशत लोगों ने उनके कामकाज पर संतुष्टि जताई है। यह सर्वेक्षण रिपोर्ट एक मीडिया ग्रुप ने हाल ही में प्रकाशित की है। इसके तहत देश भर में आम नागरिकों से मुख्यमंत्रियों के कामकाज के संबंध में किये गये सर्वे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की लोकप्रियता में और इजाफा हुआ है।
इंडिया टूडे समूह द्वारा देश भर में आम नागरिकों से मुख्यमंत्रियों के कामकाज के संबंध में किये गये सर्वे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की लोकप्रियता में और इजाफा हुआ है। उनकी सरकार के कामकाज पर 59.1 प्रतिशत लोगों ने भरोसा जताया है। इंडिया टूडे द्वारा मुख्यमंत्रियों की लोकप्रियता के लिए जनवरी 2023 में कराए गए सर्वे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कामकाज पर 55.7 प्रतिशत लोगों ने संतुष्टि जताई थी।
इसके पूर्व वर्ष में हुए सर्वे में 53.3 प्रतिशत ने मुख्यमंत्री बघेल के कामकाज को सराहा था। इंडिया टूडे के सर्वे में लोकप्रियता के मामले में ओडिशा के मुख्यमंत्री पहले स्थान पर, दिल्ली के मुख्यमंत्री तीसरे स्थान पर हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री चौथे, असम के मुख्यमंत्री पांचवे स्थान पर हैं।