छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ के इन तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से मानसून एक्टिव हो गया है। बीते दो दिनों से राजधानी रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार और आसपास के जिलों समेत उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में कई जगहों पर भारी बारिश के आसार हैं।
गुरुवार को रायपुर में दिनभर उमस भरा माहौल रहा और शाम को हल्की बारिश हुई। रात में बलौदाबाजार, बस्तर, बेमेतरा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर और सुकमा जिले के अलग-अलग जगहों पर बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकांश समय बादल छाए रह सकते हैं।शाम या देर रात को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
वहीं राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में बरसात की संभावना है। रायपुर मौसम विज्ञान केन्द्र ने मानसून एक्टिविटी को लेकर कहा कि मानसूनी द्रोणिका का पश्चिमी छोर सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर है और अगले 6-7 दिनों तक स्थिति बरकरार रह सकती है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम उत्तर प्रदेश के उपर 7.6 किमी तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश के आसार है।
आई फ्लू का कहर, बाल आश्रम के 39 बच्चे आये चपेट में, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप…
धमतरी। छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश भर में इस समय आई फ्लू तेजी से लोगों में फ़ैल रहा है। छोटे बच्चों से लेकर बड़े बुजुर्ग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। वहीँ एक घबराने वाली खबर सामने आ रही है जहां धमतरी जिले के बालक आश्रम में 39 बच्चे आई फ्लू की चपेट में आ गए हैं। करैहा,नयापारा बालक आश्रम के 39 बच्चों को आई फ्लू हो गया है जिनका चैकअप कर सभी को आईड्राप दिया गया है।
बताया जा रहा है कि छात्रावास में कुल 56 बच्चे है जिनमें से 39 बच्चे आई फ्लू के चपेट में है। अधीक्षक ने बताया कि जब बच्चों के पैरेंट्स को इस बात की जानकारी हुई तो ,कुछ पालक आश्रम पहुँचकर कुछ बच्चों को साथ ले गये। वहीं इस मामले में हेल्थ अधिकारी पूर्वा देवांगन ने बताया कि 39 बच्चों को आई फ्लू जैसा लक्षण है आँखें लाल हो गयी है सभी का चेकअप कर आई ड्रॉप दिया गया है। वहीं जिन बच्चों को नहीं हुआ है उनको एहतियातन के तौर पर अलग रखने को कहा गया है।
सांप काटने से महिला की मौत, बिस्तर पर बैठा मिला करैत सांप
बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में सांप काटने से एक महिला की मौत हो गई। महिला का पति जब घर लौटा तो उसका शव बिस्तर पर पड़ा मिला। मामला करौंधा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत कमलापुर के खखसीपारा की रहने वाली सुगंती बाई (34) ने बुधवार की रात लरंगसाय पति और बच्चे के साथ खाना खाया और फिर तीनों सो गए। गुरुवार सुबह 6 बजे पति अपनी पत्नी और बेटे को सोता हुआ छोड़कर खेत में काम करने के लिए चला गया। जब दोपहर में वो खाना खाने के लिए घर वापस लौटा, तो बेटा आंगन में रोता हुआ मिला।
पति अंदर कमरे में गया, तो पत्नी की लाश बिस्तर पर पड़ी थी। पति ने जैसे ही बिस्तर हटाया, तो उस पर करैत सांप बैठा हुआ दिखाई दिया। पति ने पड़ोसियों को बुलाया और सांप को मार डाला। इसके बाद पति ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर ने बताया कि महिला की मौत सांप काटने से हुई है।
निर्वाचन कार्यालय बालोद में पदस्थ सहायक ग्रेड 2 रिपुसूदन कोसमा बर्खास्त
रायपुर । छत्तीसगढ़ में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। छत्तीसगढ़ में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने भी कमर कस ली है। इस दौरान निवार्चन आयोग के अधिकारियों द्वारा चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा भी की जा रही है और निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ शख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नया रायपुर के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन कार्यालय बालोद में पदस्थ सहायक ग्रेड 02 रिपुसूदन कोसमा 23 जून 2018 से निरंतर अपने कार्य से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के कारण शासकीय सेवा से पदच्युत किया गया है।
सहायक ग्रेड 02 रिपुसूदन कोसमा के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित किया गया एवं विभागीय जांच प्रतिवेदन अनुसार अधिरोपित आरोप क्रमांक 01 एवं 02 सिद्ध होना पाया गया है। रिपुसूदन कोसमा के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने हेतु अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी किया परंतु उनके द्वारा किसी प्रकार का कोई प्रतित्युत्तर नहीं दिया गया। सहायक ग्रेड 02 रिपुसूदन कोसमा शासकीय सेवा नहीं किया जाना परिलक्षित हो रहा है तथा अधिरोपित आरोप क्रमांक 01 एवं 02 मौन स्वीकृति माना जाता है। सहायक ग्रेड 02 रिपुसूदन कोसमा को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 10(8) के तहत दिनांक 14 अगस्त 2023 से शासकीय सेवा से पदच्युत का दण्ड दिया जाता है।
शिक्षा विभाग में बड़ा घोटालाः अधिकारियों द्वारा अपने चहेतों की मनपसंद स्कूल में की गई नियुक्ति, DEO की भूमिका संदेह के घेरे में
महासमुंद। एक ओर जहां प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए लगातार प्रयास जारी है और कई तरह की योजनाएं भी संचालित की जा रही है। वहीं दूसरी ओर शिक्षा विभाग के आला अधिकारी शासन के नियमों को दर किनार करते हुए अपना खुद का नियम चलाते हुए एक स्कूल में दो – दो प्रधान पाठक की नियुक्ति कर दे रहे हैं और ऊपर से नीचे तक मिले अधिकारी गलत होना जानते हुए भी नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए गलत आदेश का क्रियान्वयन करा कर अपने आप को पाक साफ बता रहे हैं।
महासमुंद मुख्यालय से 12 किमी दूर स्थित शासकीय प्राथमिक कन्या शाला तुमगांव है. जहां कक्षा पहली से लेकर पाचंवी तक के 86 छात्र – छात्राएं पढ़ाई करते हैं । इन बच्चों को पढ़ाने के लिए शासन ने बकायदा एक प्रधान पाठक व तीन सहायक शिक्षक पदस्थ कर रखा है । यहा की प्रधान पाठक करमता भांडेकर की नियुक्ति वर्ष 1998 मे हुई है और ये मई 2024 में सेवानिवृत्त होंगी पर शिक्षा विभाग के आला अधिकारी नियमों को दर किनार करते हुए अपने चहेतो को लाभ देते हुए जून 2023 को परसराम साहू को दूसरे प्रधान पाठक के रूप में पदस्थ कर दिया और परसराम साहू ज्वाइन कर अपनी सेवा देने के साथ बकायदा वेतन भी ले रहे है । शासन के नियमानुसार एक स्कूल में दो प्रधान पाठक की नियुक्ति नहीं की जा सकती। पहले से प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ प्रधानपाठिका गलत मानते हुए अधिकारी के आदेशों का पालन करने की बात कह रही है ।
प्रधान पाठक करमता भांडेकर
इस पूरे मामले में नये प्रधान पाठक का सैलरी निकालने वाले ब्लाक शिक्षा कार्यालय के लेखापाल कमलेश चन्द्राकर का कहना है कि नियम के अनुसार नियुक्ति नहीं की जा सकती और न ही सैलरी वहां से निकाली जा सकती है । लेकिन अधिकारी का आदेश है तो पालन किया जा रहा है। दूसरे नव नियुक्त प्रधान पाठक परसराम साहू का कहना है कि ऐसा आदेश मेरा ही नहीं और लोगों का भी हुआ है। सेवानिवृत्त के प्रत्याशा में किया गया है।
नव नियुक्त प्रधान पाठक परसराम साहू
शिक्षा विभाग ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है कि जिसे सोच कर किसी को भी हैरान कर सकता है. दरअसल महासमुंद विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा ने आनन-फानन में जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश जारी होने के एक सप्ताह पहले 23 जून 2023 को जिला शिक्षा अधिकारी के हवाले से पदोन्नत परसराम साहू को बागबाहरा विकासखंड के खम्हारमुडा शासकीय प्राथमिक शाला से तुमगांव के शासकीय प्राथमिक कन्या शाला के लिए प्रधान पाठक का कार्यभार ग्रहण करने का आदेश जारी कर दिया था। जबकि जिला शिक्षा अधिकारी ने 30 जून 2023 को बागबाहरा विकासखंड खम्हारमुडा से सरायपाली विकासखंड चारभाठा के शासकीय प्राथमिक शाला में पदांकित का आदेश जारी किया था ।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा
फिर उसी आदेश को जिला शिक्षा अधिकारी ने संशोधित आदेश जारी कर प्रधान पाठक परसराम साहू को तुमगांव शासकीय प्राथमिक कन्या शाला में नियुक्त कर दिया था । जहां ब्लाक शिक्षा अधिकारी उपर के आदेश का पालन करने की बात कह रहे हैं। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी मीता मुखर्जी मीडिया से इस विषय में बात करने से बच रही है।
जिला शिक्षा अधिकारी मिता मुखर्जी
गौरतलब है कि शिक्षा विभाग में ये कोई पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी अपने चहेतो को नियमों के विरुद्ध उपकृत करने का खेला जाता रहा है । देखना होगा कि ये मामला उजागर होने के बाद आखिर क्या कार्रवाई होती है।
रायपुर आ रही फ्लाइट में आई खराबी, लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग
रायपुर । फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी के चलते गुरुवार शाम को दिल्ली से रायपुर आने वाली उड़ान लखनऊ डाइवर्ट हो गई।
विमानन अधिकारियों के अनुसार इस फ्लाइट में तकनीकी खराबी के चलते इस उड़ान की इमरजेंसी लैंडिंग लखनऊ में करानी पड़ी।
विमानन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फ्लाइट नंबर 6ई 859 गुरुवार शाम को दिल्ली से रायपुर के लिए उडान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही फ्लाइट में तकनीकी खराबी आ गई
एटीसी से संपर्क करने के बाद इस फ्लाइट को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। फ्लाइट में सवार सभी यात्री सकुशल है। हालांकि इमरजेंसी लैंडिंग की बात पता चलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
बताया जा रहा है कि इस फ्लाइट में 100 से अधिक यात्री सवार थे। यह फ्लाइट दिल्ली से शाम 6.40 बजे उड़ान भरी और रात आठ बजे इसे रायपुर विमानतल पहुंचना था। लखनऊ एयरपोर्ट में लैंडिंग होते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली। घटना की जानकारी मिलते यात्रियों के परिचित भी एक दूसरे से संपर्क करने में लगे रहे।
छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद की वार्षिक आमसभा आयोजित
रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद रायपुर की वार्षिक आमसभा आयोजित किया गया।
सदस्यों व पदाधिकारियों की उपस्थिति में संयुक्त सचिव राजेन्द्र निगम ने अध्यक्षता हेतु वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रेश शाह का नाम प्रस्तावित किया एवं संयुक्त सचिव प्रकाश अग्रवाल ने समर्थन किया।
सीएम बघेल ने प्रियंका गांधी से दिल्ली में की भेंट
रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से दिल्ली में भेंट की।
बघेल ने अपने ट्वीट में जानकारी दी कि "हमारी नेता, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जी से आज मुलाकात हुई। देश, प्रदेश की राजनीति, आगे की रणनीति सहित कई मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।"
उल्लेखनीय है कि सीएम बघेल दिल्ली प्रवास पर है।
मंत्री अकबर के जन्मदिन पर बधाई देने उमड़ा जनसैलाब
रायपुर छत्तीसगढ़ के कद्दावार कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर को गुरूवार को उनके जन्म दिन पर बधाई देने सरकारी आवास पर उनके समर्थकों व शुभचिंतकों का जन सैलाब उमड़ पड़ा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंत्री अकबर के दीर्घायू होने की कामना करते हुए भी बधाई दी।
मंत्री के सरल और सौम्य स्वभाव के चलते पूरे प्रदेश भर से उनके समर्थक उनके दीर्घायु के लिए प्रार्थना करते हुए उन्हें जन्म दिन की शुभकामनाएं दे देने देर रात उनके सरकार आवास में मजमा लगा रहा।
विज़न न्यूज़ सर्विस के सम्पादक आशीष तिवारी, रायपुर निगम सभापति प्रमोद दुबे, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य अनिल जैन, बबलू गुप्ता, प्रवीण मेश्राम, रवि तिवारी, राजकुमार दुबे, पीसीसीएफ श्रीनिवास राव व सैकड़ों अधिकारी-कर्मचारी सहित मंत्री अकबर के विधानसभा क्षेत्र कवर्धा और प्रदेश भर के हज़ारों समर्थकों और नागरिकों ने पुष्पगुच्छ भेट कर उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
आगामी विधानसभा निर्वाचन में मतदाता प्रलोभन पर करें कड़ी कार्यवाही- मुख्य निर्वाचन आयुक्त
रायपुर/ भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने आज एनफोर्समेट एजेंसियों की बैठक में आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की तथा एनफोर्समेंट एजेंसियों के अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन हेतु समस्त आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा निर्वाचन में मतदाता प्रलोभन पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के समस्त दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए।भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय, निर्वाचन आयुक्त अरूण गोयल, भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त हृदेश कुमार, वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त धर्मेन्द्र शर्मा और नितेश व्यास, उप निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार साहू और आर.के. गुप्ता, उप निर्वाचन आयुक्त अजय भादू, महानिदेशक बी नारायणन, निदेशक यशवेंद्र सिंह, निदेशक (आई टी) अशोक कुमार, वरिष्ठ प्रधान सचिव एन.एन. बुटोलिया, प्रधान सचिव एस.बी. जोशी, संयुक्त निदेशक अनुज चांडक और अवर सचिव रितेश सिंह ने बैठक में विस्तार से विधानसभा निर्वाचन 2023 की तैयारियों की समीक्षा की।बैठक में अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन में आने वाली बाधाओं को दूर करने तथा धनबल का दुरुपयोग न हो, यह पूर्णतः सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस, आयकर, आबकारी, वन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, डी आर आई, परिवहन विभाग, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, रिजर्व बैंक, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, सी जी एस टी, एस जी एस टी, डाक विभाग, उड्डयन विभाग, प्रवर्तन निदेशालय, भारतीय रेलवे, ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन अथारिटी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
इसके पश्चात मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने बैठक में विधानसभा निर्वाचन 2023 की तैयारियों के संबंध में विस्तार से आयोग को अवगत कराया।साथ ही नोडल अधिकारी पुलिस श्री ओ पी पाल ने विधानसभा निर्वाचन 2023 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों के संबंध में आयोग को अवगत कराया।
छत्तीसगढ़ में ED के जितने छापे पड़ेंगे, उतनी ही घटेंगी BJP की सीटें : भूपेश बघेल
CM Baghel PC : छत्तीसगढ़ में ED के बढ़ते जा रहे छापों के बीच सीएम भूपेश बघेल ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। सीएम बघेल ने इसको लेकर दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान सीएम बघेल ने कहा कि उनकी सरकार को बदनाम करने की साजिश की जा रही है और जितने छापे पड़ेंगे, चुनाव में उसकी (बीजेपी) सीटें उतनी ही घटेंगी।
‘सरकार को बदनाम करने की साजिश’
सीएम बघेल ने कहा, ” छत्तीसगढ़ में यही कोशिश हो रही है कि सरकार को किस तरह से दबाया जाए और बदनाम किया जाए। चाहे राजनेता हो या कार्यकर्ता हो या पार्टी का पदाधिकारी हो, अधिकारी या कर्मचारी हों। ये सिलसिला जुलाई 2020 से शुरू हुआ है, झारखंड चुनाव में पूरी तरह से मात खाने के बाद बीजेपी ने इसकी शुरुआत की। आईटी ने रेड डाला, शराब घोटाला के नाम से प्रचारित किया गया। शराब घोटाला में 2019 और 2020 की कैग की रिपोर्ट आई और उसी के आधार पर उन्होंने जांच की।”
‘जिसने होलोग्राम लगाए, उस पर हो कार्रवाई’
सीएम बघेल ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा, ”वे फिर ढाई साल चुप रहे। चुनाव जैसे आने वाले हैं, ईडी सक्रिय हो गई, जबकि हमने सारे कागजात ईडी को सौंप दिए थे। फिर उन्हीं लोगों को बुलाते हैं और कहा जाता है कि 2168 करोड़ के घोटाले हुए हैं। इसमें ये भी कहा गया कि नकली होलोग्राम का प्रयोग किया गया, लेकिन सबसे मजेदार बात यह है कि अगर नकली होलोग्राम का इस्तेमाल हुआ तो यह तो डिस्टलर ही करेगा, उसी की फैक्ट्री में होगा, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।”
‘हमारे कार्यकाल में बढ़ गया आबकारी राजस्व’
सीएम बघेल ने आगे कहा, ”2168 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया गया। 2018 के पहले की चल और अचल संपत्ति जब्त की गई लेकिन वह भी 200 करोड़ के पार नहीं हो पाई। 2018 से पहले आबकारी विभाग का रेवेन्यू 3900 करोड़ था और हमारी सरकार आने के बाद रेवेन्यू 6500 करोड़ रुपये हो गया है। ईडी ने कहा कि राज्य के खजाने को नुकसान पहुंचाया गया। जबकि रेवेन्यू 3900 करोड़ से बढ़कर 6500 करोड़ हो गया।”
कोयला घोटाले पर यह बोले बघेल
भूपेश बघेल ने कहा कि 500 करोड़ रुपये के कोयला घोटाले का आरोप लगाया गया है। कर्नाटक, भोपाल और नोए़डा में एफआईआर दर्ज हुए। उसके बाद जांच एजेंसी चार बार सप्लीमेंट्री चालान पेश कर चुकी है, लेकिन अब तक जांच में चल और अचल संपत्ति 150 करोड़ ही पहुंच पाई है जबकि घोटाला 500 करोड़ का बताया था।
‘पूछे जाते हैं राजनीतिक सवाल’
भूपेश बघेल ने कहा कि ये घरों में जाते हैं मोबाइल जब्त करते हैं। संपत्ति और खाते सीज करते हैं। 5-6 दिन तक घर में बंधक बनाए रखते हैं। ये बस बैठे रहेंगे सवाल इनके पास होते नहीं हैं। जब तक ऊपर से ऑर्डर नहीं आता खाली नहीं करते फिर राजनीतिक सवाल पूछते हैं।
कल मेरे राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा के यहां पहुंच गए, Osd के यहां पहुंच गए, मिला कुछ नहीं। पहले IT ने छापा डाला फिर ED घुसी और अब कोर्ट में अर्जी लगाते हैं कि इन्हीं केस में सीबीआई जांच हो। उद्देश्य ये है कि चलती हुई सरकार का काम रोका जाए। सिर्फ राजनीतिक उद्देश्य हैं। प्रजातांत्रिक ढंग से चुनाव नहीं लड़ना चाहते।
‘अमित शाह पर साधा निशाना’
हमारे गृहमंत्री सीधे बीजेपी ऑफिस जाते हैं। एक रात रुकते हैं और वापिस चले जाते हैं। सारी पूछताछ अमानवीय तरीके से 11 बजे के बाद होती है। डर दिखाते हैं कि हम जो लिखकर लाए हैं, उस पर साइन करो नहीं तो जेल जाओ। छोटे से राज्य में 200 से ज्यादा छापे पड़े हैं। संजय मिश्रा को टास्क मिला है 15 सितंबर तक सत्ताधारी दल पर इस तरह की कार्रवाई करे।
‘महादेव सट्टा एप’
महादेव सट्टा app में हम पूरी कार्रवाई की, हमने लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया, मेरे पास पूरे डॉक्यूमेंट हैं, लेकिन आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को मैंने कहा कि मेरे जन्मदिन के दिन आपने रेड कराई ये बहुत बड़ा उपहार है, रिटर्न गिफ्ट में नवंबर के विस रिजल्ट में 75 सीट देंगे हम। जितनी ये रेड डालेंगे उनकी इतनी सीट घटेंगी, अभी तो बस 13 सीट ही हैं।
यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध हालत में मौत, वॉशरूम से मिली लाश
रायपुर। नवा रायपुर स्थित हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू) में पढ़ने वाली एक छात्रा की संदिग्ध हालत में लाश मिली है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल अभी तक मौत का कारण अज्ञात है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं छात्रा के विश्वविद्यालय प्रंबधन ने इस मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी है।
जानकारी के अनुसार एचएनएलयू में पढ़ने वाली छात्रा का नाम उर्वी भारद्वाज है। उर्वी भारद्वाज का शव हास्टल के वाथरूम में मिला है। मौके से कीटनाशक दवा मिली है। हालांकि मौत की वजह का पता नहीं चल सका है। किसी तरह का अब तक सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। छात्रा एलएलबी की नवें सेमेस्टर में पढ़ाई कर रही थी। वह मूलत: बिहार के जिला मोतिहारी, चंपारण इलाके की रहने वाली थी। पुलिस अब हॉस्टल में उसके साथ रहने वालों से पूछताछ कर रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। जांच के लिए विश्वविद्यालय प्रंबधन ने टीम गठित कर दी गई है। परिजनों के आने के बाद इस मामले में आगे पूछताछ की जाएगी।
प्रेमसाय सिंह टेकाम बनाए गए छत्तीसगढ़ राज्य योजना आयोग के अध्यक्ष
रायपुर। डॉक्टर प्रेमसाय सिंह टेकाम को राज्य योजना आयोग के अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के स्थान पर डॉ. टेकाम को आयोग के अध्यक्ष बनाए गए हैं। इसका आदेश अमृत विकास, संयुक्त सचिव योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग छत्तीसगढ़ शासन ने जारी किया है।

ED की रेड को विनोद वर्मा ने बताया डकैती, सीएम के राजनीतिक सलाहकार बोले – बिल पेश किया फिर भी जब्त कर ले गए सोना
रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के दूसरे दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, ईडी की टीम कल मेरे घर बिना किसी तथ्य के आधार पर पहुंची। ईडी ने मेरे घर से जो सोना बरामद किया उसे मैंने 2005 में खरीदा है। मैंने सभी के बिल दिए हैं। ईडी सारा गहना जब्त कर ले गई है। ईडी ने मुझे कागज दिया उसमें सारा विवरण है।
विनोद वर्मा ने आरोप लगाया कि ED अब अफवाहों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मैं 1987 से पत्रकार हूं और कुछ साल पहले राजनेता बन गया। मेरे पास कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि ED कह रही है कि मैं 65 करोड़ रुपए की लॉन्ड्रिंग में शामिल हूं, जबकि मैंने अठन्नी भी लॉन्ड्रिंग नहीं की।
विनोद वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक मैगजीन को हाथ में रखकर कहा कि ED के आरोप महज कुछ साल पहले छपी एक मैगजिन के मनोहर कहानी पर आधारित हैं। मेरा ASI चंद्रभूषण वर्मा से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि ED के पास क्या सबूत है कि मैं उनसे संबंधित हूं? साथ ही, उनके पास क्या सबूत है कि हम संपर्क में थे? ये छापेमारी मेरे खिलाफ सुनी-सुनाई बातों और सिर्फ एक व्यक्ति के बयान पर आधारित है। उनके पास कोई सबूत नहीं है, वर्मा ने कहा कि उस मैगजीन के खिलाफ वे कोर्ट जाएंगे।
विनोद वर्मा के मुताबिक ढाई साल पहले उन्होंने गिरफ्तार आरोपी ASI चंद्रभूषण से भी मुलाकात की थी और उन्हें चेतावनी दी थी कि अगर उनके नाम का दुरुपयोग किया गया तो वे कार्रवाई करेंगे। वर्मा ने यह भी कहा कि उन्होंने इस ऐप के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए दिसंबर 2022 में दुर्ग पुलिस को लिखा था।
ED की छापेमारी को डकैती करार देते हुए वर्मा ने कहा, मैंने अपनी पत्नी को मिले एक गोल्ड के गिफ्ट को छोड़कर, खरीदे गए गोल्ड के सभी बिल पेश किए। लेकिन उन्होंने फिर भी उनके घर में रखा सारा गोल्ड जब्त कर लिया कि इसका भुगतान आपने कैसे किया इसका जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने नकदी भी ले ली जो हमें मेरे बेटे की शादी के दिन उपहार के रूप में लिफाफे में मिली थी। यह एक डकैती है, एक लूट है।
विनोद वर्मा ने गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वे इसके पीछे हैं और चुनाव से पहले कांग्रेस को बदनाम करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। अमित शाह जानते हैं कि छत्तीसगढ़ में चुनाव कौन जीतने वाला है। प्रधानमंत्री एक तानाशाह हैं और वह हर उस व्यक्ति पर बुलडोजर चला रहे हैं, जो उनके रास्ते में आता है या उनके खिलाफ बोलता है। वे हर उस व्यक्ति को चोट पहुंचाना चाहते हैं जो भूपेश बघेल के लिए काम कर रहा है। केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग करके या तो उन्होंने हमें धमकी दी या उन्होंने हमें सलाखों के पीछे डाल दिया। उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों के दौरान भी इसी तरह मुझे गिरफ्तार किया था और मुझ पर दबाव डाला था । वर्मा ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ही ऐसे ऑनलाइन सट्टेबाजी के ऐप को बढ़ावा दे रही है।
छत्तीसगढ़ में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, जवानों ने नक्सलियों के ट्रेनिंग कैंप किए धवस्त
दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा के सिमेल के दक्षिण में गट्टा पाल और परिया के बीच पहाड़ी में पुलिस ने नक्सियों के कैंप पर धावा बोल दिया है। जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोध अभियान के तहत जवानों ने दो बड़े-बड़े नक्सली कैम्प ध्वस्त कर दिए हैं। 2 एकड़ क्षेत्र में फैले नक्सली ट्रेनिंग कैंप ध्वस्त कर मौके से भारी मात्रा में नक्सल सामाग्री बरामद किया गया है।
दंतेवाड़ा में सुंदरराज पी. पुलिस आईजी बस्तर रेंज के मार्ग दर्शन एवं कमलोचन कश्यप डीआईजी दंतेवाड़ा रेंज, अरविंद राय उप महानिरीक्षक सीआरपीएफ रेंज सुकमा, किरण चव्हाण एसपी सुकमा, गौरव राय एसपी दंतेवाड़ा के निर्देशन में नक्सल विरोधी अभियान चलाये जा रहे हैं। जिसके तहत जिला सुकमा व दंतेवाड़ा के सरहदी क्षेत्र गोगुंडा, सिमेल, गट्टा पारा, के जंगल-पहाड़ी में दरभा डिवीजन के केरलापाल एरिया कमेटी एसजेडसीएम चैतु, बारसे देवा, जगदीश, जयलाल के साथ लगभग 25-30 सशस्त्र वर्दीधारी नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना मिली थी। जिसके बाद 22 अगस्त 2023 से 23 अगस्त 2023 तक डीआरजी सुकमा, एसटीएफ, 201 वाहिनी कोबरा व डीआरजी दंतेवाड़ा के संयुक्त बलों द्वारा विशेष नक्सल विरोधी अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान दिनांक 22 अगस्त को दंतेवाड़ा डीआरजी की पार्टी को सर्चिंग करते हुए सिमेल के दक्षिण की पहाड़ी के पास नक्सली के टेंट दिखाई दिए, जिसे घेराबंदी कर ही रहे थे कि नक्सलियों ने डीआरजी टीम को देख कर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में डीआरजी के जवानों द्वारा भी फायरिंग किया गया, जिससे नक्सली खुद को कमजोर पड़ता देख जंगल-पहाड़ी का आड़ लेकर भाग गये। अभियान के दौरान 23 अगस्त को दंतेवाड़ा की डीआरजी की टीम सिमेल के दक्षिण गट्टा पाल और परिया के बीच पहाड़ी को सर्च करते हुए आगे बढ़ रही थी जहां पर लगभग 80-100 नक्सलियों के रहने की क्षमता वाले दो बड़े-बड़े नक्सली कैम्प मिले।
लगभग 2 एकड़ क्षेत्र में नक्सलियों के द्वारा नए रिक्रूट नक्सलियों के लिए ट्रेनिंग कैंप चलाया जा रहा था जिसे जवानो द्वारा ध्वस्त किया गया। मौके व आसपास स्थल को सर्च करने पर भारी मात्रा में राशन समान, 16 नग एके 47 राउंड, नक्सली वर्दी, प्रिंटर, प्रिंटर इंक, मल्टीमीटर, बैटरी चार्जर, इलेक्ट्रिक वायर, पिट्ठू, बर्तन, पॉलिथिन, बड़े-बड़े जर्किन, दवाइयां, नक्सल साहित्य और भारी मात्रा में दैनिक उपयोगी का सामान बरामद किया गया। इसके अलावा मौकके से एक सोलर प्लेट भी बरामद किया गया था जिसे राशन सामग्री के साथ ही मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। दंतेवाड़ा पुलिस का कहना है कि जिले में चलाये जा रहे नक्सल विरोधी अभियान इसी प्रकार जारी रहेगें।
घोटालेबाज छत्तीसगढ़ सरकार के तार अब सट्टा से भी जुड़े – डॉ. रमन सिंह
रायपुर । प्रवर्तन निदेशालय के छापे को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सलाहकार विनोद वर्मा के आरोपों पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अभी तक हम सरकार के शराब घोटाला, कोयला घोटाला और चावल घोटाला को गिनते थे। अब यह मालूम चला कि सरकार के तार सट्टा से भी जुड़े हुए हैं। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सरकार को मंथली मोटी रकम दिया जाता था, इसे प्रमाण और साक्ष्य के साथ ED ने पेश किया है। महादेव एप के नाम पर जुआ, सट्टा के प्रशिक्षण के लिए दुबई भेजा जाता था. यही कौशल उन्नयन सरकार कर रही है।
वहीं विनोद वर्मा के CD बंटवाए जाने के आरोप पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि CD लहराते हुए आप लोगों ने दिखाया था, इसमें हमारा हाथ है, या भूपेश जी का। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जो पैसे जब्त हो रहे हैं, वह कांग्रेस वालों के पास से हो हैं। भाजपा वालों के पास नहीं। मोटी रकम कहां से ली जा रही है, ED ने प्रमाणित किया है और 75 करोड़ का हिसाब दिया है।
मुख्यमंत्री बघेल आज दिल्ली दौरे पर, AICC दफ्तर में करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस, इन अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
रायपुर। छग के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दिल्ली दौरे पर जा रहे है। जहां वे AICC दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। जिसके बाद न्यूज़ चैनल के कार्यक्रम में शामिल होंगे। बता दें कि केंद्र सरकार के खिलाफ महंगाई समेत अन्य मुद्दों पर बैठक में रणनीति बनाई जा सकती है। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीतियों पर भी चर्चा संभव है।
