छत्तीसगढ़
दो महिला समेत 4 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में दो महिला समेत चार नक्सलियों ने शुक्रवार को आत्मसमर्पण किया है। माओवादियों ने सुरक्षाबलों के सामने सरेंडर किया है। बताया जा रहा है कि, आत्मसमर्पित नक्सलियों में एक महिला नक्सली पर 1 लाख का इनाम भी घोषित था।
पुलिस ने बताया कि, दंतेवाड़ा डीआईजी कमलोचन कश्यप, सीआरपीएफ डीआईजी विकास कठेरिया, दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय के सामने जियाकोडता पंचायत केएएमएस अध्यक्ष हुंगी सोडी, डीएकेएमएस सदस्य भीमाराम करटाम, डीएकेएमएस सदस्य हिडमा उर्फ हीरालाल मरकाम और केएएमएस सदस्या कुमारी देवे कोवासी ने आज आत्मसमर्पण कर दिया। इसमें 28 साल की महिला नक्सली हुंगी सोडी पर एक लाख का इनाम घोषित किया गया था।
नक्सलियों ने दंतेवाड़ा पुलिस की ओर से चलाए जा रहे लोन वर्राटू (घर वापस आइए अभियान) से प्रभावित होकर नक्सलियों के अमानवीय, आधारहीन विचारधारा और उनके शोषण, अत्याचार तथा बाहरी नक्सलियों के भेदभाव के साथ स्थानीय आदिवासियों पर होने वाले हिंसा से तंग आकर आत्मसमर्पण करने का फैसला लिया। पुलिस के अनुसार, लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 159 इनामी सहित कुल 615 नक्सली आत्मसमर्पण कर समाज के मुख्यधारा में जुड़ चुके हैं।
समतामूलक समाज के निर्माण में मिनीमाता का योगदान अविस्मरणीय : CM बघेल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित शहीद स्मारक भवन में आयोजित मिनीमाता स्मृति दिवस और प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन गुरु घासीदास साहित्य और संस्कृति अकादमी, राजश्री सद्भावना समिति एवम समस्त सतनामी समाज रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। इस दौरान सीएम बघेल ने सतनामी समाज बहुल हर विकासखण्ड में मॉडल जैतखाम के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम में सामाजिक उत्थान की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सतनामी समाज के 11 महिलाओं को प्रतीक स्वरूप सम्मानित भी किया। साथ ही उन्होंने गुरू घासीदास साहित्य एवम संस्कृति अकादमी के नवनिर्वाचित सदस्यों को पद और कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने मौके पर अकादमी के साहित्य प्रकाशन का विमोचन भी किया।
सीएम बघेल ने कार्यक्रम में पूर्व सांसद मिनीमाता की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए शोषण, भेदभाव और अत्याचार से मुक्त और समतामूलक समाज के निर्माण में उनका योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने समाज की उन्नति तथा विकास के लिए निरंतर कार्य किया। मिनीमाता छत्तीसगढ़ की पहली महिला थी, जो सांसद बनी थी। वर्ष 1952 से 1972 तक सारंगढ़, महासमुंद और जांजगीर से वे सांसद रही। उन्होंने इस दौरान समाज की उन्नति के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कार्य करती रहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिनीमाता ने अपना राजनीतिक जीवन शुरू होने के बाद सामाजिक उत्थान काम और तेज कर दिया। जिन बुराईयों और विसंगतियों को वे बचपन से देखती आई थीं, उन्हें मिटाने के लिए अब उनके पास लोकतंत्र और संविधान की ताकत भी थी। छुआछूत, नारी-उत्थान, श्रमिक कल्याण के क्षेत्र में मिनीमाता ने अद्वितीय कार्य किए। लोक सभा में अस्पृश्यता निवारण विधेयक पारित कराने में मिनी माता के योगदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने कहा कि, मिनीमाता जिस तरह के समाज के निर्माण का सपना देख रही थीं, असल में वह हर छत्तीसगढ़िया का सपना था। पिछले पौने पांच वर्षों से हम लोग हमारी पुरखिन मिनीमाता और हमारे तमाम पुरखों के सपनों के छत्तीसगढ़ का निर्माण करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने संबोधित करते हुए कहा कि मिनीमाता का पूरा जीवन समाज के शोषित और वंचित लोगों की भलाई के लिए समर्पित रहा। इस दौरान राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. महंत रामसुंदर दास, अकादमी के अध्यक्ष केपी खांडे, संरक्षक शकुन डहरिया और समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर...राजधानी में 17 से 22 अगस्त तक होगा प्लेसमेंट कैंप का आयोजन
रायपुर। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए डिस्ट्रीक्ट प्लेसमेंट सेल के माध्यम से 17 से 23 अगस्त तक अलग-अलग जगहों पर प्लेसमेंट कैंप और लोन मेले का आयोजन किया जाएगा।
आइटीआई सड्डू में 17 अगस्त को हॉस्पिटेलिटी (होटल एवं रेस्टोरेन्ट), शासकीय पॉलिटेक्निक बैरन बाजार में 18 अगस्त को हेल्थ केयर सेक्टर के लिए आडवानी आर्लिकॉन स्कूल बीरगांव में 19 अगस्त को उद्योगो में तकनीकी पद, लाइवलीहुड कॉलेज जोरा में 22 अगस्त को फायनेंस, बीमा, सिक्योरिटी एवं अन्य पद गैर तकनीकी पद और लाईवलीहुड कॉलेज जोरा में 23 अगस्त को स्वरोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा।
प्लेसमेंट कैम्प और लोन मेला में सम्मिलित होने के लिए रायपुर रोजगार संगी पोर्टल एवं मोबाईल एप के माध्यम से पंजीयन किया जा सकता है, जिसका लिंक https://raipurrozgarsangi.com/ है। युवा पंजीयन के लिए रजिस्ट्रेशन लिंक https://raipurrozgarsangi.com/login.aspx का उपयोग कर सकते है। भविष्य में आयोजित होने वाले सभी रोजगार मेले में शामिल होने के लिए यह पंजीकरण अनिवार्य है। रोजगार मेले के संबंध में जरूरी अपडेट और जानकारी के लिए वेबसाइट www.raipurrozgarsangi.com के माध्यम से डाउनलोड कर प्राप्त कर सकते है।
छत्तीसगढ़ ने रचा कीर्तिमान: दो लाख लोगों ने एक साथ ‘वंदे मातरम’ गाकर बनाया अनोखा रिकॉर्ड
रायपुर। छत्तीसगढ़ ने स्वतंत्रता दिवस से पहले बड़ा कीतिर्मान रचा है। आजादी के 75वें अमृत महोत्सव पर आज शुक्रवार को राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में करीब 2 लाख लोगों ने एक साथ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ गाकर अनोखा रिकॉर्ड बनाया है। जिसमें जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और तमाम समाज सेवा संगठन से जुड़े लोग शामिल हुए।
ओम सेवा मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान और वसुधैव कुटुंबकम फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से लोग रायपुर पहुंचे। इस दौरान अमेरिका से भी कई शख्स वंदे मातरम गाने रायपुर पहुंचे। कार्यक्रम में सबसे पहले सभी ने एक स्वर में राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धार…’ गाया। इसके बाद राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ गाकर छत्तीसगढ़ के इतिहास के रिकॉर्ड कायम किया। बहुत जल्द ही इसे वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया जाएगा। इसकी प्रक्रिया जारी है।
यह कार्यक्रम देशभर के 16 राज्यों में आयोजित किया गया। रायपुर को मुख्य केंद्र बनाया गया, जिसमें ऑफलाइन के साथ अन्य राज्यों से लोग ऑनलाइन के माध्यम से जुड़े। जिन्हें मिलाकर लगभग 2 लाख लोग जुड़े। कार्यक्रम में विधायक बृजमोहन अग्रवाल, विकास उपाध्याय, कुलदीप जुनेजा, पद्मश्री उषा बारले, राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राम सुंदर दास महंत आदि फेमस हस्तियों ने शिरकत किया।
CRIME : मेडिकल कालेज में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर BSNL अधिकारी से 15 लाख की धोखाधड़ी
बिलासपुर। मेडिकल कालेज में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर बीएसएनएल अधिकारी से 15 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पैसे देने के दो साल बाद तक भी जब एडमिशन नहीं हुआ और न ही पैसो लौटाए गए तो अधिकारी ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
राजकिशोर नगर स्थित BSNL कॉलोनी निवासी निहार रंजन मलिक (53) BSNL में अफसर हैं। उन्होंने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी पल्लवी NEET एग्जाम की तैयारी कर रही थी। साल 2021 में NEET का रिजल्ट आने के बाद उनके पल्लवी के मोबाइल पर गर्वनमेंट मेडिकल कॉलेज में दाखिले के लिए मैसेज आया, जिसके बाद अनजान नंबर से फोन भी किया गया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि गर्वनमेंट मेडिकल कॉलेज में सेंट्रल पुल के कोटे पर उनकी बेटी का एडमिशन हो जाएगा, जिसके लिए उन्हें 35 लाख रुपए देना पड़ेगा। इसके लिए निहार रंजन तैयार हो गए।
फोन करने वाले राजेश दास ने उन्हें बताया कि रायपुर में ब्लूबेरी सर्विस के नाम पर उनका ऑफिस है, जिसका डायरेक्टर कल्पतरू दास है, जो उनका भाई है। ऑफिस का पता मैग्नेटो मॉल के चौथी मंजिल में होने की जानकारी दी, जहां उनका भाई कल्पतरू दास बैठता है। उन्होंने कल्पतरू का नंबर भी दिया। फिर कल्पतरू दास और उसके साथ संजय दास, मयूरी चटर्जी, आदर्श मिश्रा नाम के लोग बिलासपुर आए और बताया कि वे सभी मेडिकल कॉलेजों में दाखिला दिलाने का काम करते हैं। इस दौरान उन्होंने बतौर एडवांस 50 हजार रुपए लिए।
BSNL अफसर ने पुलिस को बताया कि इसके बाद उनसे प्रोफेसिंग फीस सहित अलग-अलग बहाने से किश्तों में पैसों की डिमांड की गई। इस दौरान उनसे करीब 15 लाख 50 हजार रुपए वसूल लिए गए। इसके बाद भी अधिकारी की बेटी का एडमिशन मेडिकल कालेज में नहीं हुआ। तब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपियों ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। जब अधिकारी को धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उन्होंने पूरे मामले की शिकायत सरकंडा थाने में की है। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिनीमाता स्मृति दिवस एवँ प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए सीएम बघेल, नवनिर्वाचित सदस्यों को दिलाई शपथ
रायपुर।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजधानी रायपुर स्थित शहीद स्मारक भवन में गुरु घासीदास साहित्य एवँ संस्कृति अकादमी द्वारा आयोजित मिनीमाता स्मृति दिवस एवँ प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास, अकादमी के अध्यक्ष के.पी. खांडे, संरक्षक शकुन डहरिया एवं जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरु घासीदास साहित्य एवँ संस्कृति अकादमी के नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवँ कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी, रेलवे प्रशासन ने लिया फैसला, इन गाड़ियों में लगेंगे एक्स्ट्रा कोच
रायपुर : छत्तीसगढ़ पिछले कुछ हफ्तों से लगातार ट्रेनों के रद्द होने का सिलसिला लगातार जारी है। जिससे यात्रियों की परेशानी काफी बढ़ गई है। वहीं दूसरी गाड़ियों का भी भार बढ़ गया हैं। जिसके कारण यात्रियों को कंफर्म बर्थ नहीं मिल रहा है। इसी कड़ी में इंडिया रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए छह ट्रेनों में एक्स्ट्रा कोच लगाने का आदेश जारी किया है। बताया जा रहा है कि इससे यात्रियों को बेहतर यात्रा की सुविधा मिलेगी और कंफर्म बर्थ मिल सकेगा।
रेल प्रशासन ने तीसरी और चौथी लाइन के साथ ही सुरक्षा संबंधी कारणों से छत्तीसगढ़ से होकर चलने वाली 50 से अधिक गाड़ियों को कैंसिल कर दिया है, जिसके कारण यात्रियों को लगातार परेशानी हो रही है। यात्री ट्रेनें कैंसिल होने के बाद सफर करने वाले लोगों को अब दूसरी ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी हो रही है और उन्हें कंफर्म बर्थ नहीं मिल रहा है।
250 से 300 तक है वेटिंग लिस्ट
रेल अफसरों का कहना है कि ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की वजह से कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है। वेटिंग लिस्ट 250 से 300 तक पहुंच गया है और कुछ गाड़ियों में नो रूम का लिस्ट है। ऐसे में यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा और अधिक से अधिक कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने के लिए तीन ट्रेनों में एक्स्ट्रा कोच लगाए जा रहे हैं।
इन गाड़ियों में लगेंगे एक्स्ट्रा कोच
- गाड़ी संख्या 12222/12221 हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस में हावड़ा 12 से अगस्त और पुणे से 14 अगस्त से एक अतिरिक्त एसी-2 कोच की सुविधा स्थायी रूप से उपलब्ध रहेगी।
- गाड़ी संख्या 12262/12261 हावड़ा-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस में हावड़ा से 11 और सीएसटी से 13 अगस्त से एक अतिरिक्त एसी-2 कोच की सुविधा स्थायी रूप से उपलब्ध रहेगी।
- गाड़ी संख्या 20822/20821 सांतरागाछी-पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सांतरागाछी से 12 अगस्त और पुणे से 14 अगस्त से एक अतिरिक्त एसी-3 कोच की सुविधा स्थायी रूप से उपलब्ध रहेगी।
राजधानी में फिर हुई चाकूबाजी...बीच सड़क आरोपी ने युवक पर किया चाकू से हमला..!!
रायपुर। राजधानी में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। यहां जय स्तंभ चौक स्थित मल्टी लेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स के पिछे बदमाश ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार टिकरापारा के संतोषीनगर निवासी प्रशांत महानंद गुरुवार की रात अपने कुछ साथियों के साथ शास्त्री बाजार की ओर जाने वाली सड़क से गुजर रहा था, तभी आसपास के ही कुछ बदमाशों से उसकी बहस हो गई। बहस बढ़ने पर एक आरोपी ने अपनी कमर में फंसाकर रखा चाकू निकालकर प्रशांत की पीठ पर ताबड़तोड़ पांच वार कर दिया।
चाकू के वार सहने के बाद घायल प्रशांत यह कहकर चीखने लगा कि मार दिया रे.. मेरा खून निकल रहा है और वह सड़क पर गिर पड़ा। इस बीच चाकू मारने वाला बदमाश वहां से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायल प्रशांत को उठाया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रशांत को आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि चाकू मारने वाले शास्त्री बाजार, बांसटाल इलाके के पुराने बदमाश है। हमलावर की तलाश की जा रही है।
छत्तीसगढ़ में बारिश पर लगा ब्रेक, उमस भरी गर्मी से लोग परेशान
रायपुर : छत्तीसगढ़ में पिछले एक हफ्ते से बारिश पर ब्रेक लग गई है। प्रदेश के कुछ जिलों में सिर्फ हल्की बूंदाबांदी हुई है जबकि सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। बारिश में ब्रेक के बाद राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में उमस और गर्मी बढ़ गई है। जिस वजह से लोग परेशान हो रहे है।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि इस वक्त मानसूनी द्रोणिका का पूर्वी छोर मिजोरम में है और पश्चिमी विक्षोभ भारत के करीब होने की वजह से मध्य भारत में बारिश की गतिविधियों में कमी बने रहने की संभावना है।
प्रदेश में इस सीजन मानसून का हाल
इधर पूरे छत्तीसगढ़ में अब तक 625.8 मिलीमीटर औसत बारिश हो चुकी है। 1 जून से लेकर 10 अगस्त तक के आंकड़ों के मुताबिक 4 जिले बीजापुर में 32 प्रतिशत, मुंगेली में 25, रायपुर में 24 और सुकमा जिले में 22 प्रतिशत सामान्य से ज्यादा औसत बारिश रिकॉर्ड की गई है। जबकि बीते कुछ दिनों से मानसून पर लगे ब्रेक की वजह से कम बारिश वाले जिलों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।
मिशन 2023 : कांग्रेस के 125 कार्यकर्ता भाजपा में हुए शामिल
कवर्धा। छत्तीसगढ़ में इसी साल के आखिरी में विधानसभा चुनाव होने वाला है। सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। वहीं नेताओं और कार्यकर्ताओं के दल बदल का भी सिलसिला जारी है। इस बीच कवर्धा जिले में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक अशोक साहू ने सभी को भाजपा की सदस्यता दिलाई है।
कवर्धा जिले में लगातार कांग्रेस का लोग साथ छोड़ रहे हैं। इससे पार्टी को एक के बाद एक बड़ा झटका लगते नजर आ रहा है। पंडरिया विधानसभा के ग्राम दशरंगपुर में कांग्रेस के 125 कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक अशोक साहू ने कांग्रेस के 125 कार्यकर्ताओं को भाजपा में सदस्यता दिलाई। भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक साहू ने भाजपा की दोनों विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव में जितने की दावा किया और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने की बात कही है। इसके साथ ही मंत्री मो.अकबर पर प्रोपेगेंडा करने का आरोप लगाया।
सिम बेचने के लिए लगाया स्टॉल, जरुरी दस्तावेज लेकर करोड़ो की धोखाधड़ी
रायपुर : राजधानी रायपुर में करोड़ो की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गुढ़ियारी निवासी युवक करोड़ो के ठगी का शिकार हुआ है। सिम लेने दिए गए कागजात के जरिए युवक के साथ धोखाधड़ी हुई है।
बता दें कि कुछ युवकों द्वारा जिओ सिम बेचने के लिए स्टॉल लगाया गया था। ठगी का शिकार हुए युवक ने अपना आधार कार्ड, अंगूठे के निशान, पेन कार्ड समेत जरूरी दस्तावेज जमा करा दिया। जिसके बाद आरोपियों द्वारा फाइनेंस बैंक में खाता खुलवाकर करोड़ो का लेनदेन किया गया। जिसके बाद ठगी का शिकार हुए युवक ने गुढ़ियारी थाने में केस दर्ज करवाया । वहीं पुलिस आरोपियों के तलाश में जुट गई है।
दलबदल अरविंद नेताम की पुरानी फितरत, पार्टी ने उन्हें सब कुछ दिया : कांग्रेस
रायपुर । अरविंद नेताम के कांग्रेस छोड़ने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कांग्रेस ने कहा कि अरविंद नेताम के कांग्रेस से जाने से कांग्रेस पार्टी को कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि अरविंद नेताम को कांग्रेस ने सब कुछ दिया दलबदल उनकी पुरानी फितरत है। अरविंद नेताम कांग्रेस का मान-सम्मान पद प्रतिष्ठा सभी कुछ कांग्रेस ने दिया था। अनेकों बार पार्टी छोड़ने के बावजूद पार्टी ने बड़ा हृदय दिखाते हुये पार्टी में वापस लिया। अरविंद नेताम ने भानूप्रतापपुर उपचुनाव में भी पार्टी के खिलाफ काम किया तब भी पार्टी ने उन्हें समझाइश दिया तथा उनकी उम्र और वरिष्ठता का सम्मान करते हुये उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही नहीं किया। अरविंद नेताम अनेको बार कांग्रेस पार्टी से सांसद और केंद्रीय मंत्री बने, जब वे हवाला कांड में फंसे थे तब पार्टी ने उनकी पत्नी को टिकिट देकर सांसद बनाया, उनके भाई को पार्टी ने मध्यप्रदेश में मंत्री का पद दिया था, उनकी पुत्री को भी दो बार कांग्रेस ने पार्टी का टिकिट दिया लेकिन वे अपनी पुत्री को नहीं जिता पाये। मालिक मकबूजा प्रकरण में उनके परिवार की संलिप्तता ने पार्टी को नुकसान पहुंचाया था। कांग्रेस पार्टी ने अरविंद नेताम को भरपूर सम्मान दिया था। लगातार चुनाव हारने और जनाधार खोने के बाद भी पार्टी ने उनको टिकिट देती रही वे खुद ही चुनाव नहीं जीत पा रहे थे। समय के साथ कांग्रेस में नये आदिवासी नेतृत्व का उभरना उनको पसंद नहीं आ रहा था।
कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के 15 सालों में छत्तीसगढ़ के आदिवासी ठगे गये, उनकी प्रगति को रोकने का षड़यंत्र रचा गया था। जब आदिवासियों का कत्लेआम हो रहा था उनके गांव, गांव के गांव जलाये जा रहे थे तब अरविंद नेताम की संवेदना अपने ही लोगों के लिये कभी नहीं जागृत हुई। तब अरविंद नेताम संदेहास्पद चुप्पी साधे हुये थे। आज जब आदिवासियों के हित में काम हो रहे है तो अरविंद नेताम जैसे लोगों को इसलिए पसंद नहीं आ रहा क्योंकि इसमें उनका अपना खुद का भला नहीं हो रहा? आदिवासी समाज का भला चाहने वाला हर व्यक्ति कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ खड़ा रहेगा। अरविंद नेताम का कांग्रेस छोड़ना इस बात का प्रमाण है कि वे आदिवासी समाज के लिये नहीं अपने व्यक्तिगत स्वार्थ और अति महत्वाकांक्षा के कारण कांग्रेस छोड़ा है।
रीपा में स्थानीय जरूरत के मुताबिक ग्रामीण उद्योगों की स्थापना की जाए : रविन्द्र चौबे
पंचायत व ग्रामीण विकास की समीक्षा बैठक
रायपुर । पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा है कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने राज्य में विकसित किए जा रहे रीपा में स्थानीय जरूरतों के मुताबिक आजीविकामूलक गतिविधियां संचालित की जाए। यहां पारंपरिक उद्योगों को बढ़ावा दिया जाए। रीपा में ग्रामीण उद्योगों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए सभी प्रकार की अधोसंरचना तैयार की जाए जिससे यहां उद्योग लगाने वाले युवाओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हों। उन्होंने रीपा केंद्रों में परंपरागत व्यवसायों से जुड़े परिवारों के साथ ही सभी वर्गों के लोगों को जोड़ने कहा। मंत्री चौबे गुरुवार को ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत निमोरा के सभागार में पंचायत विभाग की योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने यहां 3 करोड़ 6 लाख रूपए की लागत से बने जिला पंचायत संसाधन केन्द्र के भवनों का लोकार्पण भी किया।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविन्द्र चौबे ने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण योजना में राज्य को कुल 11,76,146 आवास का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरूद्ध 8,68,223 आवास पूर्ण हो चुके हैं। शेष 3,07,923 आवास निर्माणधीन है। निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूरा कराया जाए। राज्य में मनरेगा के तहत स्वीकृत कार्याें को तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत चल रहे सभी कार्य आगामी दो माह के भीतर पूर्ण कर लिए जाए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गौठान से जुड़ी सभी महिलाओं को रोजगार मूलक गतिविधियों से जोड़ा जाए तथा इसके लिए शासन की विभिन्न योजनाओं विशेषकर उनको श्रम विभाग की योजनाओं से भी जोड़ा जाए। स्व-सहायता समूह की सभी महिलाओं को वित्तीय साक्षरता के संबंध में अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण दिया जाए।
समीक्षा बैठक में मंत्री चौबे ने अधिकारियों को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से जुड़ने के लिए ज्यादा से ज्यादा ग्रामीणों को प्रेरित करने को कहा। इससे लोगों की आमदनी बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने गौठानों में आर्थिक गतिविधियों के साथ-साथ ग्रामीण उद्योग के लिए निरंतर विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत इस वित्तीय वर्ष हेतु लक्षित ग्रामों को दिसम्बर 2023 तक ओ.डी.एफ. प्लस के किसी एक श्रेणी में व 50 प्रतिशत ग्रामों को ओ.डी.एफ. मॉडल के रूप में विकसित करने हेतु निर्देशित किया। इसी प्रकार ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्याें को स्वीकृत करते हुए त्वरित गति से पूर्ण करने हेतु सभी जिलों को निर्देशित करें।
बैठक में पंचायत ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, पंचायत ग्रामीण विकास विभाग के सचिव आर. प्रसन्ना, सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. एस. भारतीदासन, पंचायत व ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव डॉ. गौरव सिंह, आयुक्त मनरेगा रजत बंसल, पंचायत संचालक कार्तिकेय गोयल, संचालक एससीईआरटी राजेश राणा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भूपेश बघेल ने भ्रष्टाचार करके छत्तीसगढ़ की पवित्र धरती को कलंकित किया : सांसद बघेल
रायपुर । भारतीय जनता पार्टी के सांसद विजय बघेल ने लोकसभा में केंद्र सरकार के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए छत्तीसगढ़ सरकार की नाकामियों, बढ़ते अपराध-हिंसा, भ्रष्टाचार, घोटालों की चर्चा करते हुए कांग्रेस नेतृत्व और प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुःख की बात है कि छत्तीसगढ़ की पवित्र धरती को कलंकित करने का काम कांग्रेस पार्टी के मुख्यमंत्री ने अपने भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के कारण किया है। बघेल ने इस बात पर खुशी जाहिर की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने जो अनगिनत उपलब्धियाँ हासिल की हैं और जिनके कारण देश आज विश्व में सम्मानित हुआ है, उससे हर देशवासी गर्व का अनुभव कर रहे हैं।
भाजपा सांसद बघेल ने कहा कि आजादी के दीवानों और महापुरुषों ने जो सपने देखे थे, उन सपनों को साकार करने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। मणिपुर हिंसा पर कांग्रेस के रवैए की चर्चा करते हुए उन्होंने सदन का ध्यान छत्तीसगढ़ के हालात की ओर खींचा और कहा कि राहुल गांधी छत्तीसगढ़ के बस्तर गए थे और वहाँ के आदिवासियों की क्या हालत है? छत्तीसगढ़ में कहा जाता है कि ‘वो हर कका हे, सब झन ल ठगा हे।’ राहुल गांधी द्वारा अपने संबोधन में रावण के अहंकार की चर्चा पर तीखा कटाक्ष कर बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल के पिता कहते हैं, ब्राह्मण कुमार रावण को मत मारो। ऐसे हैं मुख्यमंत्री बघेल के पिता, और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद दीपक बैज इस बात को जान चुके हैं। बलात्कार की बात करते हुए बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 5055 बलात्कार की घटनाएँ हुई हैं, और इनमें से 137 बलात्कार अकेले मुख्यमंत्री बघेल के अपने विधानसभा क्षेत्र पाटन में हुआ है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद बैज के क्षेत्र में पोटाकेबिन के आदिवासी आवासीय विद्यालय की पहली कक्षा की पाँच वर्ष की आदिवासी मासूम बच्ची के साथ बलात्कार हुआ है। यह छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री का भी निर्वाचन क्षेत्र है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अभीतक वहाँ गए भी नहीं हैं। आरोपियों पर कार्रवाई भी नहीं होती। सर्व आदिवासी समाज और भाजपा के व्यापक विरोध प्रदर्शन और आंदोलन के बाद इस मामले में कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि आदिवासी बहुल ग्राम पंचायत साबरबार के ग्राम झुमरीडूमर, जिसे पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने गोद लिया था, में दो महीने तक राशन नहीं पहुँचा और एक चार सदस्यों का पूरा परिवार भूख के कारण आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो गया। यह हालत है छत्तीसगढ़ की। ये तो कांग्रेस के एटीएम बने हुए हैं। यदि भ्रष्टाचार की कोई स्पर्धा कराई जाए तो मैं दावे के साथ कहता हूँ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री उसमें अव्वल आएंगे। हर महीने कांग्रेस की तिजोरी में पैसा पहुँच रहा है। कांग्रेस कमेटी अगर चल रही है तो छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की बदौलत चल रही है। शराब में घोटाला, रेत में घोटाला, कोयला में घोटाला, मुरुम में घोटाला, सीमेंट में घोटाला, डीएमएफ फंड में घोटाला, क्या-क्या घोटाला नहीं किया! पहले तो चारा घोटाला हुआ करता था, गोबर खरीदकर प्रदेश सरकार वाहवाही लूट रही है। अब तो गोबर में भी घोटाला हो गया, गौमूत्र में भी घोटाला हो गया। और तो और, छत्तीसगढ़ के किसानों को चमकाया-धमकाया जाता है मुख्यमंत्री के निर्देश पर अधिकारियों द्वारा किसानों को चमकाया जाता है कि धूल-मिट्टी की बोरी को वर्मी कम्पोस्ट बताकर जबर्दस्ती किसानों को प्रति एकड़ तीन बोरी, तीन सौ रुपए के हिसाब से 900 रुपए का दादागिरी करके थमाया जाता है। किसानों को कहा जाता है कि वर्मी कम्पोस्ट नहीं लोगे तो हम यूरिया, डीएपी, पोटाश नहीं देंगे। प्रधानमंत्री मोदी 10 लाख करोड़ की सब्सिडी देकर किसानों को उसी कीमत पर खाद पहुँचा रहे हैं। छत्तीसगढ़ की सरकार किसान विरोधी, मजदूर विरोधी, आदिवासी विरोधी, युवा विरोधी है। प्रदेश को कलंकित कर दिए हैं, नौटंकीबाज हैं। पिछड़ा वर्ग के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने जो किया है, कांग्रेस की सरकार तीन नहीं, दस जन्मों में भी नहीं कर सकती। पिछड़ा वर्गों को 27 प्रतिशत का आरक्षण देने की बात कहकर अपने ही लोगों द्वारा हाईकोर्ट में स्टे के लिए याचिका लगवा दी और बाद में याचिकाकर्ताओं को पदों से नवाजा गया। यह न्यायसंगत नहीं है।
हर-घर फहरेगा तिरंगा, इंडिया पोस्ट के सभी डाकघरों में राष्ट्रीय ध्वज की हो रही बिक्री
रायपुर . सरकार द्वारा राष्ट्र निर्माण के लिए अथक परिश्रम करने वालों के योगदान को याद करते हुए आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। निदेशक डाक सेवाएं छत्तीसगढ़ दिनेश कुमार मिस्त्री ने सभी सचिवों को परिपत्र जारी कर कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 13 से 15 अगस्त की अवधि के दौरान समस्त कार्यालयों, सभी घरों में तिरंगा फहराने के लिये प्रोत्साहित किये जाएं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्थित सभी डाकघरों में राष्ट्रीय ध्वज, जिसका आकार 20 इंच गुणा 30 इंच एवं मूल्य 25 रूपये प्रति झण्डा है, का विक्रय किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल ने विभिन्न डाकघरों के माध्यम से 5 लाख राष्ट्रीय ध्वज विक्रय करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने आग्रह किया है कि सभी कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, साथ ही आम नागरिकों को भी डाकघरों से झंडा क्रय करने हेतु एवं अपने-अपने घरों में भी ध्वजारोहण करने हेतु प्रोत्साहित करें, ताकि हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाया जा सके। यदि आपके कार्यालय को अधिक संख्या में झंडे की आवश्यकता हो, तो डाकघर या इस कार्यालय को तत्काल सूचित करें, ताकि मांग अनुसार आपूर्ति की जा सके।
राज्य ओपन स्कूल: हाई स्कूल और हायर सेकेण्डरी की परीक्षा 26 सितम्बर से 12 अक्टूबर तक, देखें शेड्यूल
रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल द्वारा आयोजित सितम्बर-अक्टूबर परीक्षा 2023 की समय-सारिणी का निर्धारण किया गया है, जिसमें हायर सेकेण्डरी की परीक्षा 26 सितम्बर से 12 अक्टूबर तक और हाई स्कूल की परीक्षा 26 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक आयोजित होगी। परीक्षा का समय प्रात 8.30 से 11.45 बजे तक निर्धारित किया गया है।
राज्य ओपन स्कूल के सचिव ने बताया कि छात्र-छात्राएं परीक्षा से संबंधित समय-सारिणी का समीपस्थ अध्ययन केन्द्र से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं एवं कार्यालय की वेबसाईट www.sos.cg.nic.inपर भी समय-सारिणी उपलब्ध है, जिसे छात्र डाउनलोड कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षा की समय-सारिणी

आज का कार्यक्रम : मुख्यमंत्री बघेल मिनीमाता स्मृति दिवस एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में होंगे शामिल
रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मिनीमाता स्मृति दिवस एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में आज पूर्वान्ह 11.35 बजे आयोजित किया गया है।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बीते दिन राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम डुमरडीहकला में आयोजित किसान-मजदूर सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री बघेल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर प्यारे लाल सिंह की जीवनी पर आधारित त्यागमूर्ति स्मृति पुस्तक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री बघेल ने किसान-मजदूर सम्मेलन कार्यक्रम में 93 करोड़ 61 लाख 75 हजार रूपए की लागत के 112 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। जिसमें 57 करोड़ 37 लाख 78 हजार रूपए की लागत के 98 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 36 करोड़ 23 लाख 97 हजार रूपए की लागत के 14 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री बघेल द्वारा शासन की संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 538 हितग्राहियों को 1 करोड़ 16 लाख 15 हजार रूपए की सामग्री का वितरण भी किया गया।
