छत्तीसगढ़
रायपुर में 8वी मंजिल से महिला ने लगाई छलांग,सर फटने से हुई मौत
रायपुर में एक महिला ने आठवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि महिला दौड़ते हुए तेजी से निर्माणाधीन बिल्डिंग के ऊपर चढ़ी, फिर वह वहां से कूद गई। सिर फटने से उसकी मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर रही है। पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के बोरियाखुर्द का है। टिकरापारा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक महिला का नाम शबनम परवीन है। उसकी उम्र 41 साल थी। महिला का घर घटनास्थल के पास है। RDA कॉलोनी ब्लॉक-H बोरिया खुर्द में बिल्डिंग निर्माणधीन है। आसपास लोग भी मौजूद थे, तभी दोपहर 12 बजे के करीब शबनम घर से तेजी से दौड़ते हुए बिल्डिंग की तरफ आई। बताया जा रहा है कि इस दौरान बिल्डिंग के आसपास
के कुछ लोग सड़क पर मौजूद थे। उन्होंने महिला को दौड़कर बिल्डिंग के ऊपर चढ़ते देखा। फिर कुछ ही मिनटों में महिला बिल्डिंग के आठवें माले पर पहुंच गई। वहां से छलांग लगा दी। जमीन पर नीचे गिरते ही उसका सिर बुरी तरह फट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास मौजूद लोगों का कहना है कि महिला अपने परिवार के साथ रहती थी। इसके बाद पुलिस को शक है कि महिला ने घरेलू विवाद के बाद जान दे दी है। हालांकि पुलिस महिला के परिवार वालों से पूछताछ कर रही है। इसके बाद ही आत्महत्या की असल वजह सामने आ पाएगी।
थानेदार रिश्वत लेते गिरफ्तार, हत्या के प्रयास की धारा बढ़ाने के लिए मांगे थे 30 हजार
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में ACB ने रामानुजनगर थाने के ASI माधव सिंह को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ASI ने दो पक्षों में हुई मारपीट के मामले में धारा बढ़ाने के लिए रुपए मांगे थे। इस मामले में ASI के सहयोगी को भी पकड़ा गया है।
जानकारी के मुताबिक, रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सुरता में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इसमें जनपद सदस्य शिवमंगल सिंह के भाई पर ग्रामीणों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। पुलिस ने आरोपियों पर सामान्य मारपीट और गाली-गलौज की धारा लगाई थी।
इस मामले में जनपद सदस्य शिवमंगल सिंह ने थाने में संपर्क किया। आरोप है कि, ASI माधव सिंह ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा 307 जोड़ने के लिए 30 हजार रुपए की मांग की। इस पर शिवमंगल ने इतने रुपए देने से मना कर दिया।
रकम तय होने के बाद शिवमंगल सिंह ने इसकी शिकायत अंबिकापुर ACB दफ्तर में कर दी। ACB ने फोन पर बात कर रिश्वत मांगने की पुष्टि कराई। बातचीत के दौरान ASI 10 हजार रुपए में धारा बढ़ाने के लिए तैयार हो गया।
सहयोगी के हाथों ASI ने ली रिश्वत की रकम
मामले की पुष्टि होने पर ACB DSP प्रमोद कुमार खेस के नेतृत्व में टीम रामानुजनगर पहुंच गई। शिवमंगल सिंह को केमिकल लगे 10 हजार रुपए लेकर थाने भेजा गया। आरोप है कि ASI माधव सिंह ने सहयोगी मोहमुद्दीन के हाथों रिश्वत की रकम ले ली। इसके बाद उसने जैसे ही रकम ASI को दी, ACB ने रंगे हाथ उन्हें दबोच लिया।
एसीबी ने एएसआई माधव सिंह और सहयोगी मोहमुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 12 के तहत केस दर्ज किया गया है। अब दोनों आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई
सरगुजा एसीबी की टीम की एक सप्ताह में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले, शुक्रवार को टीम ने सरगुजा के उदयपुर एसडीएम बीआर खांडे, कार्यालय के रीडर, भृत्य और गार्ड को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। चारों को जेल भेज दिया गया है।
रायपुर में हुए मॉब लिंचीग में 15 दिन बाद पहली गिरफ्तारी,महिला मित्र के घर छुपा बैठा था आरोपी हर्ष मिश्रा..पुलिस ने दबोचा
रायपुर। राजधानी के आरंग क्षेत्र में 7 जून की रात हुई माॅब लिंचिंग और तीन लोगों की मौत मामले में पुलिस ने एक आरोपी हर्ष मिश्रा को गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के बाद से दुर्ग के एक मकान में छिपा हुआ था। इतना ही नहीं पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी ने मकान के गेट पर बाहर ताला लगावा दिया था। आरोपी की सूचना मिलते ही एसआईटी की टीम द्वारा आरोपी को पकड़ा गया।
आयुष यूनिवर्सिटी, इंदिरा गाँधी कृषि यूनिवर्सिटी सहित छत्तीसगढ़ की पांच यूनवर्सिटी हुईं डिफाल्टर...
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने छत्तीसगढ़ की डिफाल्टर यूनिवर्सिटी की लिस्ट जारी की है. ये उन यूनिवर्सिटी की सूची है जिन्होंने लोकपाल नियुक्त नहीं किए थे. आपको बता दें कि यूनिवर्सिटी को यूजीसी ने 2023 के नियमानुसार एक लोकपाल नियुक्त करने के लिए कहा था. आयोग ने डिफॉल्टर विश्वविद्यालयों की अपडेटेड लिस्ट जून महीने में जारी की है. यूजीसी ने कुल 108 राज्य विश्वविद्यालय को डिफॉल्टर विश्वविद्यालयों की सूची में शामिल किया गया है, जिन्होंने लोकपाल नियुक्त नहीं किया है. इसके अलावा लगभग 47 निजी विश्वविद्यालय और दो डीम्ड विश्वविद्यालय भी डिफॉल्टर विश्वविद्यालयों की सूची में शामिल हैं.
रायपुर में मॉब लिंचीग पर मुस्लिम समाज का फूटा गुस्सा विरोध प्रदर्शन के लिए सड़क पर उतरा मुस्लिम समाज
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे हुए आरंग में गो- तस्करी के शक़ में तीन लोगों की हत्या के मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज़ मुस्लिम समाज रायपुर में सड़कों पर उतर पड़ा. हत्या के विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने गिरफ़्तारी दी.
छत्तीसगढ़ में शराब पीने से महिला समेत तीन लोगों की हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार को कच्ची महुआ शराब के सेवन से एक महिला समेत 3 लोगों की मौत हुई है। घटना करतला थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम कोटमेर की है। ग्रामीणों ने अनुसार तीनों की मृत्यु जहरीले कच्ची शराब पीने से हुई है, मृतकों में मालती बाई (50), राम सिंह(60), बेदराम(49) शामिल है। ग्रामीणों ने बताया कि तीनों मृतक बेदराम के निवास में शराब का सेवन का रहे थे और घर में चखना और कच्ची महुआ शराब मृत पड़े शवों के पास मौजूद था। जिसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि मृतकों की मृत्यु जहरीली कच्ची महुआ शराब पीने से हुई है।
इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि तीनों की मौत जहरीली शराब पीने से हुई यह कहना अभी ठीक नहीं होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। मामले में अभी जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक, वेदराम के घर में सभी बैठकर शराब पी रहे थे। वहां चखना और कच्ची महुआ शराब पड़ी हुई मिली। शराब पानी से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही करतला पुलिस मौके पर पहुंची। इस मामले में कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि तीनों की मौत का कारण जहरीली शराब है या उन्होंने विषाक्त भोजन किया है अभी इस पर कुछ भी कहना ठीक नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।
पुलिस के मुताबिक मृतका मालती का पति चैतराम कंवर किसी काम से करतला गया हुआ था। वह मंगलवार की शाम घर लौटा, तो घर में उसकी पत्नी मालती नहीं थी। आवाज देने पर भी कोई जबाव नहीं मिला तो वो पड़ोसी राम सिंह के घर पहुंचा। यहां राम सिंह, देवराम और मालती की लाश पड़ी मिली।
छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल 25 जून तक रहेंगे बंद : भीषण गर्मी के कारण छत्तीसगढ़ में बढ़ा दी गई स्कूलों की छुट्टियां, अब 25 जून तक बंद रहेंगे सभी स्कूल, शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने की घोषणा।
रायपुरः छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेश के शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने राज्य के सभी स्कूलों में 25 जून तक अवकाश की घोषणा की है। अब राज्य के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूल 25 जून तक बंद रहेंगे और 26 जून से खुलेंगे।

छत्तीसगढ़ ओपन बोर्ड की परीक्षा अब होगी साल में 3 बार पहली अप्रैल, दूसरी अगस्त, तीसरी नवम्बर निर्देश जारी
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की दसवीं बारहवीं मुख्य परीक्षा अब साल में तीन बार आयोजित की जाएगी। इसे लेकर बुधवार को निर्देश जारी किए गए हैं। पहली परीक्षा अप्रैल में, दूसरी अगस्त और तीसरी नवंबर में आयोजित की जाएगी। नई व्यवस्था को इसी साल से लागू किया गया है। ओपन स्कूल एक परीक्षा मार्च-अप्रैल में हो चुकी है। दूसरी परीक्षा अब अगस्त में होगी। इसे लेकर तैयारी की जा रही है।
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आज बारिश की चेतावनी छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री 2-3 दिनों में पहुँचेगा रायपुर
छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रिक व्हिकल खरीदने वाले उपभोक्ता का इंतेज़ार हुआ खत्म अब मिलेंगे सब्सिडी के पैसे
छत्तीसगढ़ इलेक्ट्रॉनिक (ईवी) गाड़ियां खरीदने वाले लोगों को अब राहत मिलना तय हो गया है। पिछले साल जुलाई के बाद से अब तक ईवी वाहन खरीदने वालों को सब्सिडी की रकम नहीं मिली है। अब सब्सिडी के पैसे 4 जून के बाद सीधे वाहन खरीदने वालों के खातों में जमा होंगे। परिवहन विभाग के अफसरों का दावा है कि 38 हजार से ज्यादा लोगों को 30 करोड़ की सब्सिडी बांटी जाएगी। सब्सिडी की रकम के लिए लोग महीनों से इंतजार कर रहे हैं। कई लोग तो बार-बार वाहनों के शो रूम में पूछताछ करने पहुंच जा रहे हैं। ऐसे लोग जिन्होंने ईएमआई में गाड़ी खरीदी थी उन्हें इस रकम की सबसे ज्यादा जरूरत थी। ऐसे लोगों को अब लोन कम करने में भी मदद मिलेगी।
छत्तीसगढ़ में अगले माह से बढ़ेगी बिजली की दर 10 से 15 पैसे प्रति यूनिट तक होगी बढ़ोतरी नया रेट जल्द होगा जारी
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच बिजली उपभोक्ताओं को अगले महीने यानी जून से बड़ा झटका लगने वाला है। बिजली नियामक आयोग नया टैरिफ जारी करेगा। इसके बाद बिजली महंगी हो जाएगी और जुलाई में बढ़ा हुआ बिल भरना पड़ेगा।
छत्तीसगढ़ में गर्मी से अब तक 6 की मौत, कथा सुनने अमलेश्वर पहुँचा बुजुर्ग की लू लगने से हुई मौत...
छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को सबसे ज्यादा तापमान रायगढ़ में 47.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं बिलासपुर में 46.8 और रायपुर में 46.4 डिग्री पारा रहा। इससे पहले गुरुवार को रायपुर का तापमान 46.8 डिग्री था, जो कि एक दशक का सबसे गर्म दिन रहा।


आईआईएम रायपुर में दो दिवसीय चिंतन शिविर का शुभारंभ, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सहित मंत्रिमंडल के सदस्य ले रहे हिस्सा
प्रथम सत्र के आरंभ में नीति आयोग के सीईओ श्री बीवीआर सुब्रमण्यम ने दिया संबोधन
रायपुर, 31 मई, 2024। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज यहां रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान(आईआईएम) में आयोजित दो दिवसीय चिंतन शिविर का शुभारंभ किया। चिंतन शिविर में मुख्यमंत्री श्री साय सहित उप मुख्यमंत्री द्वय श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा तथा मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगी हिस्सा ले रहे हैं। प्रथम सत्र को नीति आयोग के सीईओ श्री बीवीआर सुब्रमण्यम ने संबोधित किया। अपने संबोधन में श्री सुब्रमण्यम ने विकसित भारत की संकल्पना और इसे प्राप्त करने की रणनीति के संबंध में विस्तार से अपनी बातें साझा की। उन्होंने कहा कि बीते दस सालों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ा है और दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बनाने में सफल रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विकसित भारत 2047 बनाने का संकल्प लिया है और इसे पूरा करने की रणनीति बनाई गई है।
श्री सुब्रमण्यम ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी स्केल, स्पीड और इनोवेशन पर जोर देते हैं। बदलते अंतराष्ट्रीय परिदृश्य और समय को देखते हुए विकसित भारत का विजन तैयार किया गया है ताकि भारत अपनी विशिष्ट जगह बना सकें। उन्होंने कहा कि अब दुनिया की निगाहें ग्लोबल साउथ पर हैं। अब नजरिया पश्चिम से पूर्व की ओर देखने का है और भारत इन संभावनाओं को पूरा करने के लिए सक्षम है। भारत की जनांकिकी, भारत की रणनीतिक स्थिति और भारत में तेजी से हुए सुधारों से इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए भारत तैयार है। चाहे डिजिटल इकानामी हो, अथवा कर संबंधी सुधार हो। नवाचार को बढ़ावा देना हो, भारत इसमें अग्रणी रहा है और आने वाले समय में इन्हें तेजी से बढ़ाना है। विकसित भारत सबके लिए समृद्धि लेकर आये, इसके लिए कार्य करना है। क्लाइमेट चेंज जैसी समस्याओं को देखते हुए ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देते हुए सतत विकास की दिशा में काम करना है। उन्होंने कहा कि जब हम विजन लेकर चलते हैं तो स्वाभाविक रूप से हमें एक गाइड मैप मिल जाता है और इसके अनुरूप हम बढ़ते जाते हैं। श्री सुब्रमण्यम ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प पूरा करने में छत्तीसगढ़ की अहम भागीदारी होगी। छत्तीसगढ़ में विकसित राज्य बनने के लिए और तीव्र विकास के लिए असीम संभावनाएं हैं और इस दिशा में आगे बढ़कर छत्तीसगढ़ अपने विकास के साथ ही विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सभी मंत्रिगणों ने संवाद में भागीदारी करते हुए छत्तीसगढ़ में इस संबंध में बनाई जा रही नीतियों के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने श्री सुब्रमण्यम के समक्ष अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं जिस पर विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए सार्थक परिचर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि दो दिवसीय इस चिंतन शिविर में छत्तीसगढ़ के विजन हेतु सार्थक विमर्श होना है। साथ ही संसाधनों के सतत उपयोग एवं योजनाओं के अभिसरण सहित विविध विषयों पर चर्चा होगी।
चिंतन शिविर में कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप,खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल,उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री टंकराम वर्मा मौजूद रहे।
पत्नि ने प्रेमी के संग मिलकर पति की कर दी हत्या, फिर किचन में 4 फिट गड्डा कर दफनाई लाश 6 महीने बाद हुआ खुलासा...
महासमुंद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के लोहानी बिल्डिंग के कमरे में दफन लाश के केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने खुलासा किया है कि मृतक की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी ने ही की है. अवैध संबंध का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी मुकुंद त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है. वहीं शव दफनाने में मदद करने वाली देविका की मां को भी पुलिस तलाश रही है.
ढेबर परिवार की बढ़ी मुश्किलें शोएब ढेबर, जुनैद ढेबर सहित 8 पर हुई FIR ये है पूरा मामला
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में जेल में बंद अनवर ढेबर के साथ ही उसके बेटे शोएब ढेबर और जुनैद ढेबर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। रायपुर के दो अलग-अलग थानों में पिता-पुत्रों सहित 8 लोगों पर FIR दर्ज की गई है।
लुटेरी दुल्हन : सुहागरात में सोता रहा दूल्हा, दुल्हन कैश और जेवर लेकर फरार, शादी के पहले 2 लाख रुपए भी ली थी
छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में एक लुटेरी दुल्हन सुहागरात के दिन दूल्हे के परिवार को लूटकर फरार हो गई। बताया जा रहा है कि दूल्हा सुहागरात में सोता रह गया और दुल्हन सोने-चांदी के जेवर और कैश लेकर भाग गई। पूरा मामला सारंगढ़ थाना क्षेत्र के अमझर गांव का है।
उफ़्फ़ ये गर्मी : नौतपा का आज चौथा दिन प्रदेश में अगले 24 घंटे लू का यलो अलर्ट अगले 4 दिनों में पड़ेगी भीषण गर्मी....ऐसे बचे लू से
नौतपा के चौथे दिन मंगलवार को छत्तीसगढ़ में सुबह से लू जैसे हालात हैं। तेज धूप के साथ ही गर्म हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने सुबह 11.30 बजे से बुधवार शाम 5.30 बजे तक के लिए हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अगले 4 दिनों तक प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ने वाली है। इसके चलते हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा भी बढ़ गया है।