रायपुर, 25 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में बारिश के बाद सड़कों, पुल-पुलियों और भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। PWD सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ बैठक कर निर्माणाधीन एवं अप्रारंभ कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में अक्टूबर से निर्माण कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने और अप्रारंभ कार्यों को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कार्यस्थलों की बाधाएं दूर कर ठेकेदारों को बाधामुक्त कार्यस्थल उपलब्ध कराने को कहा गया।
सचिव ने निर्माण सामग्री, मशीनरी और मानव संसाधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने पर जोर दिया। सिविल और विद्युत-यांत्रिकी शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय रखने के निर्देश भी दिए गए।
ठेकेदारों की समस्याएं सुनते हुए विभागीय प्रक्रियाओं और भुगतान व्यवस्था को लेकर सुझाव भी लिए गए। साथ ही 1 अक्टूबर से शुरू होने वाले नए टेंडर सिस्टम के लिए ठेकेदारों को नामांकन और प्रशिक्षण में भाग लेने के निर्देश दिए गए।