छत्तीसगढ़ / बालोद

लव प्रपोजल ठुकराने पर छात्रा पर एसिड अटैक, दो आरोपी गिरफ्तार

बालोद में लव प्रपोजल ठुकराने पर 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक छात्रा आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई करने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान आमापारा आनंद स्कूल के सामने सिंचाई कॉलोनी के पास उस पर एसिड फेंककर हमला किया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि छात्रा पर हमला करने वाला मुख्य आरोपी बालोद का रहने वाला है और वह छात्रा के साथ कोचिंग में पढ़ चुका है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने छात्रा के सामने प्रेम प्रस्ताव रखा था, लेकिन छात्रा ने उसका प्रपोजल ठुकरा दिया। इससे नाराज होकर आरोपी ने अपने बचपन के दोस्त के साथ मिलकर छात्रा पर हमला करने की साजिश रची।
हमले में छात्रा के चेहरे और आंख के आसपास का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद उसे तत्काल बालोद जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश की गई। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी सीसीटीवी में घटना के बाद भागते हुए नजर आया, जिसके बाद उसे बालोद में उसके किराए के मकान से गिरफ्तार किया गया।
वहीं, मामले में शामिल उसके साथी को पुलिस ने कोंडागांव में महिंद्रा बस से पकड़ा। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में हमले की पूरी वजह, इस्तेमाल किए गए पदार्थ और घटना की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल घायल छात्रा का रायपुर में इलाज जारी है।

Leave Your Comment

Click to reload image