CG Teacher Recruitment: व्याख्याता भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी, अभ्यर्थी इस लिंक से करें डाउनलोड, जानें पूरी प्रक्रिया!
रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) ने लोक शिक्षण संचालनालय के तहत व्याख्याता पदों की लिखित भर्ती परीक्षा (LSL26) के प्रवेश पत्र 23 नवंबर 2026 को जारी कर दिए हैं। यह भर्ती परीक्षा हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, भौतिकी, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र विषयों के लिए आयोजित की जा रही है। परीक्षा 29 नवंबर 2026 (रविवार) को 5 परीक्षा जिलों में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी।
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र डाक से नहीं भेजे जाएंगे। उम्मीदवार vyapamcg.cgstate.gov.in या [https://cgssb.cgstate.gov.in](https://cgssb.cgstate.gov.in) पर अपने प्रोफाइल लॉगिन के जरिए प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। मंडल ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र के सभी पन्नों का प्रिंट आउट पेज के केवल एक तरफ लें, क्योंकि प्रत्येक परीक्षा के लिए CGSSB की प्रति परीक्षा केंद्र में जमा होगी। चयन प्रक्रिया के दौरान भी प्रवेश पत्र मांगा जाएगा, इसलिए इसे संभालकर रखें।
सख्त ड्रेस कोड और स्वेटर को लेकर नियम
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले जांच और ड्रेस कोड को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं:
अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देनी होगी।
काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना वर्जित रहेगा।
बिना पॉकेट वाले साधारण स्वेटर की अनुमति होगी, लेकिन जांच के समय स्वेटर उतारकर सुरक्षा कर्मियों से जांच करानी होगी; स्वेटर के लिए हल्के रंग और आधी बांह का बंधन नहीं है।
फुटवियर के रूप में चप्पल पहननी होगी।
कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी।
धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा और अतिरिक्त सुरक्षा जांच के बाद ही अनुमति मिलेगी।
समय, पहचान पत्र और प्रतिबंधित सामग्री
मंडल के अनुसार, परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले यानी सुबह 9:30 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। पहचान सत्यापन और फ्रिस्किंग के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पहुंचने का निर्देश दिया गया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले अपने केंद्र की स्थिति देख लें।
केंद्र में प्रवेश के लिए फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र—जैसे मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या आधार कार्ड—लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट और टोपी ले जाना पूरी तरह वर्जित है। परीक्षा के पहले आधे घंटे और आखिरी आधे घंटे में कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। निर्देशों का पालन न करने या अनुचित साधनों का उपयोग करने पर कड़ी कार्रवाई और अभ्यर्थिता समाप्त करने की चेतावनी दी गई है।
परीक्षा केंद्र से जुड़ी किसी भी कठिनाई की स्थिति में अभ्यर्थी सुबह 10:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 या मोबाइल नंबर 8827920164 पर संपर्क कर सकते हैं।