छत्तीसगढ़
राष्ट्रपति ने ‘आयुष्मान भव:’ का किया शुभारंभ, डिप्टी सीएम सिंहदेव ने वर्चुअली जुड़कर राज्य स्तर पर की अभियान की शुरुआत
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को गांधीनगर से ’आयुष्मान भव:’ अभियान का शुभारंभ किया। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य एवम परिवार कल्याण मंत्री टीएस सिंहदेव ने अंबिकापुर से शुभांरभ कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़कर राज्य में इस अभियान की शुरुआत की। देश के हर गांव और शहर तक स्वास्थ्य सेवाओं की अधिकतम कवरेज प्रदान करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। आयुष्मान भव अभियान के अंतर्गत आगामी 17 सितम्बर से आयुष्मान आपके द्वार 3.0 के तहत पात्र व्यक्तियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया जाएगा। आयुष्मान मेलों के रूप में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में साप्ताहिक स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। रक्तदान शिविरों का आयोजन कर स्वैच्छिक रक्तदान से जुड़ी जानकारी प्रदान की जाएगी। लोगों को स्वैच्छिक अंगदान के लिए जानकारी देने के साथ ही इसके लिए प्रतिज्ञा भी करवाई जाएगी। अभियान के तहत 2 अक्टूबर से ग्राम और वार्ड स्तर पर आयुष्मान सभा आयोजित कर स्वास्थ्य देखभाल योजनाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने राज्य में ’आयुष्मान भव:’ योजना का शुभारंभ करते हुए सभी स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं व कार्यक्रमों के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक कर इनसे जोड़ने को कहा। सिंहदेव ने कार्यक्रम में हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया। उन्होंने टीबी के मरीजों को गोद लेने वाले निक्षय मित्रों को सम्मानित भी किया। टीएस सिंहदेव ने खुद 10 मरीजों को गोद लिया है।

राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत निक्षय मित्र योजना के तहत कोई भी व्यक्ति, स्वयं-सेवी संस्था, संगठन, औद्योगिक इकाई या राजनीतिक दल टीबी मरीज को पोषण आहार उपलब्ध कराने के लिए गोद ले सकता है। टीबी के इलाज में पोषक आहार काफी महत्वपूर्ण है। उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में टीबी के मरीजों को पोषण आहार टोकरी प्रदान किया। सरगुजा के कलेक्टर कुंदन कुमार, सरगुजा जिला पंचायत के उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव और मुख्य चिकित्सा एवम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएन गुप्ता के साथ स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
BREAKING : स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल हुई खत्म, 21 अगस्त से जारी था प्रदर्शन
रायपुर। नवा रायपुर के तुता में 21 अगस्त से चल रहा स्वास्थ्य कर्मचारियों का हड़ताल आज समाप्त हो गया है। हजारों की संख्या में धरना स्थल में बैठे स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया है। बर्खास्तगी और निलंबन वापस लेकर मांग को जल्द ही पूरा करने का आश्वासन मिलने के बाद स्वास्थ्य कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म किया है।
बता दें अपनी 5 सूत्रीय मांगों के लिए बीते 21 अगस्त से स्वास्थ्य कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। इसके चलते राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित हो रही थी। लेकिन नवा रायपुर के तूता धरना स्थल में हजारों की संख्या में कर्मचारी सरकार से आर पार की लड़ाई के लिए नारेबाजी कर धरना दे रहे थे। उन्होंने सरकार को मांग पूरा नहीं करने की स्थिति में चुनाव में बड़ा डैमेज करने की भी चेतावनी दी थी।
कांग्रेस ने इस वजह से शुरू किया रेल रोको आंदोलन, यहां ट्रेन को रोका, पटरी पर लेट नारेबाजी कर किया गुस्से का इजहार....
बिलासपुर। त्योहार के अवसर पर ट्रेनों को रद्द किए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी की ओर से आज प्रदेश स्तर पर रेल रोको आंदोलन किया जा रहा है। बिलासपुर से लेकर महासमुंद तक कांग्रेस पार्टी के नेता-कार्यकर्ता रेलगाड़ियों को रोककर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।
बिलासपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी की अगुवाई में दर्जनों प्रदर्शनकारियों ने करग़ी रोड कोटा रेलवे स्टेशन में सुबह अप और डाउन दोनों लाइन पर मालगाड़ियों को रोका गया। पटरी में लेटकर रेलवे और केंद्र सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी करते हुए रेलवे को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया गया। इसी तरह महासमुंद में कांग्रेसी कार्यकर्ता ब्लॉक अध्यक्ष खिलावन बघेल के नेतृत्व महासमुंद रेलवे स्टेशन में रेल रोको आंदोलन के लिए पहुंचे। आरपीएफ व छत्तीसगढ़ पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मेन गेट पर ही रोक दिया, जिसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ता मेन गेट पर ही नारेबाजी कर रहे हैं। रेल रोको आंदोलन को लेकर रेलवे प्रशासन की तरफ से भी चेतावनी जारी की गई थी। इसमें कहा गया था कि अगर रेलवे यातायात प्रभावित हुआ तो कानूनी कार्रवाई की जाएगा। इसके साथ ही प्रदेशभर में रेलवे ने रेलवे पुलिस बल को भी तैनात किया है।
राजापडा़व क्षेत्र का हाल बेहाल रपटा के ऊपर पानी, आवागमन बाधित
मैनपुर। विधान सभा टिकट जिन नेता को मिलेगा वे लोग अपने अपने पार्टी के बैनर पोस्टर और भीड़ समूह के साथ क्षेत्र मे आकर वही पुरानी वादे जिसे पूरा नही कर पाये आज भी आधा अधूरा है।
उसे जीतने के बाद पूरा करने की कसमे खायेंगे और मेरे अपने पार्टी के सरकार बनने से किसी भी प्रकार के चिन्ता करने की जरूरत नही होगी ऐसा भी कहेंगे लेकिन क्या जितने के बाद अपने किये वादे को ईमानदारी पूर्वक निभाते है।
समझने की जरूरत है।
आज भी क्षेत्र के रपटा मे पुलिया निर्माण अधूरा
राजापडा़व से गौरगाँव जाने वाली पक्की सड़क मार्ग मे पड़ने वाली अड़गडी, जरहीडीह, शोभा,शुक्लाभाठा बाघनाला पर अभी तक रपटा ही है।
जिस पर पुलिया बनाने की माँग करते करते क्षेत्रवासियो का सपना चकनाचूर हो गया बारिश के दिनो मे पानी के तेज बहाव होने के कारण सड़क के ऊपर पानी आने से आवागमन पूरी तरह से बाधित हो जाता है।
कल रात से क्षेत्र मे भंयकर बारिश होने के कारण नदी नाला ऊफान पर है। यात्री भवानी बस शुक्लाभाँठा बाघ नाला मे बाढ़ ज्यादा होने से फँसा हुआ है। अब देखना होगा अभी के चुनाव मे विधान सभा प्रत्याशी कैसे बुनियादी मुद्दे से क्षेत्रवासियो को भटकाते है।
TRANSFER: थाना प्रभारी व SI का ट्रांसफर, SSP ने जारी किया आदेश, भेखलाल चंद्राकर होंगे खमतराई थाना प्रभारी
रायपुर: राजधानी रायपुर में थाना प्रभारियों का तबादला लिस्ट जारी हुआ है। जारी लिस्ट में 6 थाना प्रभारियों का नाम है। वहीं एसआई का भी ट्रांसफर आदेश जारी किया गया है। इस आदेश में 10 एसआई का नाम शामिल हैं। वहीं यह आदेश रायपुर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने जारी किया है।

वॉशेबल एप्रॉन के मरम्मत कार्य के चलते निरस्त छत्तीसगढ़ और गोंडवाना एक्सप्रेस हुई बहाल
रायपुर. झांसी स्टेशन पर वॉशेबल एप्रॉन का कार्य किए जाने के चलते पूर्व में निर्धारित तिथियों में निरस्त की गईं छत्तीसगढ़ की दो प्रमुख ट्रेन गोंडवाना एक्सप्रेस और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस ट्रेनों की सेवा बहाल करने का निर्णय लिया गया है.
वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी) स्टेशन पर वॉशेबल एप्रॉन का कार्य के चलते निरस्त की गई थी. अब गाड़ी संख्या 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 15 सितंबर और तक और गाड़ी संख्या 18238 अमृतसर-बिलासपुर आज से 17 सितंबर तक अपने निर्धारित समय से चलेंगी. 12410 हजरत निजामुद्दीन-रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस 13, 14 सितंबर को और गाड़ी संख्या 12409 रायगढ़-हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस 13, 14, 15, 16 सितंबर को अपने प्रारंभिक स्टेशन से अपने समय से चलेंगी.
रेल प्रशासन द्वारा उत्तर मध्य रेलवे के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नम्बर 4 पर 26 अगस्त से 29 सितंबर तक वॉशेबल एप्रॉन का मरम्मत कार्य किया जाना है. जिसके चलते कुछ गाड़ियों को निरस्त और कुछ का मार्ग परिवर्तन करने का निर्णय लिया गया है. ऐसे में असुविधा से बचने के लिए रेलवे द्वारा अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा एनटीईएस/139 से गाड़ी की सही स्थिति की जानकारी पता करके अपनी यात्रा की शुरुआत करें.
Fraud : जिला सहकारी बैंक में 52 लाख की धोखाधड़ी, तीन कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज …
रायपुर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर में 52 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। घटना में बैंक के शाखा प्रबंधक शरद चंद गांगने बैंक के ही तीन कर्मचारियों के खिलाफ मौदहापारा थाने में FIR करवाई है। मामला वर्ष 2017 से 2021 के बीच का है।जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर में 52 लाख की धोखाधड़ी करने वाली तीनों कर्मचारियों के खिलाफ मौदहापारा थाने में FIR दर्ज कर ली गई है। इन कर्मचारियों ने मिलकर खातेदारों के एफडी के ब्याज में सेंध लगाकर करीब दो करोड़ से ज्यादा की रकम निकाली है। इनमें से 52 लाख के गबन की तो पुष्टि भी हो गई है। बताया जा रहा है कि 38 लाख की रिकवरी भी हो चुकी है।आरोपियों द्वारा थोड़ी-थोड़ी रकम निकाला जाता था ताकि नकद कम नजर न आए और किसी को शक भी न हो। इसके चलते पांच वर्षों में धीरे-धीरे घोटाला करते रहे। आरोपी चंद्रशेखर डग्गर, संजय कुमार शर्मा व अरूण कुमार बैसवाड़े है, जो कनिष्ठ लिपिक, पूर्व सहायक लेखापाल और सहायक लेखापाद के पद पर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। वे रायगढ़ के कोंडातराई में आयोजित कई कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे आम सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की अगुवानी के साथ ही उनके सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेना राज्यपाल और मुख्यमंत्री का प्रोटोकाल में आता है। मगर कई बार अपरिहार्य कारणों से ऐसा नहीं हो पाता है। पता चला है, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का 14 सितंबर को पहले से कई तय कार्यक्रम हैं लिहाजा वे रायगढ़ नहीं जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की जगह पर मंत्री टीएस सिंहदेव प्रधानमंत्री की अगुवानी करेंगे। हालांकि, इससे पहले भी 2020 के बजट सत्र के दौरान प्रधानमंत्री उड़ीसा जाते समय रायपुर एयरपोर्ट पर रुके थे। उस समय मुख्यमंत्री विधानसभा में थे। उनकी जगह पर दो मंत्रियों को प्रधानमंत्री का स्वागत करने एयरपोर्ट भेजा गया था।
पीएम मोदी का 14 सितंबर को मध्यप्रदेश के साथ ही छत्तीसगढ़ का दौरा है। फर्स्ट हाफ में वे भोपाल में रहेंगे। वहां से भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से दोपहर दो बजे रायगढ़ के जिंदल हवाई पट्टी पहुंचेंगे। वहां स्वागत की औपचारिकता के बाद वे हेलिकाप्टर से कोंडातराई जाएंगे। 2.15 बजे वे कोंडातराई पहुंचेंगे। वहां ढाई बजे से लेकर तीन बजे तक सरकारी कार्यक्रम है। कोंडातराई में दो मंच बन रहा है। एक पर सरकारी कार्यक्रम होंगे। दूसरे पर आम सभा होगी। सरकारी कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी 3 बजे से 4 बजे तक पब्लिक मीटिंग को संबोधित करेंगे। आम सभा के तुंरत बाद वे रायगढ़ रवाना हो जाएंगे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा का रिव्यू करने प्रदेश के डीजीपी अशोक जुनेजा अफसरों के साथ आज दोपहर रायगढ़ पहुंचे। उन्होंने एयरपोर्ट से लेकर हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल का मुआयना किया। उनके साथ खुफिया चीफ डॉ0 आनंद छाबड़ा, बिलासपुर आईजी अजय यादव भी थे।
3 साल की बच्ची से दुष्कर्म, बच्ची जब खून से लथपथ मिली तो वारदात का पता चला, दरिंदा फरार…
भिलाई: छत्तीसगढ़ से एक हैवानियत की खबर आई है, जो सबको झकझोर कर दिया है। दरअसल ये घटना छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की है। तीन साल की बच्ची से उसके पिता के साथ कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी ने ही दुष्कर्म किया।
CG Rape: वह बच्ची को सोमवार रात घुमाने के बहाने साथ लेकर गया था। काफी देर बाद बच्ची जब खून से लथपथ मिली तो वारदात का पता चला। इसके बाद परिजनों ने भिलाई थाने में मामला दर्ज कराया। वारदात के बाद आरोपी भाग निकला
CG Rape: पिता ने पुलिस को बताया कि वो हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया की एक कंपनी में वह काम करता है। वहीं उसका साला और उसका दोस्त राजकुमार गोड़ भी काम करता है। साले के बुलाने पर वह राखी में पत्नी व बच्ची के साथ उसके घर गए थे। तब से वहीं रह रहे थे और वहीं से ड्यूटी भी साथ चले जाते थे। घरेलू संबंध होने से राजकुमार का भी उनके साले के घर आना-जाना था।
CG Rape: घुमाने के बहाने बच्ची को साथ लेकर गया
CG Rape: परिजनों ने बताया कि, सोमवार रात करीब 8 बजे राजकुमार उनके घर आया और बच्ची को घुमाने के बहाने अपने घर ले गया। वहां बच्ची से गंदा काम किया। रात 10 बजे तक जब वह बच्ची को लेकर नहीं लौटा तो परिजन उन्हें तलाश करने निकले। इस बीच रात करीब 11-12 बजे राजकुमार ने उन्हें बच्ची सौंपी और फिर हड़बड़ी में वहां से भाग निकला।
CG Rape: ब्लीडिंग देखकर घर वालों को हुई जानकारी
CG Rape: मामा ने जब बच्ची को उसकी मां को सौंपा तो वह रोने लगी। बच्ची ने दर्द होने की बात कही। उसकी मां ने देखा कि काफी खून निकल रहा था। इसके बाद वो काफी घबरा गए और डॉक्टर के पास लेकर गए। इसके बाद राजकुमार के घर पहुंचे तो वहां ताला लगा हुआ था। इससे परिजनों को शक हुआ और वे पुलिस के पास पहुंचे।
CG Rape: मध्य प्रदेश का रहने वाला है आरोपी
CG Rape: आरोपी राजकुमार गोड़ पिता जयराम गोड़ मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के सनारगोदी का रहने वाला है। वो कुछ महीने पहले भिलाई आया और इंडस्ट्रियल एरिया में एक कंपनी में नौकरी करने लगा। पुलिस कंपनी जाकर आरोपी के बारे पता लगा रही है। खबर लिखे जाने तक आरोपी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
14 सितंबर को बंद रहेंगे छत्तीसगढ़ के सभी प्राइवेट स्कूल
रायपुर। छत्तीसगढ़ में निजी स्कूलों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि 14 सितंबर को छत्तीसगढ़ के सभी निजी स्कूल बंद रहेंगे। दरअसल, आरटीई की राशि का भुगतान नहीं हुआ है। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन द्वारा लगातार आरटीई की राशि की मांग की जा रही है। इसके बावजूद आरटीई की राशि निजी स्कूलों को नहीं दी जा रही है। आरटीई की राशि नहीं मिलने की वजह से निजी स्कूलों के संचालन में काफी दिक्कतें हो रही है। जिसके कारण प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने स्कूलों को बंद करने का फैसला किया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन 21 सितंबर को आंदोलन करेंगे। शिक्षा के अधिकार के तहत सीटों में एडमिशन के बाद भी शासन करोड़ रूपए रोक के रखा है, ऐसे में 21 सितंबर को रायपुर में जंगी प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है। छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन पैसा बढ़ाने, समय पर पैसा जारी करने समेत आठ सूत्रीय मांगों को लेकर सड़क पर उतरेगा।
शादीशुदा प्रेमी ने कर दी प्रेमिका की हत्या, ब्लेड से गला काटा, उसी के दुपट्टे से पोंछे खून से सने हाथ … जानें क्या है पूरा मामला…
दुर्ग। छत्तीसगढ़ में क़त्ल की एक खौफनाक कहानी सामने आई है जिसे जानने के बाद अब हर कोई हैरान हो गया है। दरअसल, दुर्ग जिले में एक ठेकेदार ने अपनी प्रेमिका की ब्लेड से गला काटकर हत्या कर दी है। हत्या करने के बाद आरोपी प्रेमी ने उसके खून को उसके दुपट्टे से पोछा और लाश को फेककर भाग गया। पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी पहले से ही शादीशुदा है और उसके यहां काम करने वाली लेबर से ही उसका नाजायज संबंध था। दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी पत्नी को मिल गई जिसके बाद उसने महिला को समझाया लेकिन वह नहीं मानी।इसके बाद पत्नी ने पति को समझाया कि दोनों में से किसी एक को चुनना होगा और वह अपने मायके चली गई थी।
पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर की सुबह उतई क्षेत्र के करगाडीह महुआरी भाठा के पास एक महिला का शव मिला था। उसकी पहचान बाबा पारा आदर्श नगर उतई निवासी जमुना बाई गोस्वामी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया और फिर इस पूरे मामले की जांच में जुट गई थी।
पुलिस की जांच में पता चला कि जमुना बाई का पिछले दो सालों से यशवंत साहू से प्रेम संबंध है। पुरई निवासी यशवंत ठेकेदारी का काम करता है और जमुना भी उसी के पास लेबर का काम करती थी। जमुना से उसका परिचय 3-4 साल पहले हुए था।
यह भी बात सामने आई है कि, यशवंत जमुना को छोड़ना चाहता था, लेकिन वो उसे नहीं छोड़ रही थी। बार-बार यशवंत को फोन करती और मिलने की जिद करके खर्च के लिए रुपए मांगती थी। इसी से परेशान होकर यशवंत ने जमुना की हत्या की साजिश रची। उसने तीन-चार दिन पहले बाजार से ब्लेड खरीद लिया था। इस बीच 11 सितंबर को शाम 7 बजे जमुना ने यशवंत को मिलने के लिए महुआरी भाठा करगाडीह मिल के पीछे बुलाया।
यशवंत उससे मिलने पहुंचा यो थोड़ी देर बाद जमुना उससे खर्च के लिए 4 हजार रुपए मांगने लगी। यशवंत ने पैसा न होने की बात कही तो जमुना उससे झगड़ा शुरू कर दिया। यशवंत पहले ही उसकी हत्या का मन बना चुका था। इसलिए उसने चुन्नी से जमुना का गला दबा दिया। जब जमुना बेहोश होकर गिर गई तो उसे घसीट कर किनारे ले गया और ब्लेड से उसका गला काट दिया।
शेयर बाजार में पैसा लगाने के नाम पर कारोबारी से 77 लाख की ठगी
रायपुर। शेयर बाजार मैक्स और इक्वीटी में पैसा लगाने के नाम पर कारोबारी से 77 लाख 23 हजार की ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने शेयर मार्केट में मुनाफा कमाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की है। विधानसभा थाना पुलिस ने आरोपित के लिखाफ धाेखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विधानसभा थाने में अविनाश कैपिटल होम्स सड्डू निवासी अतुल बसंल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। प्रार्थी के अनुसार अज्ञात फोन धारक ने बातचीत में शेयर मार्केट में पैसे निवेश करवाया। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में रकम ली गई। हालांकि भरोसा जीतने के लिए कई बार रकम वापस भी आई। इसके बाद दोगुना और तीन गुना कमाने का झांसा दिया।
प्रार्थी ने फोन-पे के माध्यम से अलग-अलग किश्त में कुल 77 लाख 23 हजार रुपये जमा कर दिया। इसके बाद न कारोबारी को पैसे मिलने बंद हो गए। प्रार्थी ने आरोपित को फोन भी किया, कई बार तो वह बहाने करता रहा इसके बाद फोन उठाना बंद कर दिया।
चेन्नई, बेंगलुरु और दिल्ली का गिरोह कर रहा ठगी
पुलिस अफसरों ने बताया कि शेयर मार्केट के नाम पर चेन्नई, बेंगलुरु और दिल्ली का गिरोह ठगी कर रहा है। शेयर मार्केट और क्रिप्टो में निवेश का झांसा दे रहे है। उन्होंने होटल में बुलाकर प्रेजेंटेशन दिया जा रहा है। लोग झांसे में आकर जीवनभर की कमाई जमा कर रहे हैं। पुलिस ने बेंगलुरु, चेन्नई गिरोह के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार किया था जिसके बाद इस बात का राजफाश हुआ। पुलिस को शक है कि इस ठगी में यही गिरोह शामिल हो सकता हैं।
TRANSFER : वन विभाग में बड़े पैमाने पर तबादला, क्षेत्रपालों को प्रमोशन के बाद मिली नई पोस्टिंग
रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन विभाग में बड़े पैमाने पर तबादला किया गया है। प्रमोशन के बाद वन क्षेत्रपालों की नई पोस्टिंग की गई है। आज वन विभाग ने इसका आदेश जारी किया है।
सीएम अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान का छत्तीसगढ़ दौरा 16 को, जगदलपुर में करेंगे 10वीं गारंटी का ऐलान
रायपुर/जगदलपुर। Mission 2023: छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल 3 महीने में तीसरी बार प्रदेश के प्रवास में रहेंगे। इस दौरान उनके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी रहेंगे। दोनों नेता जगदलपुर में आमसभा के साथ बस्तर में आम आदमी पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। सभा में आदिवासी एवं किसान वर्ग के लिए 10वीं गारंटी का ऐलान किया जा सकता है।
Mission 2023: बता दें कि इससे पहले 19 अगस्त को आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने छत्तीसगढ़ को 10 गारंटी दी थी। जहां उन्होंने 9 घोषणाओं को विस्तार में बताया था। वहीं इस बात घोषणा की थी कि आदिवासी और किसानों के लिए 10वीं गारंटी होगी, जिसकी पूरी घोषणा में छत्तीसगढ़ में अगली सभा में होगी
Mission 2023: 90 विधानसभा में चुनाव लड़ने की तैयारी
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के 90 विधानसभा चुनाव में अपने प्रत्यशियों को चुनावी मैदान में उतारने का ऐलान किया गया है। लेकिन, पार्टी का फोकस बस्तर संभाग की सीटों पर ज्यादा है।आप के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी भी बस्तर क्षेत्र से आते हैं। ऐसे में अरविंद केजरीवाल का जगदलपुर दौरा अहम माना जा रहा है।
भाजपा नेताओं ने परिवर्तन यात्रा में भरी हुंकार, कहा- कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का आ गया वक्त…
दंतेवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा की दंतेवाड़ा से मंगलवार को शुरुआत हुई. इस दौरान आयोजित आमसभा में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इस भ्रष्ट और निकम्मी भूपेश सरकार को उखाड़ फेंकने का वक्त का चुका है. जो गरीबों के 600 करोड़ का चावल खा जाती है. गौठान के नाम पर 1300 करोड़ का भ्रष्टाचार करती है, उस सरकार को बदलने का वक्त आ चुका है.
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आपके साथ मिलकर बस्तर के सपने को मिलकर साकार करने काम किया था. बस्तर के कुछ मुद्दे थे. नमक बस्तर के स्वाभिमान से जुड़ा विषय है. बस्तर के आदिवासियों को चिरौंजी, गोंद के बदले नमक दिया करते थे, लेकिन हमारी सरकार ने निशुल्क नमक देकर बस्तर के लोगों के स्वाभिमान की बात कही थी. भाजपा सरकार ने गरीबों को एक रुपए किलो चावल दिया. चरण पादुका योजना का जिक्र करते हुए कहा कि भूपेश बघेल ने योजना बंद कर दिया. किसानों को 16 प्रतिशत की दर से 9 प्रतिशत, छह प्रतिशत और बिना ब्याज से सहकारी बैंक से कर्ज देने की शुरुआत भाजपा सरकार ने की.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि पिछले पौने पांच साल से भूपेश बघेल की सरकार चल रही है, यह झूठ की सरकार, लबरा सरकार, छत्तीसगढ़ को लूटने वाली सरकार चल रही है. बड़े-बड़े वादे कर सरकार में आए थे, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया. अब फिर से वादा कर रहे हैं. यह बस्तर की जनता ऐसे धोखा देने वालों की सरकार को उतारना भी जानती है. आज बस्तर का विकास ठप हो गया है. बस्तर के लोगों को केवल लूटने का काम कर रहे हैं. बस्तर में टारगेट किलिंग हो रही है, बस्तर की बदहाली हो रही है. बस्तर के लोगों के साथ धोखा और छल करने का काम भूपेश सरकार कर रही है. बस्तर केरल से बड़ा एक जिला हुआ करता था, जिसे सात जिले में बदलने का काम भाजपा सरकार ने किया.
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि जिस छत्तीसगढ़ को डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में संवारा, आज उस छत्तीसगढ़ का दुर्भाग्य है कि भूपेश बघेल जैसे लबरा मुख्यमंत्री बन गए. जो आदिवासियों का शोषण कर रहे हैं. आज भूपेश बघेल, दीपक बैज, कवासी लखमा, कांग्रेस के विधायक और नेताओं को दंतेवाड़ा की जमीन से चुनौती देने आए हैं कि टारगेट किलिंग कर भाजपा कार्यकर्ताओं को मारा जा रहा है. यह भूपेश बघेल के संरक्षण में हो रहा है, और कवासी लखमा और दीपक बैज, यहां के सभी विधायक सब उसमें संलग्न हैं. यह परिवर्तन रथ आने वाले समय में विधानसभा चुनाव में कमल को खिलाकर रायपुर के मंत्रालय में भाजपा का मुख्यमंत्री बनाकर रुकेगा.
रायपुर दक्षिण के विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने जनसुमदाय को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासियों की हत्या करने वाली, आदिवासी माताओं-बहनों की इज्जत को सुरक्षित नहीं रखने वाली, तेंदूपत्ता में भ्रष्टाचार करने वाली और बस्तर के नौजवानों को रोजगार नहीं देने वाली सरकार को हटाने के लिए परिवर्तन यात्रा निकाली जा रही है. उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा में एक नहीं पांच-पांच विधायक है. कवासी लखमा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एक विधायक है कोंटा का, जो विधानसभा में जवाब नहीं देता, जब विधानसभा में खड़ा करते हैं तो बोलते है कि यह जवाब नहीं दे पाएंगे. लेकिन पेपर में बहुत बोलता है, भाषण में बहुत बोलता है. आपको बस्तर को विकास चाहिए या विनाश चाहिए यह तय करना है.
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने 36 वादे किए, तो आज पूछिए तो कि कितने वादे पूरे तो बड़ा सा शून्य दिखाई देता है. यह झूठी सरकार है, और जब इस सरकार को जब पांच साल बाद जनता के बीच जाना पड़ता है तो यह सरकार भरोसे का सम्मेलन करती है. पहले सब जगह लिखा रहता था कि भूपेश है तो भरोसा है, और यह कहने वाली भूपेश सरकार पर कांग्रेस को भी भरोसा नहीं है, क्योंकि जहां भूपेश लिखा गया था, आज वहां कांग्रेस लिखा जा रहा है.
केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने अपने संबोधन में पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पंचायतों के काम को अधूरा छोड़ा क्योंकि पंचायतों को कुछ नहीं दे सकते थे. पूर्व मंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी ने सभा को स्थानीय भाषा में संबोधित करते हुए कहा कि ठगने वाली, छल करने वाली कांग्रेस को सबक सिखाना है.
परिवर्तन यात्रा में छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के अलावा भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, सांसद संतोष पांडेय, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मंत्री केदार कश्यप, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एसटी मोर्चा दिनेश कश्यप, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा के साथ अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
दंतेश्वरी मंदिर से हुई यात्रा की शुरुआत
बता दें कि भाजपा की पहली परिवर्तन यात्रा का आज दंतेवाड़ा से आगाज हुआ. गृह मंत्री अमित शाह की अनुपस्थिति में पार्टी पदाधिकारियों ने दंतेवाड़ा स्थित दंतेश्वरी माता मंदिर के दर्शन-पूजन किया. इसके बाद दंतेवाड़ा में आमसभा का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा नेताओं ने जनसमुदाय को संबोधित किया. नेताओं के संबोधन के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी ओम माथुर ने परिवर्तन रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
यात्रा का पहला पड़ाव गीदम होगा, जहां से बस्तानार (किलेपाल) से होते हुए तोकापाल पहुंचेगी जहां आमसभा का आयोजित किया जाएया. इसके बाद यात्रा शाम करीबन 6 बद जगदलपुर पहुंचेगी, जहां स्वागत और रोड शो के बाद आमसभा का आयोजन किया जाएगा.
7 ADSP का ट्रांसफर, अभिषेक माहेश्वरी का बिलासपुर तबादला, देखें सूची
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 7 एडिशनल एसपी का ट्रांसफर आदेश जारी हुआ है। यह आदेश गृह विभाग के अवर सचिव मनोज कुमार श्रीवास्तव ने जारी किया है। जारी आदेश 7 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का नाम शामिल हैं।
Transfer of 7 ADSP: देखें आदेश

नौकरी के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल से रहें सावधान
कवर्धा। कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कबीराधम द्वारा ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला, फार्मासिस्ट ग्रेड-2, ड्रेसर ग्रेड-01 एवं ड्रेसर ग्रेड-02 ऑफलाईन प्राप्त आवेदनों का परीक्षण चयन समिति की बैठक आयोजित हुई। परीक्षण उपरांत प्रारंभिक अनंतिम मेरिट सूची तैयार कर अभ्यार्थियों के अवलोकन एवं दावा-आपत्ति के लिए 1 से 8 सितंबर तक समय 5:30 बजे तक र्ड-मेल के माध्यम से मंगाया गया था। जिसे जिले के वेबसाईट एवं विभागीय वेबसाईट पर सूची का प्रकाशन किया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम सूर्यवंशी ने बताया कि उक्त पदों में शासकीय नौकरी लगाने के नाम से फर्जी कॉल के माध्यम से अभ्यिर्थियों से पैसा, रूपए की मांग की जा रही है जिसकी सूचना विभाग को विभिन्न माध्यमों से हो रही है। उन्होंने समस्त अभ्यार्थियों को सूचित करते हुए कहा कि किसी भी अनजान मोबाईल नम्बर या अनजान ब्यक्तियों के बहकावें में ना आवें न ही किसी प्रकार की कोई राशि न दें। क्योंकि विभाग द्वारा ऐसे कोई भी मोबाईल कॉल या सीधे सम्पर्क अभ्यार्थियों से नही करती है। उक्त पदों में भर्ती शासन द्वारा दिए गए नियमावली के अनुसार ही पूरा किया जाएगा।
