छत्तीसगढ़
बड़ा हादसा-एनीकट पार करते बाइक सहित अरपा नदी में बह गया युवक
बिलासपुर। बिलासपुर में अरपा नदी पर बने एनीकट में बड़ा हादसा हो गया। नदी पार करते वक्त एक युवक बाइक समेत बह गया। बाइक को पुलिस ने बरामद कर लिया है, लेकिन, युवक का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस के साथ ही एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश कर रही है। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है। अरपा नदी पाली के पास से लगे इटवा गांव से होकर गुजरती है। यहां पाली में नदी पर एनीकट बना हुआ है, जो बिल्हा की ओर जाता है। भारी बारिश के कारण एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा है।सोमवार शाम करीब 6 बजे बाइक सवार एक युवक मस्तूरी की ओर से आया। वह बाइक चलाते हुए पानी के तेज बहाव में एनीकट पार कर रहा था, तभी अचानक उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और युवक बाइक समेत नदी में बह गया। इस दौरान युवक नदी की तेज बहाव में समा गया। वहीं, उसकी बाइक एनीकट के साइड में बने चबूतरे में फंस गई। आसपास के लोगों ने बाइक सवार को गिरते देखा, फिर उसकी बाइक को बाहर निकाला गया। उन्होंने इस घटना की जानकारी मस्तूरी पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
चुनाव वाले 6 राज्यों के मुख्यमंत्रियों में भूपेश बघेल सबसे अधिक लोकप्रिय – रिपोर्ट
रायपुर। मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ सहित देश के 6 राज्यों में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों की लोकप्रियता को लेकर सर्वे किया गया है जिसकी रिपोर्ट जारी की गई है। इस सर्वे रिपोर्ट में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विधानसभा चुनाव का सामना करने वाले मुख्यमंत्रियों में सबसे लोकप्रिय हैं। चुनावी राज्यों में बघेल को सबसे कम गुस्से का सामना करना पड़ता है, जिसका मतलब यह भी है कि वह इनमें से सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री हैं। राज्य स्तर के शासन से नाराज हर 100 मतदाताओं में से बघेल से नाराज लोगों की संख्या सबसे कम 25.4 प्रतिशत है।
मतदाता सबसे ज्यादा तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव के प्रति गुस्से में हैं (50.2), उनके बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (49.2)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी का स्कोर 35.1 प्रतिशत है, जबकि मध्य प्रदेश के शिवराज सिंह चौहान का स्कोर 27 प्रतिशत है। मिजोरम के सीएम ज़ोरमथांगा का स्कोर 37.1 प्रतिशत है।
जिन छह राज्यों में चुनाव होने जा रहे हैं, उनमें तेलंगाना, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश की सरकारों के खिलाफ लोगों का गुस्सा सबसे ज्यादा है, जबकि मतदाता तेलंगाना और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों से सबसे ज्यादा नाराज हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में तेलंगाना में मौजूदा विधायकों को मतदाताओं के सबसे कम गुस्से का सामना करना पड़ेगा।
तेलंगाना और राजस्थान के सीएम को मौजूदा विधायकों की तुलना में बहुत अधिक क्रोध सूचकांक स्कोर का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, तस्वीर उलट गई है, क्योंकि छत्तीसगढ़ में 44 प्रतिशत मतदाता मौजूदा विधायकों से नाराज हैं। तेलंगाना में केवल 27.6 और राजस्थान में केवल 28.3 प्रतिशत मतदाता मौजूदा विधायकों से नाराज हैं। आंध्र में 44.9, मिजोरम में 41.2 और मध्य प्रदेश में 40.4 प्रतिशत मतदाता मौजूदा विधायकों से बेहद नाराज हैं।
एक बार फिर छत्तीसगढ़ आएंगे पीएम मोदी, परिवर्तन यात्रा में में होंगे शामिल…
रायपुर : छत्तीसगढ़ बीजेपी मिशन 2023 को लेकर जी जान से जुट गई है। इसी के तहत भाजपा प्रदेश में परिवर्तन यात्रा निकाल रही है। 12 सितंबर को दंतेवाड़ा और 16 सितंबर को जशपुरनगर से परिवर्तन यात्रा की शुरुआत होगी। इस क्रम में 14 सिंतबर को पीएम नरेंद्र मोदी रायगढ़ पहुंचेंगे। कोड़ातराई में उनकी चुनावी सभा होगी। इसके बाद 28 सिंतबर को परिवर्तन यात्रा के समापन पर बिलासपुर में पीएम की सभा होगी। दोनों सभाएं 14 दिन के अंतराल में होगी।
पार्टी कार्यकर्ताओं को करीब एक लाख लोगों की भीड़ जुटाने का टारगेट दिया गया है। जिसे लेकर बीजेपी ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी तैयारी का जायजा लेने 10 सिंतबर को केंद्रीय मंत्री केन्द्रीय मंत्री और चुनाव सहप्रभारी मनसुख मंडाविया और प्रदेश सहप्रभारी नितिन नबीन रायपुर पहुंचे। परिवर्तन यात्रा और प्रधानमंत्री की आमसभा की तैयारी की समीक्षा और मार्गदर्शन के लिये रायपुर पहुंचे। इसके बाद गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
रायगढ़ के कोड़ातराई में पीएम की आमसभा-
पीएम मोदी के कोड़ातराई आमसभा में 15 विधानसभा के लोगों को बुलाया जा रहा है। रायगढ़ भाजपा ने भी तैयारियों को लेकर बैठक ली। बीते दिनों कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा, एसएसपी सदानंद कुमार कोड़ातराई हवाई पट्टी गए थे। बताया जा रहा है कि कोड़ातराई में 6 डोम बनाए जाएंगे। इसमें तीन ग्रीन रूम भी बनेंगे।
निकलेगी दो परिवर्तन यात्रा-
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में दो परिवर्तन यात्रा निकलेगी। भाजपा परिवर्तन यात्रा की शुरुआत 12 सितंबर को दंतेवाड़ा से करेगी। 16 सितंबर को जशपुरनगर से दूसरी परिवर्तन यात्रा निकलेगी। 12 सितंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पहली परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करेंगे। वहीं दूसरी यात्रा की शुरुआत बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा दंतेवाड़ा से करेंगे। यात्रा के समापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। दंतेवाड़ा से शुरू होने वाली पहली यात्रा को मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना के साथ केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखाएंगे। दूसरी ओर जशपुरनगर से शुरू होने वाली यात्रा को कोरवा आराध्य देवी खुड़ियारानी की पूजा-अर्चना करके भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा हरी झंडी दिखाएंगे।
वेंडरों की गुंडागर्दी पर IG दुर्ग ने RPF इंस्पेक्टर को किया सस्पेंड
रायपुर। दुर्ग रेलवे स्टेशन में वेंडरों की गुंडागर्दी और दबंगई लगातार बढ़ती जा रही है। बेखौफ हो चुके वेंडरों ने रेलवे कर्मचारियों पर भी मारपीट पर उतर आए हैं। दुर्ग रेलवे स्टेशन में पिछले दिनों हुई रेल कर्मचारी से मारपीट और लगातार वेंडरों की मनमानी पर आरपीएफ आईजी मुन्नवर खुर्शीद ने बड़ा एक्शन लिया है। उनके निर्देश के बाद दुर्ग आरपीएफ इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है।
दुर्ग आरपीएफ का चार्ज अब बीएमवॉय इंस्पेक्टर को दिया गया है। दुर्ग रेलवे स्टेशन में पिछले कई दिनों से वैध और अवैध वेंडरों के हौंसले काफी बुलंद हो चुके थे. वेंडरों के हौंसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने कमर्शियल विभाग के इंस्पेक्टर के साथ भी दो दिनों पहले जमकर मारपीट की, जब वे उनके अवैध वेंडिंग की करतूतों को अपने कैमरे में कैद कर रहे थे ।
अमित शाह का आज छत्तीसगढ दौरा, करेंगे भाजपा परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ…
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से आज भाजपा की परिवर्तन यात्रा शुरू होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी का दर्शन कर भाजपा के नेता चुनावी शंखनाद भी करेंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए BJP नेता जुट हुए हैं।
पहले चरण की यह यात्रा दंतेवाड़ा से बिलासपुर तक निकलेगी। करीब 1728 किमी की यह यात्रा 16 दिन में पूरी की जाएगी। इसमें अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में करीब 45 आम सभाएं, 32 स्वागत सभाएं और 5 रोड शो होंगे। भाजपा की परिवर्तन यात्रा का दूसरा चरण 16 सितंबर को जशपुर से शुरू होगा। इसमें BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। दूसरे चरण की यात्रा का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल करेंगे। दूसरी परिवर्तन यात्रा 12 दिनों में 1261 किमी का सफर तय करेगी। 2 संभागों के 14 जिलों के 39 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। दूसरे चरण में 39 आम सभाएं, 53 स्वागत सभाएं और 2 रोड शो होंगे। प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने बताया कि, इन दोनों यात्रा का समापन 28 सितंबर को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोनों यात्रा करीब 2989 किमी की होगी।
नहीं बढ़ेगी ट्रेनों की स्पीड; क्योंकि; ऑटोमेटिक सिग्नल लगाने में अभी और लगेंगे 2 और साल
रायपुर। रायपुर मंडल में ऑटोमेटिक सिग्नल का काम पूरा करने में अभी दो साल और लगेंगे। ऑटोमेटिक सिग्नल नहीं होने के कारण अभी दो ट्रेनों के बीच लंबा गैप रखना पड़ रहा है। यही कारण है कि ट्रेनों की स्पीड भी नहीं बढ़ रही है। ऑटोमेटिक सिग्नल लगने से 10 किलोमीटर के दायरे में एक पटरी पर तीन ट्रेनें चल सकेंगी।
इससे यात्रियों के समय की बचत होगी तो वहीं 20 से 25 प्रतिशत ट्रेनों की क्षमता भी बढ़ेगी। दुर्घटनाओं की आशंका भी लगभग खत्म हो जाएगी। इसके साथ ही मुख्यालय में बैठे अधिकारियों को प्रत्येक गाड़ियों की जानकारी हर पल मिल मिलेगी। रायपुर रेलवे स्टेशन से एक दिन में 112 ट्रेनें गुजरती हैं। मुंबई-हावड़ा मार्ग होने से अक्सर ट्रेनें एक के बाद एक चलती हैं। सिग्नल ना मिल पाने की वजह से अक्सर गाड़ियां देर से चलती हैं।
इसकी बड़ी वजह है कि अभी भी रेलवे प्रशासन एब्सोल्यूट सिग्नल सिस्टम से ट्रेनों का संचालन कर रहा है। इससे एक ट्रेन 10 किमी की दूरी तय करने के बाद जब तक अगला स्टेशन पार नहीं करती तब तक दूसरी गाड़ी को रवाना नहीं किया जाता है। अक्सर सिग्नल ना मिलने की वजह से आउटर या फिर स्टेशन पर ट्रेनों को घंटों रोक दिया जाता है। जिससे ट्रेन लेट हो जाती है। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ जाती है। इसलिए रेलवे अब ऑटोमेटिक सिग्नल लगा रहा है।
एक किमी की दूरी में लगा रहा रेलवे
नई व्यवस्था के तहत स्टेशन यार्ड के डबल डिस्टेंस सिग्नल से आगे प्रत्येक एक किलोमीटर पर सिग्नल लगाए जा रहे हैं। सिग्नल के सहारे ट्रेनें एक-दूसरे के पीछे चलती रहेंगी। अगर आगे वाले सिग्नल में तकनीकी खामी आती है तो पीछे चल रही ट्रेनों को भी सूचना मिल जाएगी। जो ट्रेन जहां रहेंगी, वहीं रुक जाएंगी। इससे दुर्घटनाओं की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी।
आयुर्वेदिक डॉक्टर के उपचार के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा….
बिलासपुर। जिले से एक आयुर्वेदिक डॉक्टर के उपचार से महिला की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ऐलोपैथिक पद्धति से इलाज कर रहा था। जिसके चलते महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव ऑटो में रखकर दूसरे अस्पताल ले जाने की बात कही। महिला की मौत का पता चलते ही परिजनों ने हंगामा कर दिया। फिलहाल जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक कमेटी गठित की है।
जानकारी के मुताबिक सिरगिट्टी क्षेत्र के मन्नाडोल निवासी 65 वर्षीय कालिंद्री बाई सूर्यवंशी की तबीयत रविवार को बिगड़ गई। उसे लगातार उल्टी, दस्त हो रहे थे। परिजन उसे सोमवार सुबह गंभीर हालत में तिफरा के काली मंदिर के पास स्थित संजीवनी क्लीनिक लेकर पहुंचे। यहां अस्पताल संचालक आयुर्वेदिक चिकित्सक नितिन वी योगी क्लीनिक में नहीं थे। नर्स व कंपाउंडर ने महिला का इलाज किया। फिर डॉक्टर को इसकी जानकारी दी। कुछ देर बाद डॉक्टर नितिन भी क्लीनिक पहुंए गए।
आरोप है कि डॉक्टर ने उसे एक इंजेक्शन देने के साथ ही स्लाइन चढ़ाया। दोबारा जांच करने पर पता चला कि कालिंद्री का बीपी कम होने लगा है। देखते ही देखते उसके मुंह से झाग निकलने लगा और उसकी मौत हो गई। इस पर परिजनों से कहा गया कि महिला की हालत गंभीर है। उसे दूसरे अस्पताल ले जाओ, यहां सुविधा नहीं है। आयुर्वेदिक क्लीनिक में महिला की मौत होने से परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
मुख्यमंत्री बघेल आज नवा रायपुर में तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास, ‘छत्तीसगढ़ कृषि भवन’ का करेंगे भूमिपूजन
रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दोपहर 2 बजे नवा रायपुर अटलनगर के सेक्टर-35 में आयोजित समारोह में तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं ‘कमर्शियल हब’, एरोसिटी और ‘शहीद स्मारक’ एवं ‘अमर जवान ज्योति स्मारक’ का शिलान्यास करेंगे।नवा रायपुर में निवेश, बसाहट और वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेक्टर-23, 24, 34, 35 और 40 में 1083 एकड़ में ‘कमर्शियल हब’ विकसित किया जाएगा। इसी तरह नवा रायपुर के लेयर-3 में यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देने, एयरपोर्ट क्षेत्र के वाणिज्यिक विकास तथा रोजगार सृजन हेतु स्वामी विवेकानंद विमानतल के निकट ग्राम बरोदा एवं रमचण्डी के चिन्हांकित 216.63 एकड़ में ‘एरोसिटी’ विकसित की जाएगी। ‘शहीद स्मारक’ एवं ‘अमर जवान ज्योति स्मारक’ की स्थापना नवा रायपुर के ग्राम परसदा (सेक्टर-3) में व्हीआईपी बटालियन में 13 एकड़ में की जाएगी।
कमर्शियल हब: प्रथम चरण में 1000 थोक व्यावसायिक दुकानों का होगा निर्माण
कमर्शियल हब के प्रथम चरण में 20 व्यवसायों के लगभग 1,000 थोक व्यावसायिक दुकानों के विकास हेतु भू-खण्डो का प्रावधान किया गया है जिसमें थोक किराना, अगरबत्ती, होलसेल बारदाना, दाल मिल, पेपर ट्रेड आदि हेतु पृथक-पृथक प्रावधान किया गया है। कमर्शियल हब के विकास हेतु राज्य शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में 5 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। ‘कमर्शियल हब’ के सिटी लेवल अधोसंरचना तथा प्रथम चरण के 125 एकड़ में अधोसंरचना का विकास 195.51 करोड़ रूपए की राशि से किया जाएगा।
इस परियोजना के लिये चिन्हांकित भूमि राष्ट्रीय राज मार्ग नं. 30 एवं भारत माला परियोजना के अलॉइमेंट के निकट स्थित है तथा उक्त भूमि को रेलवे कनेक्टिविटी भी प्राप्त है। चिन्हांकित भू-खण्ड स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से लगभग 12 किमी. पर स्थित है। चिन्हांकित भूमि ग्राम निमोरा, उपरवारा, परसट्ठी, बेन्द्री, केन्द्री, झांकी एवं मुड़पार में स्थित है। उक्त भू-खण्ड का भू-उपयोग सार्वजनिक तथा अर्ध- सार्वजनिक से मिश्रित भू-उपयोग में किया गया है।
गौरतलब है कि लगभग 7743 विभिन्न थोक व्यावसायिक संघों से परामर्श तथा सर्वे करने के पश्चात् बाजार की मांग का आंकलन किया गया है, जिसके आधार पर मांग मूल्यांकन एवं product-mix निकाले गये चिन्हांकित भू-खण्ड में भूमि की उपलब्धता तथा व्यावसायिक गतिविधि की प्राथमिकता के आधार पर कुल 1,083 एकड़ पर व्यावसायिक क्लस्टर अनुसार जोनिंग प्लान तैयार किया गया है, जिसका विकास चरणबद्ध रूप से किया जाना प्रस्तावित है।
नवा रायपुर अटल नगर में निवेश, बसाहट तथा वाणिज्यिक गतिविधयों को बढ़ावा दिये जाने हेतु सेक्टर-23, 24, 34, 35 तथा 40 के 438.47 हेक्टेयर (1.083 एकड़) क्षेत्रफल पर थोक व्यवसायिक बाजार प्रस्तावित किया गया है। यह थोक व्यावसायिक बाजार न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि आस-पास के अन्य राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए भी लाभदायक होगा। इस परियोजना में थोक व्यवसाय से जुड़ी सभी सुविधाएं एवं भौतिक अधोसंरचना उच्च मानकों के अनुसार प्रदान की जाएगी। इस परियोजना के क्रियांवयन से आस-पास के क्षेत्र में रोजगार के सृजन होने की संभावनाएं हैं।
एरोसिटी: वाणिज्यिक संस्थान, शॉपिंग कॉम्पलेक्स, होटल का प्रावधान
नया रायपुर अटल नगर के लेयर-3 में यात्री सुविधाओं को बढावा देने, एयरपोर्ट क्षेत्र के वाणिज्यिक विकास तथा रोजगार सृजन हेतु स्वामी विवेकानंद विमानतल के निकट एरोसिटी विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2023 को एरोसिटी स्थापना की घोषणा की थी।
एरोसिटी के लिए नवा रायपुर के ग्राम बरोदा और रमचण्डी में लगभग 216.63 एकड़ भूमि चिन्हांकन की गई है। चिन्हांकित भू-खण्ड में निजी स्वामित्व की भूमि शामिल होने के कारण एरोसिटी परियोजना का विकास नगर विकास योजना की तर्ज पर किये जाने का निर्णय लिया गया है। बाजार मूल्यांकन एवं प्राधिकरण का वित्तीय हित देखते हुए प्रथम चरण में लगभग 24.85 एकड़, क्षेत्रफल की भूमि को विकसित किये जाने का निर्णय लिया गया।
शासकीय स्वामित्व की 15.45 एकड भूमि पर तैयार किये गये अभिन्यास में 0.62 एकड़ से 3.01 एकड़ तक के 04 वाणिज्यिक भू-खण्ड, 0.82 एकड़ के 01 शॉपिंग कॉम्पलेक्स एवं 1.44 एकड़ भूमि 01 होटल हेतु प्रस्तावित है। एरोसिटी के विकास हेतु राज्य शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में 2 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है।
शहीद स्मारक एवं छत्तीसगढ़ अमर जवान ज्योति स्मारक
नवा रायपुर अटल नगर क्षेत्र के ग्राम परसदा (सेक्टर-3) में व्ही.आई.पी. बटालियन के लिए 42.931 एकड़ भूमि चिन्हांकित की गई है। इसमें से 13 एकड़ में छत्तीसगढ़ अमर जवान ज्योति स्मारक एवं शहीद स्मारक की स्थापना की जाएगी।
इस प्रस्तावित परियोजना में शहीद स्मारक लगभग 07 एकड़ भूमि पर 2700 शहीदों के नाम उत्कीर्ण किये जाने हेतु दीवारों का निर्माण, छत्तीसगढ़ अमर जवान ज्योति स्मारक का निर्माण लगभग 6 एकड़ भूमि में, 1500 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्मारक म्यूजियम, 21 प्लाटून हेतु परेड ग्राउंड, बगलर प्लेटफार्म, लगभग 400 दर्शकों हेतु दीर्घा, 40 वर्ग मीटर में विशिष्ट अतिथि दीर्घा, 1400 वर्ग मीटर में 60 जवानों के लिए बैरक तथा पार्किंग, फाउंटेन, सिचाई इत्यादि की व्यवस्था की जाएगी। राज्य शासन द्वारा इसके लिए 47.75 करोड़ रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
‘छत्तीसगढ़ कृषि भवन’ का निर्माण सेक्टर-19 में 3.14 एकड़ में किया जाएगा
‘छत्तीसगढ़ कृषि भवन’ का निर्माण सेक्टर-19 में 3.14 एकड़ में किया जाएगा। कृषि भवन में कृषि से संबंधित समस्त विभाग-कृषि संचालनालय, कृषि अभियांत्रिकी, उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, जल ग्रहण प्रबंधन, पशुधन विकास, मछली पालन के संचालनालय होंगे। भवन में कृषि मंत्री एवं कृषि उत्पादन आयुक्त का कार्यालय भी स्थापित होगा। एकीकृत कृषि भवन के निर्माण से विभाग की सहयोगी संस्थाओं के बीच आपसी सांमजस्य में वृद्धि होगी, जिससे कृषि कार्यों में गति आयेगी तथा राज्य भर से आने वाले कृषकों की समस्याओं का निपटारा एक ही छत के नीचे संभव हो सकेगा। भविष्य में कृषि भवन को कृषि क्षेत्र के विकास हेतु एक ‘समन्वित संसाधन केन्द्र’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
‘छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन मण्डी बोर्ड’ के नवीन मुख्यालय भवन का निर्माण रिकार्ड 18 माह की अवधि में नवा रायपुर के सेक्टर-24 में 1.96 एकड़ में किया गया है। इस भवन में बेसमेंट सहित चार मंजिल हैं। भवन में मण्डी बोर्ड एवं बीज निगम के अध्यक्ष, चेयरमेन, उच्च अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए कक्ष, प्रेजेन्टेशन हॉल, किचन, डाईनिंग हॉल, पेन्ट्री, एसी, लिफ्ट, फायर फाईटिंग सिस्टम, टॉयलेट आदि बनाए गए हैं।
भाजपा की दूसरी सूची 14 को, चुनाव समिति की बैठक आज, मोदी रहेंगे मौजूद, दिल्ली से भेजा चार्टर्ड प्लेन
रायपुर। Mission 2023: भाजपा ने छत्तीसगढ़ में 21 उम्मीदवारों की पहली सूची 17 अगस्त को जारी कर सबको चौंकाया था, अब दूसरी सूची 14 सितंबर को जारी कर पार्टी विपक्षी दलों को फिर चौंकाने जा रही है। रायगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा 14 सितंबर को है। इसी दिन दूसरी सूची आने की संभावना है, क्योंकि पीएम मोदी ने केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 12 सितंबर, मंगलवार को रात 10 बजे दिल्ली में बुलाई गई है। इस बैठक में छत्तीसगढ़ की 30 सीटों पर चर्चा होगी। इनमें से आधी सीटों पर मुहर लग सकती है।
Mission 2023: रायपुर से नेताओं को दिल्ली बुलाने के लिए चार्टर्ड प्लेन यहां भेजे गए हैं। उधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज सुबह मां दंतेश्वरी मंदिर से परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करने दंतेवाड़ा जा रहे हैं। इसके बाद वे दोपहर में पूर्व सीएम रमन सिंह के साथ दिल्ली जाएंगे। प्रदेश चुनाव प्रभारी ओम माथुर, अरुण साव, नारायण चंदेल, पवन साय सहित विजय शर्मा और ओपी चौधरी वहीं से मंगलवार को दिल्ली चले जाएंगे।
Mission 2023: दूसरी सूची में इन सीटों के उम्मीदवार शामिल
कोंटा, चित्रकोट, कोंडागांव, केशकाल, भानुप्रतापपुर, संजारी बालोद, दुर्ग ग्रामीण, अहिवारा, रायपुर ग्रामीण, जैजेपुर, पत्थलगांव, अंबिकापुर, पाली तानाखार, सीतापुर, सामरी, लोरमी, लैलूंगा, बसना, साजा, बिलाईगढ़, पामगढ़, सारंगढ़ और सक्ती पर मंथन होना है। सूत्रों की मानें तो इसमें से 10-12 सीटें ही अभी जारी की जा सकती है।
रायपुर ग्रामीण, दुर्ग ग्रामीण, लोरमी और संजादी बालोद जैसी सीटों को अभी रोका जा सकता है। पहली सूची जारी होने के समय केंद्रीय चुनाव समिति में 52 सीटों पर मंथन हुआ था। इसमें बी,सी और डी कैटेगरी की सीटें थी। बी यानी एक बारी, सी यानी दो बार हारी और डी यानी कभी नहीं जीती हुईं सीटें। इस बार भी जिन 30 सीटों पर मंथन होना है वे सभी बी, सी, डी कैटेगरी की है।
Mission 2023: अमित शाह आज आएंगे
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीस साल बाद परिवर्तन के संकल्प के साथ भाजपा राज्य में परिवर्तन यात्रा निकालने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर मंगलवार को दंतेवाड़ा से परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करेंगे। दूसरी परिवर्तन यात्रा जशपुर से शुरू होगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 15 सितंबर को इसका शुभारंभ करेंगे। 2989 किमी की दोनों यात्राओं का समापन बिलासपुर में एक साथ 28 सितंबर को हाेगा। समापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।
Mission 2023: पीएम 14 को रायगढ़ में
पीएम मोदी 15 दिन में दो बार छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे। सबसे पहले वे 14 सितंबर को रायगढ़ आएंगे। यहां विभिन्न विकास परियोजनाओं का लाेकार्पण करेंगे। इसके बाद रायगढ़ में ही जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी दूसरी बार 28 सितंबर को बिलासपुर आएंगे। यहां वे भाजपा की दोनों परिवर्तन यात्राओं के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। पीएम मोदी की सभा के साथ ही परिवर्तन यात्रा का समापन हो जाएगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नगरी-सिहावा के मुकुंदपुर में राम वन गमन पर्यटन परिपथ के निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज नगरी-सिहावा के मुकुंदपुर में आयोजित समारोह में राम वन गमन पर्यटन परिपथ के तहत भगवान श्रीराम की भव्य मूर्ति और विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।

नगरी के मुकुंदपुर में 8 करोड़ 29 लाख रूपए की लागत से भगवान श्रीराम जी की प्रतिमा, राम वाटिका, दीप स्तंभ, एलइडी ब्राडिंग, सप्तऋषि की मूर्तियां, प्रवेश द्वार, 01 कॉटेज, पार्किंग, एप्रोच रोड, पर्यटक सूचना केन्द्र, कलवर्ट निर्माण, कॉटेज निर्माण, लॉन डव्हलपमेंट, सीसीटीवी, यज्ञशाला, जनसुविधा केन्द्र, ड्रेन, विद्युतीकरण, ओव्हरहेड वॉटर टैंक, स्टेयर्स, सीढ़ी निर्माण, मॉडयूलर शॉपं, सप्तऋषि स्थल का विकास, साइनेजेस, गजीबो, बाउण्ड्रीवॉल, साइट डव्हलपमेंट, गार्ड रूम का निर्माण किया गया है। वही श्रृंगी ऋषि आश्रम सिहावा में करटेन वॉल (म्यूरल के साथ), प्रवेश द्वार, रेलिंग एवं शेड निर्माण, गजिबो, सौदर्यीकरण, विद्युतीकरण, यज्ञशाला (पहाड़ी पर), इंटरनल प्लम्बिंग, श्रृंगी ऋषि आश्रम में स्थित हनुमान मंदिर का सौंदर्यीकरण, पाथवे का विकास, जनसुविधा केन्द्र सहित विभिन्न अधोसंरचना विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास, सिहावा विधायक और मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष डॉ लक्ष्मी ध्रुव, उपाध्यक्ष राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग की उपाध्यक्ष सुश्री राजकुमारी दीवान, जितेंद्र शुक्ला, प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड, कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी, पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Promotion Breaking: 49 उप निरीक्षक बने निरीक्षक, देखें लिस्ट
रायपुर। पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर से सोमवार को 49 उप निरीक्षकों की वरिष्ठता सूची जारी कर निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है।
देखें आदेश.


कांग्रेस ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से पूछे 8 सवाल, PCC चीफ बोले- जवाब का इंतजार रहेगा
जगदलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दंतेवाड़ा प्रवास से एक दिन पहले यानी सोमवार को कांग्रेस ने उनसे 8 सवाल पूछे हैं। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, अमित शाह बस्तर की जनता को बताएं कि 15 सालों तक बेकसूर आदिवासियों को क्यों प्रताड़ित किया गया? BJP ने 15 सालों तक छत्तीसगढ़ में राज किया और यहां की जनता को परेशान किया। अब शाह अपने प्रवास के दौरान जनता से मांफी मांगें।
दरअसल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, केशकाल विधानसभा से MLA और विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम, कोंडागांव MLA और मंत्री मोहन मरकाम, कोंटा MLA और मंत्री कवासी लखमा, दंतेवाड़ा MLA देवती कर्मा, जगदलपुर MLA रेखचंद जैन समेत बस्तर के सभी 12 विधानसभा सीटों के विधायकों ने जगदलपुर में संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता ली। इस दौरान केंद्र की BJP सरकार पर कई आरोप भी लगाए हैं।
ये हैं कांग्रेस के 8 सवाल
1.नगरनार प्लांट क्यों बेच रहे?
- कांग्रेस ने अमित शाह से सवाल किया है कि बस्तर का नगरनार स्टील प्लांट जो कि बस्तर के लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है, केंद्र सरकार आखिर क्यों इसे उद्योगपतियों के हाथ बेच रही है? इसकी प्रक्रिया भी आरंभ हो गई है। इसका जवाब बस्तर की जनता को गृह मंत्री दें।
2. आरक्षण विधेयक कब तक होगा लंबित?
- छत्तीसगढ़ की जनता के हित में भूपेश सरकार ने विधानसभा से आरक्षण संशोधन विधेयक पारित कर राजभवन भेजा है। इस विधेयक में सर्व समाज के लिए आरक्षण का प्रावधान है। जिसमें आदिवासी समाज के लिए भी 32% ओबीसी के लिए 27% अनुसूचित जाति के लिए 13% अनारक्षित वर्ग के गरीबों के लिए 4% आरक्षण का प्रावधान है। संवैधानिक रूप से राजभवन केंद्रीय गृह मंत्रालय को रिपोर्ट करता है। अमित शाह गृह मंत्री हैं। अब वे बताएं आखिर आरक्षण विधेयक पर कब तक हस्ताक्षर होगा?
3. नंदराज पहाड़ की लीज केंद्र सरकार रद्द क्यों नहीं कर रही?
- नंदराज पहाड़ से ग्रामीणों के आस्था जुडी हुई है। वे उसे पहाड़ को देवतुल्य मानते हैं और उसकी पूजा करते हैं। बैलाडीला में स्थित नंदराज पहाड़ के दोहन के लिए रमन सरकार ने 2016-17 में इसे अडानी को लीज पर दिया था। जिसके विरोध में क्षेत्र के ग्रामीणों ने लंबा संघर्ष किया। कांग्रेस सरकार बनते ही लीज खारिज कर दी गई। लेकिन आज तक केंद्र ने इसके लिए किसी प्रकार का नोटिफिकेशन जारी क्यों नहीं किया? इसका जवाब दें।
4. NMDC का मुख्यालय बस्तर में क्यों नहीं आ रहा?
- NMDC भारत की वह नवरत्न कंपनी है जो लौह अयस्क तो बस्तर से निकालती है और उसे दुनिया भर में भेजती है। लेकिन अपना मुख्य कार्यालय बस्तर की जगह तेलंगाना के हैदराबाद में बनाकर रखी है। पहले बस्तर में यातायात के अभाव से यह निर्णय ठीक लगता था। अब वर्तमान में बस्तर में सर्व सुविधा है। NMDC को अपना मुख्यालय बस्तर में बनाना चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा आखिर क्यों?
5.दल्लीराजहरा-जगदलपुर रेल लाइन शुरू क्यों नहीं की जा रही?
- दल्लीराजहरा रेलवे मार्ग के निर्माण का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने भानुप्रतापपुर से किया था। उन्होंने कहा था कि साल 2021 में यह बनकर तैयार हो जाएगा और इस रेल मार्ग पर यात्री ट्रेनें दौड़ने लगेगी। आज तक कार्य खत्म नहीं हुआ। बस्तर की जनता के साथ ऐसा क्यों किया जा रहा?
6. भारतमाला परियोजना को जगदलपुर सड़क से क्यों नहीं जोड़ा जा रहा?
- भारतमाला ओडिशा के नवरंगपुर से होकर जा रही है। नगरनार से भारत माला की दूरी लगभग 32 किलोमीटर है। केंद्र सरकार जगदलपुर को भारतमाला तक जोड़ने पहल करें। या NMDC नगरनार से भारतमाला सड़क निर्माण करवाए।
7. मोदी सरकार ने 2006 के वन अधिकार अधिनियम में संशोधन क्यों किया?
- जल-जंगल-जमीन के अधिकारों से स्थानीय आदिवासियों को वंचित करने और खनन माफिया, अपने पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाने 2006 के वन अधिकार अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों को मोदी सरकार ने शिथिल कर दिया है। क्या केंद्रीय गृह मंत्री आदिवासियों से माफ़ी मांगेंगे?
8. बस्तर से की जनता से मांगे माफी
- कांग्रेस कमेटी ने कहा कि 15 सालों तक छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार थी। बस्तर के निर्दोष आदिवासियों को फर्जी नक्सल मामले में जेल में डाला गया था। हर तरह से उन्हें प्रताड़ित किया गया। फर्जी एनकाउंटर किए गए। अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बस्तर आ रहे हैं। अब वे बस्तर की जनता से इसके लिए माफी मांगें।
12 सितंबर को परिवर्तन यात्रा होगी शुरू
दरअसल, बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर से BJP परिवर्तन यात्रा के पहले चरण की शुरुआत कर रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत केंद्र के कई बड़े दिग्गज नेता कल दंतेवाड़ा पहुंचेंगे। अमित शाह आम सभा को संबोधित करेंगे। यहीं से वे परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।
ब्रेकिंग: मानदेय में वृद्धि, मुख्यमंत्री ने किया था ऐलान, सरकार ने राशि की स्वीकृत, देखिये आदेश
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा अनुसार नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में मिशन क्लीन सिटी योजना अंतर्गत कार्यरत स्वच्छता दीदियों के माह सितम्बर 2023 से मानदेय वृद्धि अनुसार राज्य शासन ने आगामी एक वर्ष के लिए स्वीकृत की राशि जारी कर दी है। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2023 को घोषणा की थी।

राज्य शासन द्वारा मानदेय में वृद्धि अनुसार 7200 रूपए के मान से 9232 मानव बल हेतु अगले एक वर्ष (01 अक्टूबर 2023 से 30 सितम्बर 2024 तक) के लिए मानदेय हेतु 79 करोड़ 76 लाख 44 हजार 800 रूपए की राशि की स्वीकृति प्रदान की गई।नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने आदेश जारी किया।
विधानसभा चुनाव और त्यौहारी सीजन के मद्देनज़र, SSP ने राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की ली बैठक…
रायपुर। आगामी विधानसभा चुनाव और त्यौहारी सीजन को देखते हुए एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने सिविल लाईन स्थित C /4 में पुलिस राजपत्रित अधिकारियों सहित थाना प्रभारियों की बैठक ली । बैठक में प्रशांत अग्रवाल ने सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर राजपत्रित अधिकारियों सहित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विजिबल पुलिसिंग करने के निर्देश दिए।उन्होंने शराब, नगदी रकम सहित चुनाव से संबंधित अन्य सामग्रियों की अवैध रूप से परिवहन को रोकने एवं कार्यवाही करने सहित इस संबंध में आवश्यक जानकारी एकत्र करने को भी निर्देशित किया।
प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि , गुण्डा बदमाश एवं निगरानी बदमाश तथा आपराधिक तत्वों जिनकी संलिप्तता अपराधों में रहती है उन पर विशेष निगाह रखी जानी चाहिए और उनकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी लेकर समय-समय पर उन पर वैधानिक कार्यवाही करनी चाहिए। बैठक में इन बिन्दुओ के आलावा प्रशांत अग्रवाल ने सट्टा, गांजा एवं नशे का काला व्यापार करने वाले व्यक्तियों पर कार्रवाई कर इन्हें पूर्णतः प्रतिबंधित करने को कहा।
Train Cancelled : त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ी परेशानी, रेलवे ने फिर रद्द की 20 ट्रेनें..
बिलापुर : एसईसीआर की ओर से फिर से रखरखाव लाइन दोहरीकरण विद्युतीकरण सहित अन्य कार्य का हवाला देकर 20 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
CG Train Cancelled हावड़ा, मध्यप्रदेश और मुम्बई रुट की ट्रेनें 12 से 16 सितंबर तक रद्द
गौर करने वाली बात यह है कि पूर्व में दो बड़ी संख्या में ट्रेन रद्द थी जो अब तक पटरी पर वापस भी नहीं लौटी थी कि फिर से एसईसीआर ने छत्तीसगढ़ प्रदेश वासियों को फेस्टिवल सीजन में यात्री ट्रेनों को रद्द करके तगड़ा झटका दिया है। इस बार रेल प्रशासन बगहा वाल्मीकि नगर अंतर्गत ट्रैक मेंटेनेंस के कार्य के अलावा लाइन दोहरीकरण सहित अन्य कार्य किया जाना है। इसलिए हावड़ा, मध्यप्रदेश और मुम्बई रुट की ट्रेनें 12 सितंबर से 16 सितंबर तक रद्द रहेगी।
कोई भी परेशानी आये, सरकार 20 क्विंटल धान की खरीदी करेगी- सीएम बघेल
रायपुर। कोई भी परेशानी आये, सरकार 20 क्विंटल धान की खरीदी करेगी यह घोषणा सीएम भूपेश बघेल ने सिहावा कर्णेश्वर रामायण महोत्सव के अवसर पर की। उन्होंने कहा कि सरकार हर स्थिति में किसानों से 20 क्विंटल धान की खरीदी करेगी।
हम किसानों के साथ खड़े हैं। चाहे किसानों की बात हो, श्रमिकों की बात हो, हम सभी के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्णेश्वर महादेव और कुलेश्वर महादेव की पुण्य भूमि से माघी पुन्नी मेले की शुरूआत होती है। भगवान श्रीराम के चरण जहाँ जहाँ पड़े हैं उन्हें विकसित करने की जिम्मेदारी हमने ली है।
हमने इसकी शुरूआत माता कौशल्या की पुण्यभूमि से की है। रामवनपथ गमन पर्यटन परिपथ अंतर्गत कार्यों का लोकार्पण हम कर रहे हैं। रामराज्य में सबको सम्मान और अवसर मिलता था। भगवान श्रीराम की प्रेरणा से हम भी सबके सम्मान और सबको अवसर दिलाने के लिए कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम के पुण्यस्थलों को विकसित करने के साथ ही हम कृष्ण कुंज भी तैयार कर रहे हैं।
एसडीओपी अनुज कुमार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नत
गरियाबंद। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मैनपुर अनुज कुमार गुप्ता का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नत होने पर गरियाबद के वरिष्ठ पुलिस कप्तान अमित तुकाराम कांबले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी.पटेल के द्वारा उनके उज्ज्वल भविष्य का कामना करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दिये।
इस खुशी के पल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार के पूरे परिवार भी उपस्थित रहे।
