छत्तीसगढ़
उमस से मिलेगी राहत, छाए रहेंगे बादल, इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना, जाने IMD की ताजा अपडेट…
रायपुर। आने वाले दिनों में अलनीनो के और प्रबल होने की संभावना बनी हुई है, इसके चलते अच्छी बारिश के आसार फिलहाल नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि हालांकि मानसूनी तंत्र के प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होगी और तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।
प्रदेश में एक जून से लेकर 23 अगस्त तक 710.5 मिमी बारिश हुई है, जबकि अब तक सामान्य रूप से 857.1 मिमी बारिश हो जानी चाहिए थी। इस प्रकार प्रदेश में अब तक सामान्य से 17 फीसद बारिश कम हुई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम के मिजाज में विशेष बदलाव के आसार नहीं है और हल्की बारिश होगी।
प्रदेश में अब बीजापुर जिले में सामान्य से 26 फीसद बारिश ज्यादा हुई है। 11 जिले ऐसे है,जहां सामान्य से काफी कम बारिश हुई है।बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
90मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका मध्य समुद्र तल पर फिरोजपुर, अंबाला और पूर्व दक्षिण पूर्व की ओर मिजोरम तक विस्तारित है। साथ ही उत्तर दक्षिण द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़ से कोमोरिन क्षेत्र तक तेलंगाना, रायलसीमा और तमिलनाडु होते हुए 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ही बिजली भी गिर सकती है।
बेखौफ हुए बदमाश, रात को रास्ता रोककर युवक पर धारदार हथियार से किया ताबड़तोड़ हमला, मौके पर गई जान...
बिलासपुर। जिले में गुंडे, बदमाश बेखौफ हो गए हैं. पुलिस से बिना किसी डर के अपराध को अंजाम दे रहे हैं. एक ताजा मामला हत्या का सरकंडा थाना क्षेत्र से आया है. यहां बदमाशों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी है. मामले की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है. पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि मामला पुरानी रंजिश का है.
जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर रात सरकंडा थाना क्षेत्र के इमली भाटा में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या अज्ञात आरोपियों ने हत्या कर दी. मृत युवक का नाम राजेश रावत उर्फ चकरा गोलू राजेन्द्र नगर का रहने वाला था. निगम की पार्किंग में काम करता था. बताया जा रहा है कि देर रात राजेश बाइक से अपने घर की ओर जा रहा था तभी अज्ञात युवकों ने रास्ता रोककर उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. जिससे राजेश की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना पर पहुंची सरकंडा पुलिस जांच में जुट गई है. मामले में पुलिस कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
पंडीत प्रदीप मिश्रा कल पहुंचेंगे बालोद, 29 अगस्त तक होगा शिवमहापुराण कथा का आयोजन, शिव भक्तों में ख़ुशी की लहर…
बालोद। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन पर यातायात विभाग द्वारा अगामी पंडीत प्रदीप मिश्रा के मणिशिवलिंग शिवमहापुराण कथा का आयोजन कार्यक्रम स्थल ग्राम जुंगेरा में 25.08.2023 से दिनांक 29.08.2023 तक होना है, जिसमे लाखों की संख्या में श्रद्वालुओं, आम नागरिकों एवं व्हीआईपी का आगमन होना है, जिसके मद्देनजर रूट डायवर्सन चार्ट, पार्किंग स्थलों, यात्री बसों एवं अन्य वाहनों के लिए रूट चार्ट तैयार किया गया है। जो इस प्रकार है:- कथा में सम्मिलित होने वाले श्रद्वालुओं के लिए रूट चार्ट एवं पार्किंग स्थान इस प्रकार रहेगा-
बालोद। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन पर यातायात विभाग द्वारा अगामी पंडीत प्रदीप मिश्रा के मणिशिवलिंग शिवमहापुराण कथा का आयोजन कार्यक्रम स्थल ग्राम जुंगेरा में 25.08.2023 से दिनांक 29.08.2023 तक होना है, जिसमे लाखों की संख्या में श्रद्वालुओं, आम नागरिकों एवं व्हीआईपी का आगमन होना है, जिसके मद्देनजर रूट डायवर्सन चार्ट, पार्किंग स्थलों, यात्री बसों एवं अन्य वाहनों के लिए रूट चार्ट तैयार किया गया है। जो इस प्रकार है:- कथा में सम्मिलित होने वाले श्रद्वालुओं के लिए रूट चार्ट एवं पार्किंग स्थान इस प्रकार रहेगा-
धमतरी से आने वाले श्रद्वालुओं के लिए झलमला चौक से सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम एवं सरदार पटेल मैदा
बालोद में पार्किंग रहेगा। इसके अतिरिक्त पर्रेगुड़ा व मेड़की, बघमरा में अतिरिक्त पार्किंग रहेगी। पार्किंग स्थान से पैदल कार्यक्रम
स्थल जुंगेरा जाएंगें।
दुर्ग तरफ से आने वाले श्रद्वालुओ के लिए दुर्ग से गुण्डरदेही अर्जुन्दा तिराहा – अर्जुन्दा कारगिल चौक-कमरौद-जगनाथपुर-सांकरा – घुमका-खपरी होते हुए मालीघोरी नवोदय विद्यालय मैदान में पार्किंग करेंगे। पार्किंग स्थान से पैदल कार्यक्रम स्थल जुंगेरा जाएंगें।
यात्री बसों एवं अन्य वाहनों के लिए यह रोड बंद रहेगा पारस बालोद से बटेरा चौक लोहारा तक यात्री बसों एवं अन्य सभी वाहनों लिए मार्ग बंद रहेगा केवल श्रद्वालुओं और कथा में सम्मिलित होने वाले जनसमान्य के वाहनों के लिए मार्ग पाररास एवं मालीघोरी नवोदय विद्यालय पार्किंग तक ही खुला रहेगा। मालघोरी से जुंगेरा तक सभी प्रकार के वाहनो की आवाजाही बंद रहेगी, श्रद्धालु पार्किंग स्थल से पैदल जुंगेरा कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे। अर्जुन्दा रोड से आने वाले यात्री बसों एवं अन्य सभी वाहनों लिए के लिए ग्राम घुमका से कार्यक्रम स्थल जुंगेरा तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी
यात्री बसों एवं अन्य वाहनों के लिए रूट चार्ट इस प्रकार रहेगा- राजनांदगांव से बालोद धमतरी एवं धमतरी से बालोद राजनांदगांव जाने वाले यात्री बसे एवं अन्य सभी वाहनो के लिए परिवर्तित मार्ग बालोद से गुजरा – दानीटोला – कुसुमकसा चौक-बटेरा चौक लोहारा- राजनांदगांव मार्ग का उपयोग करेंगे। अर्जुन्दा से बालोद जाने वाले यात्री बसे एवं अन्य वाहने जगन्नाथपुर सांकरा से डायर्वट होकर ग्राम देवीनवांगावं-लाटाबोड़-पड़कीभाट-झलमला से बालोद आएगी, इसी प्रकार बालोद से अर्जुन्दा जाने वाले यात्री बसे एवं अन्य सभी वाहने बालोद झलमला चौक-पड़कीभाट- लाटाबोड़-देवीनवांगांव-जगन्नाथपुर सांकरा होते हुए अर्जुन्दा जाएंगी।
ईडी की कार्रवाई राजनीतिक गतिविधियों को बाधित करने के लिए : कांग्रेस
विनोद वर्मा बूथ मैनेजमेंट, चुनावी प्रशिक्षण देखते है, इसलिये वे टार्गेट किये गये : सुशील
रायपुर। राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिन के दिन ईडी की कार्यवाही आपत्तिजनक है। यह भारतीय जनता पार्टी की राजनैतिक हताशा का परिणाम है। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर पूरे प्रदेश में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में भी हजारों की संख्या में नागरिक कांग्रेसजन मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देने एकत्रित होते है। पूरे प्रदेश में अनेकों स्थानों पर नागरिकों, कांग्रेसजनों और समर्थकों ने अनेकों कार्यक्रमों का आयोजन किया है। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर प्रदेश भर में हो रहे कार्यक्रमों से उनकी लोकप्रियता का पता चलता है। इस लोकप्रियता को भारतीय जनता पार्टी को भी ज्ञान है उसे पता है कि चुनाव के अवसर पर भूपेश बघेल के जन्मोत्सव पर होने वाले आयोजनों से प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में और सकारात्मक माहौल बनेगा। इसी से घबराकर भाजपा की केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार की छवि खराब करने के उद्देश्य से ईडी की छापेमारी करवाया है।
प्रदेश में चुनाव लगभग शुरू हो गये है राजनैतिक दलों ने अपनी चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी है। विनोद वर्मा कांग्रेस के राजनैतिक प्रशिक्षणों के साथ बूथ कमेटियों का भी काम देखते है। उसको डिस्टर्ब करने उनके यहां छापा करवाया गया। साथ ही आशीष वर्मा, मनीष बंछोर दोनों ही मुख्यमंत्री के ओएसडी है। दोनों का मूल कार्य मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र पाटन में राजनैतिक गतिविधियों को संचालित करना है। विजय भाटिया मुख्यमंत्री के पारिवारिक मित्र है। पाटन में भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। अब पाटन में कांग्रेस की राजनैतिक गतिविधियों को बाधित करने के उद्देश्य से दोनों के यहां ईडी पहुंची है।
सुशील आनंद शुक्ला ने पूछा कि जब-जब प्रदेश में राजनैतिक गतिविधियां तेज होती है या कोई राजनैतिक हलचल होती है तभी ईडी की कार्यवाही क्यों होती है
कांग्रेस के 85 वां अधिवेशन के समय कांग्रेस नेताओं के यहां ईडी की कार्यवाही की गयी, ताकि अधिवेशन को बाधित किया जाये। यूपी, आसाम, हिमाचल और कर्नाटक चुनाव के समय भी ईडी की छापेमारी की गयी। जब-जब अमित शाह छत्तीसगढ़ आये उसके पहले तीनों बार ही ईडी की कार्यवाही हुई कोरबा, जगदलपुर, रायपुर तीनों जगह ही शाह के दौरे के पहले ईडी का आना मात्र संयोग है या साजिश? आज मुख्यमंत्री के जन्मदिन के दिन ईडी उनके राजनैतिक सलाहकार, ओएसडी के यहां पहुंची है।
उन्होंने कहा कि ईडी की छापेमारी और उसकी कार्यवाहियों की टाइमिंग बता रही कि वह भाजपा के राजनैतिक उद्देश्यों को पूरा करने चरणबद्ध तरीके से काम कर रही है। वह अपनी गतिविधियों से प्रदेश में एक सनसनी और सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का झूठा माहौल बनाने साजिश कर रही है। किसी के यहां छापेमारी करती है उसके दो महिने बाद उसकी संपत्ति अटैचमेंट करती है उसके दो माह बाद गिरफ्तारी करती है उसके एक माह बाद चार्जशीट दाखिल करती है कुल मिलाकर इनका उद्देश्य सिर्फ खबरें और सुर्खियां बनाना है ताकि मुद्दाविहीन भाजपा की मदद की जाये, लेकिन भाजपा का नेतृत्व मुगालते में है ईडी जितनी भी साजिशें करेगी भाजपा उतनी गर्त में जायेगी। प्रदेश का हर नागरिक जान रहा है यह जनता के हितैषी लोकप्रिय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को परेशान करने की साजिशें है। जनता जवाब 2023 के चुनाव में देगी, जब भाजपा दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंचेगी।
भाजपा अपने सत्ता बल का दुरुपयोग कर केंद्रीय जांच एजेंसियों को भाजपा का मोर्चा, संगठन, बना दिया है। इसीलिये भाजपा की प्रमुख अनुषांगिक संगठन ईडी मोर्चा, आईटी मोर्चा ने अपना चुनावी काम शुरू कर दिया है। कांग्रेस की राजनैतिक गतिविधियां रोकने भाजपा ईडी के साथ साजिश कर रही है। भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की लोकप्रियता का राजनैतिक रूप से मुकाबला नहीं कर पा रही है तो वह केंद्रीय जांच एजेंसियों को दुरूपयोग कर कांग्रेस सरकार की छवि खराब करने का षड़यंत्र रच रही है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री को इन्फोर्समेंट डायरेक्टर को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के नान घोटाला जिसमें गरीबों के राशन में 36,000 करोड़ का घोटाला हुआ, 6000 करोड़ के चिटफंड घोटाला की जांच के लिये अनुरोध किया। केंद्र सरकार नान और चिटफंड घोटाला की जांच ईडी से करवाने का साहस क्यों नहीं दिखा रही? क्यों इस घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का नाम है इसलिये भाजपा नान और चिटफंड घोटाले की जांच में घबरा रही है। जब काल्पनिक और कूटरचित मुद्दों के आधार पर ईडी कार्यवाही कर सकती है तब ठोस साक्ष्यों के आधार पर ईडी की जांच क्यों रोका जा रहा है?
पत्रकार वार्ता में संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी, राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, घनश्याम राजू तिवारी, अजय साहू, सुरेंद्र वर्मा, सत्यप्रकाश सिंह, रिषभ चंद्राकर, आयुष पांडेय उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने किया 'गढ़ा भरोसा' का विमोचन
रायपुर । मुख्यमंत्री बघेल ने बुधवार को अपने जन्मदिन पर जनसंपर्क विभाग की मासिक पत्रिका छत्तीसगढ़ जनमन के विशेष परिशिष्ट "गढ़ा भरोसा " का विमोचन किया। यह परिशिष्ट छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जनघोषणा पत्र के वादे निभाने के साथ अन्य महत्वपूर्ण जनहितैषी कार्यों और उपलब्धियों पर केंद्रित है, जिनसे प्रतिध्वनित होता है - फौलादी इरादा : किया वादे से ज्यादा।
आरडीए में शुरू हुआ ऑनलाईन भुगतान
एसएमएस से मिले डिमान्ड नंबर का उपयोग कर वेबसाईट में होगा भुगतान
रायपुर। रायपुर विकास प्राधिकरण ने आवंटितियों को अपनी संपत्तियों की राशि भुगतान करने के लिए ऑनलाईन पेमेन्ट की सुविधा प्रारंभ कर दी है। रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धर्मेश कुमार साहू के अनुसार भुगतान करने हेतु आवंटितियों को प्राधिकरण से उनके मोबाईल पर एसएमएस से डिमान्ड नंबर मिलेगा। इसके बाद भुगतान के लिए आवंटितियों को प्राधिकरण की वेबसाईट आरडीए डॉट सीजीस्टेट डॉट जीओवी डॉट इन पर जाना होगा।
वेबसाईट में ऊपर दाहिनी ओर अंग्रेजी में ऑनलाईन पेमेन्ट का मेन्यू दिखेगा। इसमें क्लिक करने पर ऑनलाईन भुगतान हेतु ई-लिंक में स्थानांतरित किया जाएगा। जिसमें ऑनलाईन विंडो खुल जाएगी। इसमें डिमान्ड नंबर डालते ही आवंटिति के भुगतान का विवरण उसकी संपत्ति के विवरण के साथ आ जाएगा। भुगतान किन किन मदों में होगा इसका विवरण होगा। इसमें दर्शित कुल राशि का भुगतान हेतु नीचें दाहिनी ओर मेक ऑनलाईन पेमेन्ट का बटन क्लिक करना होगा। इससे बाद पेमेन्ट इन्फरमेशन विंडो खुलेगी। जिसमें भुगतान हेतु क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग तथा यूपीआई के विकल्प उपलब्ध होगा। यूपीआई के अंतर्गत भीम यूपीआई, पे-फोन, जीपे (तेज), पेटीएम व व्हॉट्सएप्प के माध्यम से भुगतान किया जा सकेगा। यूपीआई से भुगतान के लिए क्यू आर कोड से भुगतान हो सकेगा। भुगतान के बाद इसकी रसीद भुगतानकर्ता प्रिन्ट कर सकेगा।
रायपुर विकास प्राधिरकरण द्वारा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर विकास प्राधिकरण ने अपने आवंटितियों और बकायादारों को एक मुश्त बकाया राशि भुगतान करने पर सरचार्ज राशि में 30 से 50 प्रतिशत तक की 31 अगस्त तक छूट देने की घोषणा की थी। फलस्वरुप राशि का ऑनलाईन भुगतान भी किया जा सकता है। रिफंड की स्थिति में ऱाशि खाते में रिफंड की जाएगी।
रमन राज में आदिवासियों का शोषण हुआ : कांग्रेस
कांग्रेस राज आदिवासी समाज के लिये स्वर्णिमकाल : बैज
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस राज आदिवासी समाज के लिये स्वर्णिम है। पिछले पांच साल में आदिवासी समाज के उत्थान के लिये मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में अनेको महत्वपूर्ण योजनाएं बनाकर उनका प्रभावी क्रियान्वयन करवाया गया है जिससे आदिवासी समाज के लोगों के जीवन स्तर पर व्यापक परिवर्तन आया है। कांग्रेस सरकार ने पांच साल में आदिवासी वर्ग के शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य के एवं कानूनी अधिकार के लिये अनेको कार्य किया। कांग्रेस सरकार ने आदिवासियों से किए वादों को पूरा किया। चार साल में आदिवासी वर्ग के हित के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजना बनाई गई। आदिवासियों के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, जल, जंगल, जमीन, उनके कानूनी अधिकारों के लिए काम किया गया है। विश्व आदिवासी दिवस के दिन 9 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश, राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन सहित अनेक जनकल्याणकारी योजना बनाकर आदिवासी वर्ग को आर्थिक रूप से मजबूत सक्षम बनाने के लिए काम किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने आदिवासी वर्ग के चहुंमुखी विकास के लिए रोजगार मूलक योजनाएं बनाई। बस्तर क्षेत्र में आदिवासी के वर्ग शिक्षा के लिए 300 से अधिक बंद स्कूलों को खोला गया। नक्सलवाद को खत्म करने के लिए विश्वास, विकास और सुरक्षा के नीतियों के तहत काम किया गया। रमन सरकार के दौरान दस गांवों के 1707 आदिवासी परिवार से छीनी गई 4200 एकड़ जमीन को लौटाई गई, जेल में बंद निर्दोष आदिवासियों को जेल से मुक्त कराया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि तेंदूपत्ता का मानक दर 2500 रु से बढ़ाकर 4000 रु प्रति बोरा किया गया, 65 वनोपज की समर्थन मूल्य में खरीदी की गई, चरणपादुका खरीदने नगद राशि दी गई, बस्तर में मक्का प्रोसेसिंग प्लांट लगाया गया। पेशा के नियम बनाये गये। 24827 व्यक्तिगत 20,000 से अधिक सामुदायिक व 2200 वन संसाधन पट्टे वितरित किए गए, 16 लाख से अधिक हेक्टर भूमि आदिवासी वर्ग को वितरित किया गया है। 4,38,000 से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र वितरित किया गया। 44,300 से अधिक सामुदायिक वन अधिकार पत्र वितरित किया गया। 2175 से अधिक वन संसाधन अधिकार ग्राम सभा को प्रदान की गई। मिलेट मिशन शुरू किया गया और बस्तर के वनोपज को देश-विदेश तक पहुँचाया गया।
उन्होंने कहा कि रमन सिंह का शासनकाल आदिवासियों के लिये शोषण और परेशानी का समय था। आदिवासी भूमि संशोधन विधेयक लाकर आदिवासियों की जमीनों को हड़पने का कानून रमन सिंह ने बनाया था। कांग्रेस के विरोध के बाद वापस लिया गया। बस्तर में लोहंडीगुड़ा में आदिवासियों की जमीनो को टाटा संयंत्र नहीं लगने के बाद भी वापस नहीं किया जबकि भू-अधिग्रहण अधिनियम 2013 के अनुसार जमीन वापस करने कानून है। रमन सरकार ने आदिवासियों की जमीन लैड बैंक बनाकर खुद रख लिया। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनकी जमीनों को वापस करवाया। वन अधिकार पट्टे और पेसा कानून को लटका कर रख गया था। रमन राज में बस्तर सरगुजा में आदिवासियों के मौलिक और संवैधानिक अधिकार रद्द कर दिये गये थे। उनके जबरिया जेलों में बंद कर दिया गया था। उनकी हत्याये होती यही कारण था आदिवासी समुदाय ने भाजपा का तिरस्कार कर दिया था।
पूर्व IAS नीलकंठ टेकाम भाजपा में हुए शामिल, ओम माथुर ने दिलाई सदस्यता
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव नजदीक है। ऐसे में प्रदेश में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई। कोंडागांव जिले के पूर्व कलेक्टर नीलकंठ टेकाम बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए हैं। छत्तीसगढ़ के 2008 बैच के IAS ऑफिसर नीलकंठ टेकाम को छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने केशकाल में भाजपा की सदस्यता दिलाई।
नीलकंठ टेकाम के वीआरएस के आवेदन पर केंद्र सरकार ने 17 अगस्त 2023 को मंजूरी दे दी थी। टेकाम केशकाल या कोंडागांव से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। कांकेर के अंतागढ़ के सरईपारा निवासी टेकाम की इलाके में काफी सक्रियता है। पूर्व आइएएस ओपी चौधरी के बाद टेकाम दूसरे IAS हैं, जिन्होंने भाजपा की सदस्यता के लिए नौकरी से वीआरएस लिया है।
कार्यक्रम के दौरान नीलकंठ टेकाम ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि प्रशासनिक अधिकारी रहते जो सहयोग मुझे मिला, उससे ज्यादा विश्वास और सहयोग लोगों का मिलेगा। आने वाले दिनों में हम छत्तीसगढ़ और बस्तर के लिए जरुर कुछ कर के दिखाएंगे। आगे उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुझे जबरदस्ती तीन साल से बेवजह बैठाकर रखा गया था। लेकिन अब पहले जो छोटी-मोटी बाधाएं आती थीं अब वो बाधाएं नहीं रहेंगी। हम खुलकर के काम करेंगे।
ऑनलाइन सट्टा केस में ASI समेत 4 आरोपी की कोर्ट में पेशी, ED को मिली 6 दिन की रिमांड
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ईडी ने ऑनलाइन सट्टा मामले में ASI समेत 4 आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने ED को 6 दिन की रिमांड दे दी है। अगली सुनवाई 29 अगस्त को होगी। यह मामला महादेव सट्टा एप और मनी लांड्रिंग से जुड़ा हुआ है।
बुधवार को रायपुर जिला कोर्ट में आरोपियो को पेश किया गया। जिनमें ASI चंद्रभूषण वर्मा, सतीश चंद्राकर, कारोबारी अनिल दामानी और सुनील दामानी को आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपियों को मंगलवार को पूछताछ के लिए ED ने हिरासत में लिया था। ASI को ED ने बीजापुर से हिरासत में लिया था।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जन्मदिवस पर श्रमवीरों को दी सौगात, श्रमिक आवास सहायता योजना की बढ़ाई राशि
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आज उनके जन्मदिवस पर राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक से शहीद भगत सिंह चौक तक जुटी भीड़ में लोगों ने अभूतपूर्व स्वागत तथा अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री बघेल ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ में श्रमिकों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की।इनमें मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना की राशि 50 हजार रूपये से बढ़ाकर 01 लाख रूपये करने और राज्य के श्रम पदाधिकारी कार्यालय बस्तर, सरगुजा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार एवं राजनांदगांव का सहायक श्रमायुक्त कार्यालय में उन्नयन की घोषणा शामिल है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के तहत प्रदेश के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को स्वयं के भू-खण्ड पर आवास निर्माण-नवीन आवास क्रय करने के लिए राशि 50 हजार रूपए मंडल द्वारा एकमुश्त देने का प्रावधान है, इस योजना की राशि को बढ़ाकर एक लाख रूपए करने की घोषणा की गई। इसी तरह राज्य के श्रम पदाधिकारी कार्यालय बस्तर, सरगुजा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार एवं राजनांदगांव का उन्नयन कर सहायता श्रमायुक्त कार्यालय किए जाने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री बघेल ने इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में सभी वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इनमें किसान, मजदूर से लेकर अनुसूचित वर्ग सहित सभी वर्ग के लोगों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इस कड़ी में आज श्रमिकों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गई हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने इस अवसर पर श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 2 हजार 507 हितग्राहियों को एक करोड़ 81 लाख रूपए की राशि का वितरण कर लाभान्वित किया।
इन योजनाओं में मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना में एक हितग्राही को 5 लाख रूपए, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना में 6 हितग्रहियों को 3 लाख रूपए तथा मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना में 500 हितग्राहियों को 20 हजार रूपए प्रति हितग्राही के मान से एक करोड़ रूपए की राशि प्रदान की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना अंतर्गत एक हजार 860 महिला हितग्राही को 68 लाख 19 हजार रूपए तथा 140 पुरूष हितग्राहियों को 5 लाख 18 हजार रूपए की देय राशि शामिल है। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन तथा श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल सुशील सन्नी अग्रवाल सहित श्रम मंडल के पदाधिकारी तथा नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग पर ISRO के वैज्ञानिकों को दी बधाई
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों और देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि हमारे वैज्ञानिकों ने अपनी प्रतिभा से इस कठिन मिशन को पूरा कर इतिहास रच दिया है।
भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग करने वाला दुनिया का पहला देश और चंद्रमा पर पहुंचने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है। देश के लोगों को इस उपलब्धि पर गर्व है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ नागरिकों की ओर से इस मिशन से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी है।
CM बघेल ने जन्मदिन पर कुम्हारी वासियों को 55 करोड़ 33 लाख के विकास कार्यों की दी सौगात
दुर्ग : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने जन्मदिन पर दुर्ग जिले के कुम्हारी में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों को 55 करोड़ 33 लाख 56 हजार के विकास कार्यों की सौगात दी। जिसमें 7 करोड़ 95 लाख 43 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 47 करोड़ 38 लाख 13 हजार रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में नागरिकों ने उनके जन्मदिवस पर मंच में लड्डुओं और किसानों ने धान से तौला। मुख्यमंत्री बघेल ने नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्रांतर्गत विभिन्न विकास कार्यों हेतु 4 करोड़ 73 लाख 93 हजार रुपए एवं दुर्ग के कृषि उपज मंडी समिति अंतर्गत 3 निर्माण कार्यों हेतु 3 करोड़ 21 लाख 50 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसी प्रकार भूमिपूजन अंर्तगत उन्होंने विकासखंड पाटन की भिलाई डिस्ट्रीब्यूट्री एवं इसके 5 नग माइनर नहरों के जीर्णाेद्धार एवं लाइनिंग कार्य हेतु 13 करोड़ 61 लाख 36 हजार, कुम्हारी बड़ा तालाब (वार्ड क्रमांक 13) से कुम्हारी शमशान घाट तक 1.5 किमी क्षेत्र में मार्ग एवं पुलिया निर्माण हेतु 3 करोड़ 49 लाख 15 हजार रुपए, नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न विकास कार्यों हेतु 4 करोड़ 1 लाख 85 हजार रुपए एवं कृषि उपज मंडी समिति, दुर्ग के अंतर्गत 16 निर्माण कार्यों हेतु 26 करोड़ 25 लाख 77 हजार रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
चांद पर पहुंचा चंद्रयान 3, कामयाब हुआ मिशन चंद्रयान- Video
रायपुर। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने चांद पर इतिहास रच दिया है। चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग (Moon South Pole Landing) हो गई है।
Chandrayaan-3 Moon Landing Live Updates: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने चांद पर इतिहास रच दिया है। चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग (Moon South Pole Landing) हो गई है। इसरो ने अपने सीधे प्रसारण में इसकी जानकारी दी है।
https://youtu.be/DLA_64yz8SsCG में एक और बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग : नवा रायपुर में आज से निर्माता-निर्देशक रत्ना सिन्हा की नई मूवी की शूटिंग शुरू
रायपुर। छत्तीसगढ़ की नई फिल्म नीति लागू होने के बाद यहां बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग का सिलसिला लगातार जारी है। नवा रायपुर में बुधवार से एक और बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग शुरू हुई। हिन्दी फिल्म ‘शादी में ज़रूर आना’ फेम निर्माता-निर्देशक रत्ना सिन्हा की नई हिन्दी फ़िल्म का आज मुहुर्त शॉट सम्पन्न हुआ।
रायपुर और नवा रायपुर में अगले 20 दिनों तक इसकी शूटिंग चलेगी। फिल्म में अक्षय ओबेरॉय, अशनूर कौर और आदिल मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। आज नवा रायपुर में फिल्म के मुहूर्त शॉट के मौके पर छत्तीसगढ़ सरकार के सलाहकार गौरव द्विवेदी भी मौजूद थे।

CM भूपेश बघेल का जन्मदिन आज : राजनेताओं के साथ ही ब्यूरोक्रेट्स भी पहुंच रहे बधाई देने
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आज यानी बुधवार को जन्मदिन है। इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत प्रदेश के कांग्रेसी नेता, मंत्री, विधायक, कार्यकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी सभी सीएम को बधाइयां दे रहे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज दूरभाष पर सीएम बघेल को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने भूपेश बघेल को स्वस्थ, सुदीर्घ और खुशहाल जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्यमंत्री बघेल को दूरभाष पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने सीएम के स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की कामना की। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर सीएम बघेल को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने बघेल के सुदीर्घ और स्वथ्य जीवन की कामना की। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने भी आज मुख्यमंत्री भूपेश को दूरभाष पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना की।

उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री बघेल को जन्मदिन के अवसर पर शुभकामनाएं दी। स्कूल शिक्षा मंत्री रविन्द्र चौबे ने भी सीएम को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने भी सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी।

वहीं मुख्यमंत्री बघेल के जन्मदिवस के अवसर पर सीएम हाउस पहुंच कर मुख्यसचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, अंकित आनंद, डॉ. एस. भारतीदासन, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर ग्रामीण अजय यादव, संचालक प्रशासन अकादमी टीसी महावर, संचालक जनसंपर्क सौमिल रंजन चौबे ने पुष्प कुछ भेंट कर मुख्यमंत्री को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

पूर्व सरपंच महेश गोटा की हालत गंभीर, एयरलिफ्ट कर किया गया दिल्ली रिफर, नक्सलियों ने अपहरण कर की थी हत्या की कोशिश
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों की ओर से अपहरण के बाद सड़क पर अधमरा कर छोड़े गए फरसेगढ़ के पूर्व सरपंच और BJP कार्यकर्ता महेश गोटा की स्थिति गंभीर है। महेश गोटा को एयरलिफ्ट कर दिल्ली रिफर किया गया है। एयर एंबुलेंस दिल्ली से जगदलपुर पहुंची थी। मंगलवार को मौसम खराब होने की वजह से एयर एंबुलेंस उड़ान नहीं भर पाई थी। पूर्व सरपंच का मेकाज में इलाज चल रहा था।
उल्लेखनीय है कि, तीन दिन पहले नक्सलियों ने अपहरण कर पूर्व सरपंच महेश गोटा को जान से मारने की कोशिश की थी। इससे पूर्व सरपंच को सांस लेने में परेशानी हो रही है। महेश के परिजनों ने बताया कि, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने एयर एंबुलेंस की व्यवस्था करवाई है।
ये है पूरा मामला
उल्लेखनीय है कि, दामाराम गांव में स्थित कुपरेल की पहाड़ी में हर साल ग्रामीण पूजा करने जाते हैं। यह पूजा अच्छी खेती और क्षेत्र में शांति के लिए की जाती है। फरसेगढ़, कुटरू, गुदमा सहित कई गांवों के करीब 200 से 250 ग्रामीण रविवार की सुबह यही पूजा करने के लिए दामाराम गांव में स्थित कुपरेल की पहाड़ी गए थे। इसी दौरान 50 से ज्यादा ग्रामीणों को नक्सलियों ने अगवा कर लिया और अपने साथ ले गए थे। इसमें पूर्व सरपंच महेश गोटा भी शामिल था। नक्सलियों ने पूछताछ के बाद 49 ग्रामीणों को उसी दिन देर शाम को छोड़ दिया था, लेकिन महेश गोटा को बंधक बनाकर रखा था, जिसे सोमवार देर रात हत्या की कोशिश कर नक्सलियों ने फेंक दिया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने महेश गोटा को गंभीर हालत में देखा। फिर इसकी जानकारी गांव वालों को दी गई और गंभीर रूप से घायल महेश गोटा को अस्पताल पहुंचाया गया।
CSIDC अध्यक्ष नंदकुमार साय ने 3 विधानसभा सीटों से पेश की दावेदारी
रायपुर। प्रदेश में विधानसभा चुनाव काफी नजदीक है। ऐसे में इसकी तैयारियां काफी तेज हो गई हैं। एक ओर भाजपा पूरी तैयारियां कर रही है तो वहीं कांग्रेस ने भी कमर कस ली है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का चेहरा किस विधानसभा से कौन होगा इस पर से तो पर्दा सितंबर के पहले हफ्ते में ही उठ जाएगा। मगर उससे पहले विधानसभा सीटों में अपनी-अपनी दावेदारी को लेकर अब प्रत्याशी आवेदन जमा कर रहे हैं। ऐसे में CSIDC अध्यक्ष और आदिवासी समाज के बड़े नेता डॉ नंदकुमार साय ने अपनी दावेदारी लैलूंगा के साथ-साथ दो और जगह पेश कर दी है।
नंदकुमार साय ने पत्थलगांव, कुनकुरी और लैलूंगा विधानसभा सीट से दावेदारी की है. साय ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को दावेदारी का आवेदन सौंप दिया है.डॉ. नंदकुमार साय के कांग्रेस में प्रवेश करते ही वे किस विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश करेंगे ये बात चर्चा में बनी हुई थी। वहीं अब उन्होंने 3 विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। नंद कुमार साय आदिवासी समाज के बहुत बड़े नेता हैं। जिससे उनकी यहां अच्छी पकड़ है। अब लिस्ट आने के बाद ये बात साफ़ होगी कि कांग्रेस पार्टी इन तीन सीटों में से उन्हें कौन से सीट से अपना उम्मीदवार बनाती है।