छत्तीसगढ़
CRIME: राजधानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 लाख रुपए कीमत के 27 किलो चांदी के जेवरात जब्त
रायपुर। राजधानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 14 लाख रुपए कीमत के 27 किलो चांदी के जेवरात जब्त किया गया है। थाना आजाद चौक क्षेत्रांतर्गत आमापारा चौक के पास वाहन चेकिंग के दौरान चारपहिया टवेरा वाहन में लाखो रुपए कीमत के चांदी को जब्त किया गया। जब्त चांदी के जेवरात की कीमत करीबन 14 लाख रुपए है।
RAIPUR CRIME: दोनों व्यक्ति मूलत: मलाजखंड बालाघाट मध्यप्रदेश के निवासी है।व्यक्ति अवैध रूप से चार पहिया वाहन टवेरा क्रमांक एम. पी./50/बी. सी./0588 में चांदी का परिवहन कर रहें थे। यह कार्रवाई थाना आजाद चौक पुलिस ने की है।
अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर नकेल कसने सहित आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस महानिरीक्षक रेंज जिला रायपुर श्री आर.एल.डांगी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल के निदेर्शानुसार जिला रायपुर के समस्त थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों सहित संदिग्ध वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है।
इसी तारतम्य में दिनांक 11.10.2023 को थाना आजाद चौक क्षेत्राअंतर्गत की संयुक्त टीम द्वारा वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान चारपहिया वाहन क्रमांक एम.पी./50/बी. सी./0588 को चेक करने हेतु रोकवाया गया।
वाहन में दो व्यक्ति सवार थे, जिन्होने पूछताछ में अपना नाम विवेक कुमार सोनी , करण सोनी निवासी पवनी बालाघाट मध्यप्रदेश का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा वाहन को चेक करने पर वाहन में अलग-अलग बैगो में चांदी के जेवरात रखा होना पाया गया। टीम के सदस्यों द्वारा चांदी के जेवरातों के संबंध में पूछताछ करने व वैध दस्तावेज की मांग करने पर उनके द्वारा चांदी के जेवरातों के संबंध में पूर्ण दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा दो व्यक्तियों के पास रखे कुल 27 किलोग्राम चांदी के जेवरात कीमती लगभग 14 लाख रुपए को धारा 102 जा.फौ. के तहत थाना आजाद चौक में जप्त कर माननीय न्यायालय एवं जीएसटी विभाग को सूचना दी जा रही है।
व्यक्तियों का नाम
01.विवेक कुमार सोनी पिता श्री रमेश सोनी उम्र 46 वर्ष निवासी पवनी बालाघाट मध्य प्रदेश।
02.करण सोनी पिता विवेक सोनी उम्र 22 वर्ष निवासी पावनि बालाघाट मध्य प्रदेश।
कॉलेज छात्र की हत्या से सनसनी, सिगरेट के उधार पैसे को लेकर दुकानदार ने छात्र को उतारा मौत के घाट
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में एक कालेज छात्र की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सिगरेट के उधार पैसों को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद के बाद स्थिति मारपीट तक पहुंच गयी और फिर पान ठेला के संचालक ने कालेज छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या की ये वारदात सरकंडा थाना से महज कुछ दूरी पर खेल मैदान में हुआ, जहां कालेज छात्र अपने एक दोस्त का बर्थ डे मनाने पहुंचे थे।घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने देर रात नाकेबंदी कर फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बिलासपुर जिला में हत्या की ये वारदात सरकंडा थाना से महज कुछ फ्लांग की दूरी पर स्थित खेल मैदान में हुआ। बताया जा रहा है कि यहां रात के वक्त कालेज के छात्र अपने दोस्त का बर्थ डे मनाने पहुंचे थे। इस दौरान शराब पीने के बाद रात करीब 9 बजे के लगभग पास के ही पान दुकान से कुछ युवक सिगरेट लेने गये थे। उधार में सिगरेट नही देने की बात को लेकर कालेज छात्रों का पानठेला के संचालक अमित से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर युवको ने दुकानदार के साथ मारपीट करने के बाद फरार हो गये। उधर मैदान में गार्ड के साथ छात्र देवव्रत सिंह अकेले मौजूद था।
इसी दौरान दुकानदार चाकू लेकर खेल मैदान में पहुंचा और देवव्रत सिंह पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसकी जान ले ली। मृतक देवव्रत जशपुर जिले के लैलूंगा का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी पंकज के दोस्त दीपक का बर्थडे मनाने निकला वहां पहुंचा हुआ था।
बताया जा रहा है कि देवव्रत को खून से लथपथ देखकर पंकज और उसके दोस्त उसे छोड़कर मौके से भाग गये थे। इसके बाद पंकज ने रात करीब 11 बजे खेल परिसर के सिक्योरिटी गार्ड शंकर वस्त्रकार को फोन कर देवव्रत के खेल मैदान में नशे में गिर जाने की जानकारी दिया गया। इसके बाद शंकर ने अपने सुपरवाइजर के साथ घटना की सूचना पुलिस को दिया गया।
उधर हत्या की जानकारी मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत छात्र अस्पताल भिजवाया गया, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। जिसके बाद गार्ड से पूछताछ कर पुलिस ने सूचना देनें वाले पंकज को हिरासत में लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसके अन्य साथियों को भी हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गयी।
पुलिस के सख्ती से पूछताछ करने पर युवको ने पूरे घटना की जानकारी देते हुए पानठेला संचालक द्वारा हत्या की वारदात को अंजाम देने की जानकारी बतायी गयी। जिसके बाद पुलिस ने रात में ही आरोपी अमित यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
नवरात्रि से पहले मां पार्वती की मूर्ति के साथ छेड़छाड़, मूर्ति के साथ असामाजिक तत्वों ने किया ये घटिया काम, पढ़िए क्या है पूरी खबर...
भिलाई। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है, जिसके बाद प्रशासन सख्त हो गई है। लेकिन दूसरी ओर भिलाई में एक बार फिर असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की है। यहां बदमाशों ने मां पार्वती की मूर्ति को खंडित कर कपड़े हटा दिए हैं। मामले की सूचना मिलने ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंची और सीसीटीवी खंगाल रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला छावनी थाना क्षेत्र, जहां असामाजिक तत्वों ने नवरात्रि से पहले मां पार्वती की मूर्ति के साथ छेड़छाड़ कर धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने की कोशिश की है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने देवी की मूर्ति को खंडित कर दिया और उनके वस्त्र हटा दिए हैं। वहीं, जब स्थानीय महिलाओं की नजर पड़ी तो उन्होंने देवी को वापस वस्त्र पहनाए और मामले की सूचना पुलिस को दी।
बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब असामाजिक तत्वों ने देवी-देवताओं की मूर्ति के साथ छेड़छाड़ कर धार्मिक भावना को भड़काने का काम किया है। पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं।
मुख्यमंत्री के ओएसडी ने दिया त्यागपत्र
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी आशीष वर्मा ने ओएसडी पद से मंगलवार को त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना त्याग पत्र सचिव छग शासन सामान्य प्रशासन विभाग को लिखित भेजा है। मुख्यमंत्री की अनुशंसा से ग्राम देमार (पाटन) निवासी आशीष वर्मा को ओएसडी के रूप में 20 दिसंबर 2018 को नियुक्त किया गया था। बता दें कि ईडी ने मुख्यमंत्री बघेल के ओएसडी आशीष वर्मा के घर पर भी छापेमारी की थी. जिस दिन भूपेश बघेल अपना जन्मदिन मना रहे हैं.
जीएसटी चोरों की उड़ जाएगी नींद, एक नवंबर से नियमों में होने जा रहा बदलाव...जानें लेटेस्ट अपडेट..!!
रायपुर। जीएसटी चोरों पर अंकुश लगाने के लिए एक नवंबर से जीएसटी के नियमों में बदलाव किया जा रहा है। इसके तहत अब 30 दिनों के अंदर पोर्टल में जीएसटी की रसीदें अपलोड करनी होगी। हालांकि यह नियम अभी 10 करोड़ या उससे अधिक के टर्नओवर वाली कंपनियों पर लागू होगा। आगे चलकर इसे जीएसटी के सभी करदाताओं पर लागू किया जाएगा
अधिकारियों का कहना है कि इस नियम के पीछे मुख्य उद्देश्य यही है कि जीएसटी चोरों पर अंकुश लगाया जाए। जानकारी के अनुसार जीएसटी के ई-इनवाइसिंग पोर्टल का संचालन करने वाले नेशनल इंफार्मेटिक्स सेंटर ने एक एडवाइजरी में जीएसटी अथारिटी को इनवाइस जारी होने के 30 दिनों के भीतर उसे पोर्टल पर अपलोड करने को कहा है। अधिकारियों का कहना है कि जीएसटी चोरों को बख्शा नहीं जाएगा।
दिसंबर तक चलेगी जांच गलत तरीके से जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराने वाली कंपनियों पर जीएसटी विभाग की टीम कड़ी नजर रखी हुई है। समय-समय पर ऐसे फर्जी फर्मों पर कार्रवाई भी होती है। बताया जा रहा है कि दिसंबर आखिर तक ऐसी कंपनियों पर लगातार जांच जारी रहेगी।
Railways new timetable: 1 अक्टूबर से लागू रेलवे की नई समय-सारणी, इन ट्रेनों की टाइमिंग बदली
बिलासपुर। भारतीय रेलवे की समय सारणी में 01 अक्टूबर, 2023 से विभिन्न सेक्शनों में आधारभूत संरचना को और अधिक विकसित करते हुए आंशिक परिवर्तन किया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 01 अक्टूबर, 2023 से लागू होने वाली नई रेलवे समय-सारणी में इस रेलवे से चलने वाली एवं होकर गुजरने अप दिशा एवं डाउन दिशा की 229 गाड़ियों का परिचालन समय कुछ स्टेशनों में 01 अक्टूबर, 2023 से बदलाव किया गया है।
अन्य स्टेशनों में समय सारणी यथावत रहेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की अप दिशा एवं डाउन दिशा की ट्रेनों में 229 स्टेशनों में गाड़ियों की समय सारणी में आंशिक परिवर्तन किया गया एवं अन्य रेलवे स्टेशनों में समय सारणी यथावत रहेगी।
देखें सूची.

पटवारी बर्खास्त : लापरवाही पर बड़ा एक्शन,प्रशासन ने किया पटवारी को बर्खास्त, जानिए क्या है पूरा मामला..!!
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से बड़ी खबर आ रही है। जमीन हेराफेरी मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। राज्य सरकार ने पटवारी को बर्खास्त कर दिया है। मामला जशपुर के फरसाबहार का है। फरसाबहार के पटवारी के खिलाफ काफी शिकायतें आयी थी। पटवारी का नाम अवधेश भगत बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक आरोपी अवधेश दूसरे व्यक्ति की नक्शे में छेड़खानी कर जमीन को दूसरे के नाम कर देता था। जमीन हेराफेरी के मामले में पटवारी के खिलाफ जांच के आदेश दिया गया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर पटवारी को बर्खास्त कर दिया गया है।
फरसाबहार एसडीएम ने तहसील कार्यालय फरसाबहार के पटवारी हल्का नंबर 22 गंझियाडीह, अवधेश कुमार भगत को अनियमितता के कारण निलंबित कर आरोप-पत्रादि जारी किया गया और श्री अवधेश कुमार भगत के विरुद्ध लगाए गए 7 आरोप में से समस्त आरोपों को पूर्णतया प्रमाणित होना पाए जाने पर सेवा से पदच्युत किया गया है। सूत्रो की माने तो जशपुर जिले मे इस प्रकार के कई मामले हैं जिसमे सही जांच हो जावे तो कई पटवारियों पर बर्खास्तगी की गाज गीर सकती है।
एसडीएम ने पटवारी हल्का नंबर 22 गंझियाडीह , अवधेश कुमार भगत को तहसील कार्यालय फरसाबहार में पटवारी के पद पर पदस्थ रहते हुए ग्राम गंझियाडीह स्थित भूमि ख.नं. 235/33 रकबा 0.202 हे. भूमि से नाम काटकर नक्शा में हेराफेरी कर जमीन बिक्री करवाने के मामले में अनियमितता के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत् निलंबित किया जाकर उन पर लगाए गए आरोपों के संबंध में आरोप-पत्रादि जारी किया है। श्री भगत के विरुद्ध 07 आरोप अधिरोपित है।
आरोपों के संबंध में अवधेश कुमार भगत द्वारा प्रस्तुत उत्तर 20 दिसंबर 2022 को समाधानकारक नहीं पाये जाने के कारण उनके विरूद्ध दिनांक 16 जनवरी 2023 को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-14 के तहत् विभागीय जांच संस्थित की गई, जिसमें श्री प्रशांत कुमार कुशवाहा, डिप्टी कलेक्टर, जशपुर को जांचकर्ता अधिकारी तथा अनुविभागीय अधिकारी (रा.) फरसाबहार को प्रस्तुतकर्ता अधिकारी नियुक्त किया गया।जांचकर्ता अधिकारी द्वारा दिनांक 07 जुलाई 2023 को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें अवधेश कुमार भगत के विरूद्ध लगाये गये 07 आरोपों में से समस्त आरोपों को पूर्णतया प्रमाणित होना पाया गया। अवधेश कुमार भगत के विरूद्ध लगाये गये आरोपों, जांचकर्ता प्राधिकारी द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के निष्कर्षों तथा जांच प्रतिवेदन पर अपचारी कर्मचारी द्वारा प्रस्तुत अभ्यावेदन का परीक्षण किया गया। परीक्षणोपरान्त श्री भगत का अभ्यावेदन समाधानकारक नहीं पाया गया। छ.ग. भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 104 (2) के अधिकारों का प्रत्यायोजन अनुविभागीय अधिकारी (रा.) को किये जाने के अनुक्रम में कार्यालय कलेक्टर (भू-अभिलेख शाखा) जशपुर के निर्देशानुसार कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुनकुरी के आदेश से श्री अवधेश कुमार भगत को पटवारी परीक्षा उत्तीर्ण करने के फलस्वरुप छ.ग. भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 104 (2) के तहत् प.ह.नं. 10- डोभ में अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया।
श्री भगत के विरूद्ध लगाये गये आरोपों की पुष्टि की दशा में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम – 10 (नौ) में दिये गए प्रावधानों तथा भू अभिलेख नियमावली के नियम 8 के अनुसार पटवारी को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के द्वारा पदच्युत किये जाने की अधिकारिता के तहत् अवधेश कुमार भगत, पटवारी को आदेश जारी 06 अक्टूबर 2023 से मुख्य शास्ति “सेवा से पदच्युत, बर्खास्त किया गया है, जो कि शासन के अधीन भावी नियोजन के लिए अनर्ह होगा
मोदी के संसदीय क्षेत्र का किसान 1300 रुपए क्विंटल में धान बेचने को मजबूर : कांग्रेस
कांग्रेस सरकार ने 2660 रु में धान खरीदी की : बैज
रायपुर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने धान खरीदी पर केंद्र पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क़ी संसदीय क्षेत्र बनारस के किसानों को छत्तीसगढ़ के किसानों की तरह धान की कीमत 2500 प्रति क्विंटल नहीं मिल रहा है। बनारस के किसान अपनी धान को औने पौने दाम 1300 रु प्रति क्विंटल की दर पर बेचने मजबूर हैं। छत्तीसगढ़ आकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के बड़े नेता प्रदेश में हो रही धान खरीदी का झूठा श्रेय लेने के लिए संगठित होकर झूठ बोलते है इसका पर्दाफ़ास बनारस के किसानो के मायूस चेहरा से होता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा भाजपा की डबल इंजन की सरकार किसानों के उपज की खरीदी नही कर रही है भाजपा के दोनों इंजन की सरकार किसानों के खिलाफ चल रही है किसानों को सिर्फ लूट रही है। उत्तर प्रदेश ही नहीं मध्य प्रदेश गुजरात और हरियाणा सहित भाजपा शासित राज्यों में किसान खेती किसानी से दूर हो रहे है उपज की सही कीमत नही मिलने के चलते हताश परेशान है कर्ज में दबे हुये है। भाजपा शासित राज्यों में महंगी बिजली समय पर रासायनिक खाद नहीं मिलना और फसल की खरीदी नहीं होना किसानों के दुर्दशा के लिए जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में धान कांग्रेस सरकार अपने खुद के दम पर खरीदती है धान खरीदने में केन्द्र सरकार का एक पैसे का भी योगदान नहीं है। इस वर्ष भी कांग्रेस सरकार ने 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी का लक्ष्य रखा है तथा इस वर्ष राज्य के किसानों से कांग्रेस सरकार 125 लाख मीट्रिक टन धान खरीदेगी। छत्तीसगढ़ देश का अकेला ऐसा राज्य है जहां किसानों को प्रति एकड़ धान पर 9,000 रूपये तथा अन्य फसल पर 10,000 रूपये की इनपुट सब्सिडी मिलती है। छत्तीसगढ़ देश का अकेला राज्य है जहां पर कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 7000 रूपये मिलता है छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के खाते में 1.75 लाख करोड़ रूपये सीधे डाला है। राज्य सरकार धान खरीदी मार्कफेड के माध्यम से करती है इसके लिये मार्कफेड विभिनन वित्तीय संस्थाओं से ऋण लेती है तथा इस ऋण के लिये बैक गारंटी राज्य सरकार देती है तथा धान खरीदी में जो घाटा होता है उसको भी राज्य सरकार वहन करती है पिछले वर्ष मार्कफेड ने लगभग 35000 करोड़ का ऋण धान खरीदी के लिये लिया था। मोदी सरकार तो घोषित समर्थन मूल्य से 1 रूपये भी ज्यादा कीमत देने पर राज्य सरकार को धमकाती है की वह राज्य से केन्द्रीय योजनओं के लिये लगने वाला चावल नही खरीदेंगीं।
भाजपा ने अधिकार दिया और कांग्रेस ने महिलाओ को ठगा : सरोज पाण्डेय
'नारी शक्ति वंदन सम्मेलन' में महिला मोर्चा ने मोदी को दिया धन्यवाद, चुनाव के लिए भरी हुंकार
रायपुर । भाजपा महिला मोर्चा ने बुधवार को अग्रेसन कॉलेज में रायपुर पश्चिम विधानसभा का विधानसभा स्तरीय नारी शक्ति सम्मेलन आयोजित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाए गए 'नारी शक्ति वंदन' विधेयक के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद ज्ञापित करना था। मुख्य वक्ता के रूप में लोकसभा सांसद सरोज पाण्डेय उपस्थित थी। मुख्य आतिथ्य में राजेश मूणत की उपस्थिति रही।
महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सीमा संतोष साहू के नेतृत्व में आहूत विधानसभा स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए सरोज पांडेय ने कहा की 75 वर्ष की आजादी के पश्चात आज यह प्रथम अवसर है जब केंद्र की सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए असल मायने में अनुकूल कदम उठाए। इसके पूर्व में भी बहुत सी सरकारें आईं और गई बड़े बड़े विज्ञापन चलते की लड़की लड़का एक समान परंतु किसी ने भी नारियों के सशक्तिकरण के लिए संविधान सम्मत अधिकार देने का कार्य नहीं किया। परंतु प्रधानमंत्री मोदी ने जब से भारत की कमान संभाली शनैः शनैः नारियों के हित में कदम उठाए। प्रत्येक सरकारी सुविधाओं हेतु परिवार के मुखिया का अधिकार महिलाओ के हक में रखा। आज महिलाओ का अधिकार और रूतबा चहुओर बढ़ा है। अब संवैधानिक अधिकार महिलाओ को दिए गए। आज मोदी ने महिला आरक्षण के माध्यम से 'नारी शक्ति वंदन' किया और आज हम सभी महिलाएं प्रधानमंत्री का अभिनंदन करती हैं। हमे आपने संवैधानिक रूप से सहभागिता करने का अधिकार दिया है जिसके लिए हम आपकी आभारी है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर सीधा हमला बोला उन्होंने कहा की एक ओर केंद्र में मोदी के नेतृत्व वाली सरकार महिलाओ को संवैधानिक अधिकार देती है और दूसरी तरफ कांग्रेस की सरकार जिन्होंने गंगाजल की झूठी कसमें खाकर उनके साथ छल किया। जिसका जवाब छत्तीसगढ़ की महिलाएं विधानसभा चुनाव में देंगी। शराबबंदी का वादा करके सत्ता पाने वाली कांग्रेस सरकार ने तो शराब की ऑनलाइन डिलिवरी चालू कर दी। सही मायने में कहा जाए तो शराब की ऑनलाइन डिलिवरी के साथ ही घरेलू हिंसा की भी ऑनलाइन डिलिवरी कांग्रेस सरकार ने की है।
शराबबंदी का झूठा वादा कांग्रेस सरकार के पतन का कारक बनेगा : राजेश मूणत
रायपुर पश्चिम के भाजपा प्रत्याशी और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने कहा की आज छत्तीसगढ़ में महिला सुरक्षा सबसे गंभीर मुद्दा है। इसमें भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पूर्णतः विफल है। एसपी कार्यालय के सामने अनाचार जैसा जघन्य अपराध घटित हो जाता है और प्रदेश के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के मुंह से चूं तक नही निकलती। यह उदासीन रवैया ही महिलाओ की असुरक्षा का प्रमुख कारण है।
महिला सम्मेलन में नारी शक्ति को नमन करते हुए करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के सहयोग के सुखी परिवार की कल्पना अधूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सम्मान में शौचालय का निर्माण करवाया है। नारी अभिमान और सम्मान के साथ जीवन जिए यह भाजपा का संकल्प है। अब समय आ चुका है जब प्रदेश की महिलाएं अपनी शक्ति को पहचान कर उसका सदुपयोग करे। मुझे याद है छत्तीसगढ़ में 2004 जब शराबबंदी की कही कोई चर्चा नहीं थी तब महिलाओं ने समूह बनाकर (गुलाबी गैंग) शराब बेचने वालो को गांव के बाहर का रास्ता दिखाया था। गली मोहल्लों में शराबियो में डर रहता था वही डर घर-घर शराब बेचने वाली सरकार में होना चाहिए। गंगाजल की झूठी कसमें खाने वालो को सत्ता से बाहर उठा फेकने का वक्त अब आ चुका है।
मूणत ने महिलाओ सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव दीपावली के समय आया है। नवरात्रि के बाद दीपावली आएगी,अगर कमल फूल पर मुहर लगाएंगे,तो कमल पर सवार होकर माता लक्ष्मी हरघर में आएंगी और गांव-गांव में विकास और सुख शांति समृद्धि बढ़ेगी। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि विधानसभा चुनाव में शराबबंदी, बढ़ते अपराध, महिला सुरक्षा , महिलाओं से जुड़े सभी मुद्दों को जनता के बीच ले जाये और उन्हें बताएं कि कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेकना कितना जरूरी है।
जिला भाजपा अध्यक्ष जयंती पटेल और महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा संतोष साहू ने भी मंच से उत्तर विधानसभा की महिलाओ को संबोधित किया एवं प्रधानमंत्री द्वारा संसद में विधेयक लाकर महिला सशक्तिकरण हेतु संविधान सम्मत अधिकार प्रदान करने हेतु साधुवाद एवं धन्यवाद प्रेषित किया ।
रायपुर ग्रामीण विधानसभा में भी 'नारी शक्ति वंदन मोदी का अभिनंदन' कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यहां रायपुर ग्रामीण के प्रत्याशी मोतीलाल साहू, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष ममता साहू,संध्या तिवारी, खेम सेन,होरीलाल देवांगन,जितेंद्र धुरंधर,रविन्द्र ठाकुर सुषमा निर्मलकर,मिली बनर्जी, तिलेश्वरी धुरंधर,विद्या पांडे,करुणा तिवारी,ज्योति ठाकुर,फुलमनी सोनवानी,उर्मिला देवांगन,सरोज साहू,गायत्री नवरंगे,दीपा साहू सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं मंडल पदाधिकारी सहित भारी संख्या में महिलाओ की उपस्थिति रही।
ब्रेकिंग न्यूज़ : आज दिल्ली जाएंगे मुख्यमंत्री बघेल...CEC की बैठक में लगेगी प्रत्याशियों के नामों पर मुहर
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेलआज दिल्ली जा रहे हैं। जहां वे कांग्रेस चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में शामिल होंगे। इसी बैठक में पार्टी प्रत्याशियों के नाम फाइनल किए जाएंगे।
मंगलवार को छत्तीसगढ़ कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई है। देर रात में करीब 4 घंटें तक चली इस बैठक में लगभग सभी सीटों पर सिंगल नाम फाइनल कर लिए गए हैं। अब सीईसी की बैठक में प्रस्तावित नामों पर अंतिम विचार किया जाएगा। आला कमान की मंजूरी मिलते ही प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी।
सीएम भूपेश आज दोपहर 12 बजे विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे
पार्टी नेताओं ने बताया कि सीएम भूपेश आज दोपहर 12 बजे विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे और दोपहर पौने दो बजे दिल्ली पहुंच जाएंगे, जहां वे छत्तीसगढ़ सदन में रुकेंगे। बघेल दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं से भी मिलेंगे। इस दौरान विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके बाद सीएम बघेल सीईसी की बैठक में शामिल होंगे।
15 तारीख़ को होने वाली इस परीक्षा को व्यापम ने किया स्थगित,जानिए वजह
रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यापम ने अपेक्स बैंक में होने वाली विभिन्न पदों पर भर्ती परीक्षा को स्थगित कर दिया है। इस बाबत आदेश भी जारी किया गया है।
आदेश…

न्यायधानी में इस दिन से शुरु होगी नई दिल्ली के लिए सीधी विमान सेवा...ट्रालय में मिला था अच्छा रिस्पॉन्स
बिलासपुर. बिलासपुर से नई दिल्ली के लिए 31 अक्टूबर से सीधी विमान सेवा शुरू हो जाएगी. जो कि सप्ताह में तीन दिन रहेगी. मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को फ्लाइट उपलब्ध रहेगी. फ्लाइट की ट्रायल में मिले अच्छे रिस्पांस के बाद इसे विंटर शेड्यूल में शामिल किया गया है.
फ्लाइट बिलासपुर से दिल्ली के लिए दोपहर 3:15 बजे उड़ान भरेगी और शाम 5:25 बजे दिल्ली पहुंचेगी. इसी तरह दिल्ली से सुबह 9 बजे फ्लाइट टेक ऑफ करेगी और सुबह 11:15 बजे बिलासपुर पहुंचेगी.
शुक्रवार को हुआ था ट्रायल
बता दें कि बिलासपुर से महानगरों तक सीधी उड़ान की मांग को लेकर लगातार आंदोलन चल रहा है. वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हवाई सेवा के विस्तार के संबंध में केंद्र को कई बार पत्र लिख चुके हैं. जिसके बाद बीते शुक्रवार को दिल्ली की फ्लाइट के लिए ट्रायल किया गया. एलाइंस एयर ने इसकी सुविधा दी. एलाइंस एयर की फ्लाइट प्रयागराज से आकर सीधे दिल्ली जाएगी. जो कि शनिवार और रविवार को उड़ेगी.
सीएम ने लिखा था पत्र
इससे पहले मंगलवार को सीएम भूपेश बघेल ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा था. पत्र में सीएम भूपेश ने बिलासपुर एयरपोर्ट से देश के प्रमुख शहरों में विमान सेवा आरंभ करने और रायपुर-जगदलपुर-हैदराबाद एयर रूट पर विमान सेवा के लिए अलायंस एयर से अनुबंध की अवधि बढ़ाने का आग्रह किया था.
चुनाव आयोग की सबसे बड़ी कार्रवाई, दो कलेक्टर, तीन SP और 2 ASP हटाये गये
रायपुर । आचार संहिता लगने के बाद चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर-एसपी को हटाने का आदेश आयोग ने दिया है। जिन अधिकारियों को हटाने का आदेश दिया गया है। उसमें रायगढ़ कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा, बिलासपुर कलेक्टर संजीव झा, राजनांदगांव एसपी अभिषेक मीणा, दुर्ग एसपी शलक्ष सिन्हा, कोरबा एसपी उदय किरण, बिलासपुर के एडिश्नल एसपी अभिषेक महेश्वरी और दुर्ग के एडिश्नल एसपी संजय ध्रुव शामिल हैं।
CG GOVT JOBS: 890 पदों की भर्तियां अटकी, चुनाव के बाद हो पाएगी नियुक्ति, पढ़िए पूरी खबर…
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आचार संहिता लागू हो गया है। ऐसे में 890 पदों की भर्तियां अटक गई है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में दो चरणों में 7 और 17 को चुनाव होना है। प्रदेश में आचार संहिता लगने की वजह से छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल की तरफ से अलग-अलग विभागों में 890 पदों पर आयोजित की जाने वाली भर्ती परीक्षा अटक गई है।
त्रुटि सुधार की तिथि निर्धारित की गई
व्यापमं ने पिछले 29 दिनों में 1,311 अलग-अलग पदों पर भर्ती निकाली है। इसमें 421 पदों के लिए भर्ती तारीख तय है। लेकिन अन्य पदों के लिए भर्ती तारीख तय नहीं है, अभी सिर्फ आवेदन करने की अंतिम तिथि और त्रुटि सुधार की तिथि निर्धारित की गई है।
परीक्षाओं की तिथि निर्धारित नहीं
व्यापमं ने पिछले दिनों कृषि, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी और मंडी बोर्ड के लिए भर्ती निकाली है।इसमें आवेदन करने की तिथि दी गई है, लेकिन परीक्षा की संभावित तिथि नहीं है।आचार संहित लगने के कारण जिन परीक्षाओं की तिथि निर्धारित नहीं है, वो सभी परीक्षाएं लगभग अटक गई हे।
CG GOVT JOBS: ये सभी परीक्षाएं नई सरकार के गठन के बाद ही संभव
ये सभी परीक्षाएं नई सरकार के गठन के बाद ही संभव है। जानकारों का मानना है कि सभी अधिकारी चुनाव में व्यस्त हो जाएंगे। जिसके कारण परीक्षा करवा पाना संभव नहीं है। परीक्षा आयोजित करवाने के लिए चुनाव आयोग से भी अनुमति लेनी पड़ती है, इसलिए व्यापमं ने भर्ती परीक्षाओं के लिए तिथि नहीं घोषित किया था।
व्यापमं ने एक महीने यानी छह सितंबर से चार अक्टूबर तक अपेक्स बैंक, कृषि विभाग, बिजली विभाग और मंडी बोर्ड के अलग-अलग पदों के लिए भर्ती निकली है।अपेक्स बैंक में सहायक प्रबंधक, समिति प्रबंधक, उप प्रबंधक, कनिष्ठ प्रबंधक समेत अन्य 398 पदों पर भर्ती होनी है।
इन पदों में भर्ती के लिए आवेदन मंगवाए जा रहे हैं
इन पदों के लिए 15 अक्टूबर को परीक्षा होनी है।इसी तरह अपेक्स बैंक के लिए उप प्रबंधक सहित अन्य 23 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है, जो पांच नवंबर तक चलेगी।इसके अलावा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, जूनियर इंजीनियर, कनिष्ठ प्रबंधक पदों में भर्ती के लिए आवेदन मंगवाए जा रहे हैं।
राज्य सूचना आयुक्त ने जनसूचना अधिकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का जारी किया आंकड़ा, 85 लाख से ज्यादा का लगा जुर्माना
रायपुर। राज्य सूचना आयोग ने सूचना देने में लापरवाही पर बरतने वाले जनसूचना अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर रहा है। बीते ढाई साल के दौरान करीब 3 हजार 836 प्रकरणों में सम्बंधित जनसूचना अधिकारियों पर 85 लाख रूपये से ज्यादा अर्थदण्ड लगाया गया है। इन अधिकारीयों में संयुक्त कलेक्टर, तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत, खंड शिक्षा अधिकारी, खनिज अधिकारी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, मेडिकल कॉलेज के जनसूचना अधिकारी और ग्राम पंचायतों के सचिव सहित अन्य शामिल है।
जानकरी के मुताबिक राज्य सूचना आयुक्त की कोर्ट ने लापरवाह जनसूचना अधिकारियों के खिलाफ मार्च 2021 से लेकर इस साल सितंबर महीने तक 85 लाख 37 हजार रूपये जुर्माना लगाया है। छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग के आयुक्त धनवेन्द्र जायसवाल के मुताबिक आवेदकों को समय पर सूचना देने में लापरवाही बरतने और सूचना का अधिकार अधिनियम का समुचित क्रियान्वयन नहीं किए जाने पर यह कार्यवाही की गई है। इसी तरह प्रथम अपीलीय अधिकारियों के खिलाफ भी आयोग अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा कर रहा है।
छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में ऑनलाइन सुनवाई की व्यवस्था
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग ने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत द्वितीय अपील और शिकायतों की सुनवाई के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की है। अपीलार्थी ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। सभी जिलों के कलेक्टर कार्यालय स्थित NIC के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम से सुनवाई करते है। इससे आवेदकों को रायपुर तक आने की जरूरत नहीं होती है। राज्य सूचना आयोग ने जून 2023 में मोबाइल से भी सुनवाई की शुरुआत की है। इसके माध्यम से अपीलार्थी, जनसूचना अधिकारी अपने मोबाइल से जुड़कर द्वितीय अपील की सुनवाई में शामिल हो रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में दशहरा, दीपावली, शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित, जानें कितने दिन मिलेगी छुट्टी
रायपुर। राज्य सरकार ने शिक्षण सत्र 2023-24 के लिए दशहरा, दिवाली, शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन अवकाश के लिए आदेश जारी कर दिया है। लोकशिक्षण संचालनालय (डीपीआई) की तरफ से भेजे गए स्कूल छुट्टी के प्रस्ताव पर स्कूल शिक्षा विभाग ने मुहर लगा दी है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश भी जारी कर दिया है। जारी आदेश के मुताबिक दशहरा, दिवाली, शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन के लिए कुल 64 दिन छुट्टी रहेगी।

CG News : पेट्रोल टैंकर वाहन ने बाइक सवारों को मारी जोरदार ठोकर...पिता और बेटी की मौके पर दर्दनाक मौत
धमतरी। जिले में दर्दनाक सड़क हादसा होने की खबर सामने आई है। यहां एक पेट्रोल टैंकर वाहन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार पिता और पुत्री की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं मृतक की पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना कुरूद थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक आरंग के ग्राम भोथली निवासी थे। बाइक सवार मृतक अपनी पत्नी, बेटी और बेटे के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर ग्राम नारी जा रहे थे। कि ग्राम कुहकुहा के पास एक पेट्रोल टैंकर वाहन ने उनकी बाइक को ठोकर मार दी। जिससे बाइक सवार पिता पुत्री की मौत हो गई। तो वहीं पत्नी और बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। जानकारी मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।