किसानों को साय सरकार का बड़ा तोहफा,धान कम उपजा तो भी मिलेगा प्रति एकड़ 21 क्विंटल के हिसाब से बोनस,देखे आदेश…
रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी के बीच किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आ रही है। विष्णुदेव साय सरकार ने एक और बड़ा फैसला किसान हित में लिया है। साय सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता राशि वितरण के नए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने 12 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया है। नए आदेश के अनुसार पात्र किसानों को धान के बोए गए और सत्यापित रकबे के आधार पर 13,839 रुपये प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि दी जाएगी।




प्रति एकड़ 13,839 रुपये मिलेंगे, सरकार ने तय किया फॉर्मूला
सरकार ने इस वर्ष आदान सहायता राशि निर्धारित करने के लिए धान के समर्थन मूल्य और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर को आधार बनाया है। आदेश के मुताबिक कॉमन ग्रेड धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। इसमें 3100 रुपये में से समर्थन मूल्य घटाकर अंतर की राशि को अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से गुणा किया गया है।
इस तरह गणना होगी:
- निर्धारित दर : 3100 रुपये प्रति क्विंटल
- धान का MSP : 2441 रुपये प्रति क्विंटल
- अंतर की राशि : 659 रुपये
- अधिकतम उपार्जन मात्रा : 21 क्विंटल प्रति एकड़
- कुल आदान सहायता : 13,839 रुपये प्रति एकड़।
कम धान बेचने पर भी पूरी दर से मिलेगी सहायता
आदेश में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि किसान यदि निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम मात्रा में धान बेचते हैं, तब भी उन्हें सत्यापित बोए गए रकबे के अनुसार पूरी निर्धारित आदान सहायता राशि मिलेगी।
उदाहरण के तौर पर, यदि किसी किसान ने एक एकड़ में धान लगाया है और उपार्जन के लिए केवल 15 क्विंटल धान बेचा है, तब भी उसे 13,839 रुपये की सहायता मिलेगी।
इसी तरह 2.5 एकड़ में धान बोने वाले किसान को 34,597.50 रुपये और 2.7 एकड़ वाले किसान को 37,365.30 रुपये की सहायता राशि मिलेगी। यानी सहायता का निर्धारण बेचे गए धान की वास्तविक मात्रा के बजाय पात्र और सत्यापित बोए गए रकबे के आधार पर होगा।
इन किसानों को मिलेगा योजना का लाभ
कृषक उन्नति योजना का लाभ खरीफ 2026-27 में उन किसानों को मिलेगा, जिनका धान मार्कफेड द्वारा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (लैम्प्स सहित) के माध्यम से उपार्जित किया गया है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं जैविक प्रमाणीकरण संस्था में धान बीज उत्पादन के लिए पंजीकृत और बीज निगम को धान बीज बेचने वाले पात्र किसान भी योजना के दायरे में आएंगे।
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का एग्रीस्टैक (AgriStack) में पंजीयन अनिवार्य किया गया है। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) में किसान के बोए गए रकबे का सत्यापन होना जरूरी है। जिन क्षेत्रों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का डेटा उपलब्ध नहीं होगा, वहां जिला कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबे पर सहायता राशि दी जा सकेगी।
आधार लिंक बैंक खाते में आएगी राशि
सरकार द्वारा किसानों को आदान सहायता राशि का भुगतान सीधे उनके आधार लिंक बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किया जाएगा।
धान बेचने के लिए खरीदी पोर्टल पर टोकन जारी कराते समय ही किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता राशि प्राप्त करने के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा। आवेदन की व्यवस्था खाद्य विभाग द्वारा पोर्टल पर की जाएगी।
रबी फसल पर लागू नहीं होगी योजना
जारी दिशा-निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ 2026 में बोए गए धान के लिए ही यह प्रावधान लागू होगा। रबी मौसम में बोए गए धान पर इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। वहीं अन्य फसलों के प्रोत्साहन के लिए 18 जून 2026 को जारी पूर्व दिशा-निर्देश यथावत रहेंगे।
अधिक भुगतान होने पर होगी वसूली
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी किसान को पात्रता से अधिक राशि का भुगतान होने की स्थिति में संबंधित किसान से अतिरिक्त राशि की वसूली की जा सकेगी। योजना के क्रियान्वयन और नियमित निगरानी की जिम्मेदारी कृषि संचालक को दी गई है।
कम उत्पादन होने पर भी किसानों को राहत देने की तैयारी
प्रदेश के कई इलाकों में मौसम की अनिश्चितता, सिंचाई की सीमित सुविधा और अन्य कारणों से किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन नहीं मिल पाता। ऐसे में निर्धारित खरीदी सीमा तक धान बेचने के लिए कुछ किसान अतिरिक्त धान की व्यवस्था करने को मजबूर हो जाते थे। इससे बिचौलियों को भी फायदा पहुंचता था। नई व्यवस्था लागू होने पर किसानों को अपनी वास्तविक उपज के अनुसार धान बेचने की सुविधा मिलेगी और निर्धारित सीमा के शेष हिस्से पर भी आर्थिक सहायता मिलने का रास्ता खुल सकता है। इससे किसानों को बाहर से धान खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी और फर्जी खरीदी की आशंका भी कम होगी।
बिचौलियों के नेटवर्क पर लगेगी लगाम
धान खरीदी में फर्जी रकबे, दूसरे राज्यों से धान लाकर बेचने और उपार्जित धान की दोबारा बिक्री जैसी शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं। सरकार ने इस पर नियंत्रण के लिए पंजीयन, रकबा सत्यापन और खरीदी केंद्रों की निगरानी को सख्त किया है। सरकार की मंशा है कि खरीदी केंद्रों तक केवल वास्तविक किसानों की उपज पहुंचे। यदि कम उत्पादन वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा के अनुरूप आर्थिक सहायता मिलती है, तो अतिरिक्त धान जुटाने के लिए बिचौलियों पर उनकी निर्भरता घटेगी। इससे अवैध कारोबार और फर्जीवाड़े पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
धान खरीदी में कमी से सरकारी खजाने को बचत का अनुमान
पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में धान खरीदी का आंकड़ा लगातार बढ़ा है। खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में 144.92 लाख मीट्रिक टन और 2024-25 में करीब 149 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन हुआ था। वहीं, वर्ष 2025-26 में खरीदी घटकर लगभग 141 लाख मीट्रिक टन रह गई। नई व्यवस्था और सख्त निगरानी के चलते चालू सीजन में वास्तविक धान खरीदी करीब 125 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। इससे सरकार को फर्जी खरीदी और अवैध धान की आवक पर रोक लगने के कारण बड़ी वित्तीय बचत होने की उम्मीद है। हालांकि, बचत की वास्तविक राशि खरीदी पूरी होने और सरकारी आंकड़ों के सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
कृषक उन्नति योजना में बदलाव को मिली मंजूरी
राज्य मंत्रिपरिषद ने खरीफ-2026 के लिए कृषक उन्नति योजना में संशोधन को मंजूरी दी है। इसके तहत धान पर मिलने वाली आदान सहायता राशि की व्यवस्था को प्रति क्विंटल के बजाय प्रति एकड़ के आधार पर पुनर्गठित किया गया है। इस बदलाव का उद्देश्य किसानों को उनकी जमीन और खेती की परिस्थितियों के अनुरूप आर्थिक सहायता देना है। सरकार का जोर किसानों को धान के अलावा दलहन, तिलहन और दूसरी फसलों की खेती के लिए भी प्रोत्साहित करने पर है। इससे फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ खेती की लागत और जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।
केंद्र ने धान के समर्थन मूल्य में की 72 रुपये की बढ़ोतरी
केंद्र सरकार ने खरीफ सीजन 2026-27 के लिए सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का एमएसपी 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। पिछले वर्ष की तुलना में इसमें 72 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। छत्तीसगढ़ सरकार कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता जोड़कर किसानों को धान के लिए कुल 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान सुनिश्चित करने की व्यवस्था कर रही है।
पुराने पंजीयन से किसानों को मिलेगी सुविधा, 360 नए केंद्र भी खुले
धान खरीदी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए इस बार डिजिटल व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है। एग्रीस्टेक आईडी से जुड़े पिछले वर्ष के पंजीकृत किसानों का पंजीयन मान्य किए जाने से उन्हें दोबारा पंजीयन की प्रक्रिया से राहत मिलेगी। डिजिटल क्रॉप सर्वे के जरिए धान के वास्तविक रकबे का सत्यापन किया जा रहा है। वहीं, खरीदी केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था से वास्तविक किसानों की पहचान सुनिश्चित करने की तैयारी है। किसानों की सुविधा और खरीदी केंद्रों पर भीड़ कम करने के लिए इस सीजन में 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके बाद प्रदेश में धान खरीदी के लिए कुल केंद्रों की संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है।