144 गांवों में पहुंचेंगे विधायक अनुज शर्मा, 21 नवंबर से शुरू होगी ‘सेवा संवाद यात्रा’
धरसींवा। धरसींवा विधायक एवं पद्मश्री अनुज शर्मा 21 नवंबर से अपनी विधानसभा क्षेत्र में 28 दिवसीय ‘सेवा संवाद यात्रा’ की शुरुआत करने जा रहे हैं। 18 दिसंबर तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान अनुज शर्मा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों में पहुंचकर आम जनता से सीधा संवाद करेंगे। यात्रा का शुभारंभ 21 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हरी झंडी दिखाकर करेंगे।
विधायक अनुज शर्मा ने सेवा सदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यात्रा की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुनना, उनकी जरूरतों को समझना और उनके निराकरण की दिशा में पहल करना है। यात्रा के दौरान प्रत्येक गांव में जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से मुलाकात की जाएगी।
28 दिनों तक जनता के बीच रहेंगे अनुज शर्मा
‘सेवा संवाद यात्रा’ के दौरान विधायक अनुज शर्मा पूरे 28 दिनों तक अपने विधानसभा क्षेत्र के गांवों में प्रवास करेंगे। इस दौरान वे ग्रामीणों के घरों में उनके साथ भोजन करेंगे और गांवों में ही रात्रि विश्राम करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि गांवों की वास्तविक स्थिति और ग्रामीणों की समस्याओं को करीब से समझा जा सके।
विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर रहेगा फोकस
यात्रा के दौरान अनुज शर्मा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बुनियादी सुविधाओं और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ग्रामीणों से चर्चा की जाएगी। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर भी जोर रहेगा।
अनुज शर्मा ने कहा कि धरसींवा विधानसभा उनका परिवार है और यहां के प्रत्येक नागरिक की सेवा करना उनका सर्वोपरि कर्तव्य है। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया जाएगा।
सेवा संवाद यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक
यात्रा की तैयारियों को लेकर सेवा सदन में विधायक अनुज शर्मा ने यात्रा प्रभारियों एवं प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें यात्रा का रूट चार्ट, प्रतिदिन का प्रवास कार्यक्रम, जनचौपाल, भोजन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर यात्रा प्रभारी अरविंद ठाकुर, चंद्रशेखर शुक्ला, कृष्ण कुमार वर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
21 नवंबर से शुरू होने वाली यह यात्रा विधायक अनुज शर्मा के 144 गांवों तक सीधे पहुंचने और जनता के साथ संवाद स्थापित करने के अभियान के रूप में आयोजित की जा रही है।