छत्तीसगढ़ / रायपुर

CG IT Raid: छत्तीसगढ़ समेत देशभर में आयकर विभाग का बड़ा छापा, 6 जिलों के 32 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई, 14 करोड़ रुपये नकद बरामद

 रायपुर। छत्तीसगढ़ समेत देश के कई हिस्सों में लोहा, कोयला कारोबारियों और कंस्ट्रक्शन कंपनियों के ठिकानों पर आयकर विभाग (IT) ने बड़ी छापेमार कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ के 6 जिलों में कुल 32 ठिकानों पर आयकर विभाग की टीमों की दबिश जारी है। बारबारीक ग्रुप और PRA ग्रुप से जुड़े ठिकानों पर पिछले 15 घंटों से लगातार जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, इस कार्रवाई में करीब 120 आयकर अधिकारी शामिल हैं। इनमें मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के आयकर विभाग के अधिकारी भी शामिल हैं। सुरक्षा के मद्देनजर सभी ठिकानों पर करीब 80 सशस्त्र CRPF जवानों की तैनाती की गई है।

छापेमारी के दौरान जांच टीमों को बड़ी संख्या में निजी बैंकों में बैंक लॉकर मिलने की जानकारी सामने आई है। इन सभी लॉकरों को गुरुवार सुबह खोला जाएगा। लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य कीमती सामानों का आकलन करने के लिए अहमदाबाद और मुंबई से ज्वेलर्स को बुलाया गया है।

प्रारंभिक जांच में फर्जी बिलिंग, बेनामी संपत्तियों और शेल कंपनियों से जुड़े दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा करीब 14 करोड़ रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद होने की बात कही जा रही है। आयकर विभाग की टीमें इन सभी दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच कर रही हैं।

छत्तीसगढ़ में रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर, अंबिकापुर और सूरजपुर समेत अन्य स्थानों पर कार्रवाई जारी है। आयकर विभाग की यह छापेमार कार्रवाई अगले 3 से 4 दिनों तक चलने की संभावना जताई जा रही है।

 फिलहाल आयकर विभाग की टीमें कारोबारी समूहों से जुड़े वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों, बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच में जुटी हुई हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े कुल खुलासों और बरामदगी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image