छत्तीसगढ़ / रायपुर

जशपुर जम्बूरी 2026 में दिखेगा रोमांच और रोमांचक खेलों का जलवा, जनजातीय संस्कृति के रंग में रंगेगा आयोजन!

 00 देशभर के पर्यटकों और युवाओं को आकर्षित करने की तैयारी, जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान

 

00 रॉक क्लाइंबिंग, जिपलाइन, हॉट एयर बैलून, कयाकिंग और ट्रेकिंग सहित विविध साहसिक गतिविधियां होंगी आकर्षण का केंद्र

 
 
 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध जनजातीय संस्कृति से परिपूर्ण जशपुर जिले को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में जशपुर जम्बूरी 2026 का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने और स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आयोजित होने वाली जशपुर जम्बूरी में साहसिक खेलों, प्रकृति पर्यटन, जनजातीय कला-संस्कृति और पारंपरिक खानपान का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा आयोजन को आकर्षक, रोमांचक और यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। जम्बूरी के माध्यम से देशभर के युवाओं, पर्यटकों, साहसिक खेल प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों को जशपुर की खूबसूरत वादियों, पहाड़ों, झरनों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।

 

साहसिक खेलों से रोमांचित होंगे पर्यटक
जशपुर जम्बूरी 2026 में साहसिक पर्यटन को विशेष महत्व दिया जाएगा। आयोजन के दौरान रॉक क्लाइंबिंग, जिपलाइन, हॉट एयर बैलून और विभिन्न एडवेंचर गेम्स जैसी रोमांचक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र होंगी। इसके साथ ही कयाकिंग और बोटिंग सहित जल क्रीड़ा गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं और पर्यटकों को रोमांच तथा साहसिक खेलों का अनुभव करने का अवसर मिलेगा।

प्रकृति की गोद में ट्रेकिंग, नेचर वॉक और बर्ड वॉचिंग का मिलेगा आनंद
जम्बूरी में प्रकृति पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ट्रेकिंग, नेचर वॉक, बर्ड वॉचिंग और प्रकृति फोटोग्राफी जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से प्रतिभागी जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता, हरे-भरे वन क्षेत्रों, पहाडिय़ों और जैव विविधता को करीब से जान सकेंगे। इसके अलावा साइकिलिंग, तीरंदाजी, रस्साकशी और पारंपरिक ग्रामीण खेलों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

जनजातीय कला-संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों से रूबरू होंगे पर्यटक
जशपुर जम्बूरी में जिले की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और स्थानीय परंपराओं की विशेष झलक देखने को मिलेगी। आयोजन स्थल पर जनजातीय कला, बांस शिल्प, हस्तनिर्मित वस्तुओं और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। छत्तीसगढ़ी एवं जनजातीय पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल पर्यटकों को स्थानीय खानपान और स्वाद से परिचित कराएंगे।
टेंट कैंपिंग, बोनफायर और सांस्कृतिक संध्या के आयोजन से पर्यटकों को प्रकृति के बीच मनोरंजन के साथ जनजातीय जीवनशैली, लोककला और परंपराओं को करीब से अनुभव करने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी प्रतिभा तथा उत्पादों के प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण मंच भी प्रदान करेगा।

पर्यटन के विस्तार से स्थानीय रोजगार और स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा
जशपुर जम्बूरी 2026 केवल पर्यटन और मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल साबित होने की उम्मीद है। आयोजन से स्थानीय युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, होमस्टे संचालकों, हस्तशिल्प कलाकारों, छोटे व्यवसायियों और पर्यटन सेवाओं से जुड़े लोगों को नए अवसर मिल सकेंगे।
पर्यटकों की भागीदारी से स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों, हस्तशिल्प और पर्यटन सेवाओं को व्यापक बाजार उपलब्ध होने की संभावना है। इससे पर्यटन आधारित रोजगार एवं स्वरोजगार गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

मयाली और देशदेखा सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों को मिलेगी नई पहचान
प्राकृतिक सौंदर्य, हरी-भरी वादियों, झरनों, पहाड़ों और वन संपदा से समृद्ध जशपुर जिले में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। जशपुर जम्बूरी के माध्यम से मयाली, देशदेखा सहित जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों की विशेषताओं को देशभर के पर्यटकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से जशपुर को साहसिक एवं प्रकृति पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने के साथ स्थानीय जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण को प्रोत्साहित करना है। जशपुर जम्बूरी 2026 पर्यटन को नई दिशा देने, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने और रोजगार के अवसरों का विस्तार करने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन बनने की उम्मीद है। प्रकृति, रोमांच, साहसिक खेल और जनजातीय संस्कृति का यह अनूठा संगम जशपुर को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image