छत्तीसगढ़
मौसम हुआ सुहाना : मौसम विभाग ने छग में जारी की भारी बारिश की चेतावनी, इन इलाकों के लिए जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट
रायपुर। देश के कई इलाकों में भारी बारिश ने तबाही मचा रही है, कहीं से बाढ़ की खबरें आ रही हैं तो कहीं भूस्खलन हो रहा है. इसी बीच भारत मौसम विभाग ने अब छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए चेतावनी जारी की है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बीते दो दिनों से बारिश के बाद आज मौसम सुहावना बना हुआ है। प्रदेश में आज भी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में आज भी बारिश हो सकती है। दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव और दंतेवाड़ा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने बीजापुर और नारायणपुर जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ स्थानों पर वज्रपात होने की भी संभावना जताई है।
युवक ने जीभ काटकर शिवलिंग पर चढ़ाया, देखने वाले हुए हैरान, अस्पताल में भर्ती…
जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ ब्लॉक के डूमरिहा तालाब स्थित शिवमंदिर में एक युवक ने अपनी जीभ काटकर शिवलिंग पर चढ़ा दी। घटना की जानकारी के बाद मंदिर में लोगों की भीड़ लग गई। शिवलिंग के आसपास युवक का काफी खून फैला हुआ था। पुलिस भी घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है।
बता दें कि ये पूरा मामला पामगढ़ के डुमरिहा तालाब स्थित शिव मंदिर का है। घायल युवक चंद्रशेखर पटेल ग्राम डोंगाकोहरौदा का रहने वाला है। युवक आज सुबह घर के पास शिव मंदिर में पूजा-पाठ करने पहुंचा था। सावन सोमवार के दूसरे सप्ताह शिवलिंग में जल चढ़ाने के बाद अपनी जीभ काटकर शिवलिंग पर चढ़ा दी। इस घटना में शिवलिंग के आसपास का एरिया खून से लाल हो गया। इधर, जीभ चढ़ाने की बात जैसे ही गांव में फैली तो ग्रामीणों की मंदिर में भीड़ लग गई
पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि चंद्रशेखर के बाड़े भाई सुखीराम ने भी जीभ काटकर शिवलिंग में चढ़ाई थी। अब उसके छोटे भाई ने ऐसा किया है। ग्रामीणों ने ये भी बताया कि चंद्रशेखर का पूरा परिवार भगवान शिवजी पर काफी आस्था रखता है। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस जांच कर रही है।
20 लाख के इनामी नक्सली दंपतियों ने किया सरेंडर...कई बड़ी वारदातों में थे शामिल..!!
दंतेवाड़ा। जिले में 20 लाख के इनामी दो नक्सली दंपत्तियों ने पुलिस अधीक्षक गौरव राय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इनमे से छोटू मंडावी ग्राम एर्रापल्ली जो कि, PLGA Batallion No 01 के मिलिट्री कंपनी एवं PLGA Military Platoon No 31 का सदस्य था। वह ग्राम एर्रापल्ली से लेकर मिनपा, गलगम एवं एलमागुण्डा सहित कई बड़ी नक्सल घटनाओं में सम्मिलित रहा है।
सावन में हर साल भोलेनाथ के दर्शन को पहुँचता है नाग-नागिन का यह जोड़ा, कई रहस्यों से जुड़ा है यह मंदिर
रायपुर। पुरे देश में पुरे जोर-शोर से भगवान शिवजी का पूजा पाठ किया जाता है। आज सावन का दूसरा सोमवार है और शिवालयों में भक्तो की भीड़ उमड़ पड़ी है। वहीं राजधानी रायपुर के बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु जल अभिषेक करने के लिए आते है।
बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर केवल भक्त ही नहीं बल्कि नाग-नागिन का अध्भुत जोड़ा भी भगवन शिव के दर्शन करने पहुंचते है। इस ऐतिहासिक मंदिर की यह खासियत है कि यहाँ हर साल सावन मास पर नाग-नागिन का जोड़ा आते है जिसे देखने भक्तो की भीड़ भी लगी रहती है।
गौरतलब है कि बैजनाथ धाम के अलावा रायपुर के बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर का शिवलिंग भी भूरे रंग का है। यहाँ शिव बाबा की भस्म आरती होती है जिसे रामेश्वरम से मंगाया जाता है। मंदिर के गर्भगृह में शिवलिंग के साथ साथ श्री गणेश, कार्तिकेय भगवान, मां पार्वती का दर्शन भी मिलता है। तो वहीं, मंदिर परिसर में श्री राम सीता, श्री राधा कृष्ण, भैरवनाथ, हनुमान जी, संतोषी माँ की प्रतिमा भी स्थापित है।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि जब पूरा इतिहास खंगाला गया तब ये जानकरी सामने आई कि सन 1818 मंदिर में शिवलिंग की स्थापना का उल्लेख है। बूढ़ा तालाब के किनारे शिवलिंग पर हमेशा सर्प लिपटे रहते थे, वर्तमान में उस शिवलिंग के ऊपर मंदिर बनाया गया।
आज से शुरू हो रहा है छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र,3 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट, जोरदार बहस की उम्मीद
आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2023-2024 में धान खरीदी और कस्टम मिलिंग की नीति की समीक्षा कर सुझाव देने हेतु गठित मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक 18 जुलाई को होगी। यह बैठक छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित सभाकक्ष में दोपहर 1.30 बजे से आहूत की गई है।
मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक में मंत्रीगणों के अलावा कृषि, वित्त, राजस्व, सहकारिता, खाद्य विभाग के साथ ही छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन, चिप्स, अपैक्स बैंक और एनआईसी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
2023-24 में प्रदेश के पंजीकृत किसानों से 125 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का अनुमानित लक्ष्य
गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में प्रदेश के पंजीकृत किसानों से 125 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का अनुमानित लक्ष्य रखा गया है। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों एवं फैसलों के कारण विगत चार सालों में किसानों की संख्या और रकबा में लगातार वृद्धि हुई है। कृषि उत्पादन भी तेजी के साथ बढ़ा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विशेष पहल पर धान खरीदी के साथ-साथ धान का उठाव के कारण धान का निष्पादन आसानी से संपन्न हुआ है। इस वर्ष भी किसानों को सहुलियत प्रदान करने और धान विक्रय के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही है।
पूछे जाएंगे 550 प्रश्न
चार दिनों तक चलने वाले इस सत्र में कुल 13 मंत्रियों को 550 प्रश्नों का सामना करना होगा. वहीं, पक्ष की ओर से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर 21 जुलाई को चर्चा होगी. भूपेश सरकार के इस विधानसभा के कार्यकाल में दूसरी बार विपक्ष की ओर से अविश्वास प्रस्ताव लाया जा रहा है. सरकार की ओर से सदन में 2022-23 के लिए महालेखाकार की रिपोर्ट भी पेश की जा सकती है
छत्तीसगढ़ में इनकम टैक्स की रेड, सत्या पावर के ठिकानों पर धावा
रायपुर। केन्द्रीय आयकर की टीम ने सुबह-सुबह सत्या पावर के ठिकानों पर धावा बोला है। आय से अधिक संपत्ति, टैक्स चोरी समेत मनीलांड्रिंग की शिकायत के आधार पर टीम जांच पड़ताल कर रही है।
बता दें की टीम बीस से अधिक गाड़ियों में सवार होकर अलसुबह बिलासपुर पहुंची। इस दौरान सत्या पावर के मालिक के घर, कार्यालय और फैक्ट्री में रेड पड़ी है।
बता दें कि सत्या पावर के मालिक का घर हंसा विहार में है। सत्या पावर मालिकों का नाम राम अवतार अग्रवाल और पवन अग्रवाल है। दोनो पर टैक्स चोरी के साथ मनीलांड्रिंग करने का आरोप है। सत्या पावर कम्पनी सड़क निर्माण के साथ ही कोल बेनिफिकेशन के अलावा स्टील निर्माण और उर्जा निर्माण का भी काम करती है।
डिब्बे बदलने से कुछ नहीं होगा, कांग्रेस का इंजन खराब : भाजपा
केदार का सवाल : भूपेश बताएं, कहां उड़ा रहे हैं केंद्र से मिलने वाली रकम
रायपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महामंत्री व पूर्व कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि डिब्बे बदल देने से कुछ नहीं होगा। कांग्रेस का इंजन ही खराब है। यह गाड़ी अब चलने वाली नहीं है। आगामी विधानसभा चुनाव में यह कंडम गाड़ी यार्ड में पहुंच जाएगी। कांग्रेस लगातार भ्रम फैला रही है कि जीएसटी का पैसा नहीं मिल रहा। हम पूछते हैं कि जो पैसा मिल रहा है, वह किस मद में खर्च कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के सामने मुख्यमंत्री कहते हैं कि केंद्र सरकार से सहयोग मिल रहा है और उनके जाते ही कहते हैं कि सहयोग नहीं मिल रहा। यही बात कांग्रेस के अध्यक्ष ने कही है। हम कह रहे हैं कि कांग्रेस पलटी क्यों मारती है। खुद को किसान पुत्र कहने वाले मुख्यमंत्री किसानों को खाद नहीं दिला सकते। वे जैविक खाद के नाम पर किसानों को कंकड़ मिली मिट्टी जबरन पकड़ा रहे हैं। कांग्रेस आदिवासी समाज का अपमान कर रही है। जिन नंदकुमार साय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामने बैठाकर चर्चा करते थे, जिन वरिष्ठ नेता को भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष, राज्यसभा, लोकसभा सांसद और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का अध्यक्ष बनाया, कांग्रेस ने उन्हें अब तक का सबसे छोटा पद टिका कर आदिवासी समाज को शर्मिंदा किया है।
भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान प्रदेश भाजपा महामंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य सरकार को केंद्र सरकार ने 11 जुलाई तक 2 लाख करोड़ रुपये दिए हैं। जो राशि दी है, वह कहां खर्च की है, उसकी जानकारी राज्य सरकार को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला स्तर पर अभियान छेड़ेगा। सरकार की वादाखिलाफी के विरुद्ध 11 तारीख से 30 तारीख तक हमारा प्रदर्शन कार्यक्रम चल रहा है। वादाखिलाफी पर जनता कांग्रेस से जवाब मांग रही है और भाजपा जनता के साथ मिलकर जनता की आवाज बुलंद कर रही है। यह विधानसभा सत्र इस सरकार के लिए आखिरी सत्र है। अब यह सरकार कुछ करने की स्थिति में नहीं है। कोई भी वादा पूरा नहीं हो सकता। जनता का आक्रोश चरम पर है। पूरे छत्तीसगढ़ की जनता को कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार ने अंत समय तक केवल धोखा दिया है। जनता इस धोखेबाजी का सबक कांग्रेस को सिखाने के लिए तैयार है।
छत्तीसगढ़ को मिलेगा राष्ट्रपति के हाथों भूमि सम्मान, CM बघेल ने दी बधाई
रायपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (Draupadi Murmu) के हाथों 18 जुलाई 2023 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को भूमि सम्मान मिलेगा। साथ ही प्रदेश के दो जिलों सरगुजा और बेमेतरा को भी भूमि प्रबंधन और प्रशासन के लिए भूमि सम्मान प्लेटिनम सर्टिफिकेट से सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Chief Minister Bhupesh Baghel) ने कहा कि प्रदेश को भूमि प्रबंधन के लिए सम्मान मिलना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने प्रदेश के राजस्व विभाग और सरगुजा तथा बेमेतरा जिला प्रशासन को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया लैण्ड रिकार्ड मॉर्डनाईजेशन प्रोग्राम (डीआईएलआरएमपी) अंतर्गत प्रदेश में बेहतर काम हुए है जिससे आम लोगों को भूमि संबंधी जानकारियां मिलना आसान हुआ है।
गौरतलब है कि डिजिटल इंडिया लैण्ड रिकार्ड मॉर्डनाईजेशन प्रोग्राम (डीआईएलआरएमपी) अंतर्गत प्रदेश में भूमि प्रबंधन से जुड़े 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इसी तरह भूमि प्रबंधन से जुड़े चार घटकों, लैण्ड रिकार्ड का डिजिटाइजेशन, पंजीयन कार्यालय से समन्वय, मॉडल रिकार्ड रूम की स्थापना में प्रदेश के सरगुजा और बेमेतरा जिले में शतप्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके है। ये जिले भूमि प्रबंधन में देश के शीर्ष जिलों में शामिल है।
अरपा नदी में डूबने से तीन लड़कियों की मौत, सीएम बघेल ने जताया गहरा दुख, पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने दिए निर्देश
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अरपा नदी में नहाते समय सेंदरी गांव की तीन लड़कियों की पानी में डूबने से हुई मौत पर गहरा दुख प्रकट किया है। आज सवेरे नहाने गई 18 वर्षीय पूजा पटेल, 14 वर्षीय रितु पटेल और 11 वर्षीय धनेश्वरी पटेल नदी के ही किसी गड्ढे में डूब गई। धनेश्वरी पटेल के पिता मंदू पटेल हैं व पूजा पटेल, रितु पटेल दोनो सगी बहने सुशील पटेल की बेटी है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।
अजय चंद्राकर का कांग्रेस पर वार : बोले- यदि राज्य सरकार में दम है तो हमारे आरोप पत्र पर बनाएं कमेटी
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता, पूर्व मंत्री और आरोप पत्र समिति के संयोजक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने आरोप पत्र समिति की बैठक और आरोप पत्र तैयार करने की बात पर कहा कि, एक झलकी देते हैं, 8 करोड़ रुपए के डैम बिना काम और टेंडर के बन गए। पैसा भी निकल गया और टेंडर भी नहीं बना। यदि सरकार में दम है तो हमारे आरोप पत्र पर वह कमेटी बनाएं। जिस दिन जारी करेंगे उस दिन जांच स्वयं करवाएंगे। हम झीरम पर भी पत्र में लिखेंगे। उन्होंने कहा कि, शराबबंदी घोषित है। धान खरीदी और कर्ज माफी के लिए कसम खाएं हैं बोलते हैं। जो वह बोले सब सही, जो हम बोले वह सब गलत। आपको बताना था कि गंगाजल की सौगंध किस किस चीज के लिए खाई है।
मानसून सत्र को लेकर कहा…
चंद्राकर ने विधानसभा मानसून सत्र को लेकर कहा कि, 3 दिन का सत्र रहेगा। परंपरा अनुसार सत्र दिनभर के लिए स्थगित हो जाएगा। भाजपा का या विधानसभा का सबसे बड़ा मोशन नो–कॉन्फिडेंस मोशन है, जिसे हमने मोशन में भेज दिया है। सरकार को ईमानदारी से काम करना है। उनकी कोई दृष्टि नहीं है, कोई विजन नहीं है। विनियोग विधेयक को छोड़कर कुछ नहीं आएगा। अन्य कामों को करने के लिए तीन दिन के सत्र में संभव नहीं है। हम अध्यक्ष से आग्रह करेंगे की खुली चर्चा बिना किसी समय निर्धारण के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा करवाएं। श्री चंद्राकर ने तीन दिनों में सभी प्रश्नों के उत्तर देने की बात पर कहा, जितने प्रश्न लगे हैं उतने होंगे। तीन दिनों के सरकारी बिजनेस का सवाल है। सरकार दिशाहीन हो गई है। गिल्ली डंडा और भौंरे में लगी रहेगी। सरकार की जनकल्याण के लिए कोई विषय है या नहीं।
संस्कृति क्या है, यह हमें राज्य सरकार से जानने की जरूरत नहीं
पूर्व मंत्री चंद्राकर ने हरेली पर्व पर कांग्रेस सरकार की ओर से खुद को किसान हितैषी बताए जाने पर कहा, संस्कृति क्या है, यह हमें राज्य सरकार से जानने की जरूरत नहीं है। देश के पूरे क्षेत्रों में भौगोलिक संस्कृति के बहुत सारे आयाम हैं। हरेली से कम नहीं है दुर्ग और कुरूद में जो घटना घटती है। हरेली को बच्चा-बच्चा और हर किसान जानते हैं, जो चीजें प्रमोट करने की जरूरत है उन्हें वह करना नहीं जानते।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का शुभारंभ, 6 चरणों में होगी प्रतियोगिता
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज रायपुर के ग्राम पंचायत नवागांव में हरेली पर्व के अवसर पर छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने गेड़ी दौड़ को हरी झंडी दिखाकर छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की शुरूआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को खेल सामग्री का भी वितरण किया।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के आयोजन का ये दूसरा वर्ष है और इसकी लोकप्रियता को देखते हुए पहली बार रस्सी कूद और कुश्ती जैसे खेल भी शामिल किए गए हैं। इस बार छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में 16 पारंपरिक मुकाबलों के साथ 6 चरणों में संपन्न होगी।
छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में तीन अलग-अलग आयु वर्ग में 30 लाख से ज्यादा महिला एवं पुरूष प्रतिभागी हिस्सा लेंगे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
भाजपा भरोसे की हरेली मानती है, कांग्रेस तीज तिहार में भी भ्रष्टाचार करती है – अरुण साव
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव आज रायपुर जिला भाजपा द्वारा मथुरा नगर गौठान में आयोजित हरेली कार्यक्रम में शामिल हुए। साव ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए कृषि कार्य में उपयोग होने वाले औजारों की भी पूजा अर्चना की।
अरुण साव ने कहा कि हरेली हमारे छत्तीसगढ़ का पहला लोक पारंपरिक तिहार है। हरेली तिहार प्रकृति को समर्पित है। छत्तीसगढ़ के किसान अपनी फसल की बोआई, रोपाई का काम पूरा कर लेते हैं और हरेली के दिन नांगर, कोपर, कुदारी, गैंती, रापा सहित जितने भी कृषि उपयोगी औजार होतें हैं उनकी पूजा करते हैं। हम छत्तीसगढ़िया लोग अपने कृषि औजारों को भी देवतुल्य मानकर उनकी पूजा अर्चना करते हैं।
उन्होंने कहा ये काम किसी भी छत्तीसगढ़िया को सिखाने की जरूरत नही है। हम छत्तीसगढ़िया अपने संस्कृति को कभी नही भूले। लेकिन पिछले पौने 5 साल में कांग्रेस की सरकार ने ऐसा भ्रम फैलाया है कि छत्तीसगढ़िया लोग संस्कृति को भूल गए, भूलते जा रहे हैं। लेकिन आज भी हम देखते हैं चाहे गांव में रहने वाला हो या शहर में रहने वाला हो नीम के डाल अपने घर में आज के दिन जरूर लगाते हैं। चीला, फरा जरूर बनाते हैं। गेड़ी जरूर चढ़ते हैं। नारियल फोड़, नारियल जीतउल जरूर खेलते हैं।
साव ने कहा कि भूपेश सरकार ने आज ही के दिन गो मूत्र खरीदने का एलान किया था आज एक साल पूरे हो गए। कांग्रेस की सरकार भ्रष्टाचार बढ़ावा देने के लिए कोई भी अवसर नही छोड़ती है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़वासियों से गोमूत्र खरीदने लिए नही बल्कि छत्तीसगढ़ को लूटने का काम किया है। निश्चित ही वो दिन दूर नही जैसे बिहार में चारा घोटाला सामने आया वैसे ही छत्तीसगढ़ में गोबर औऱ गोमूत्र घोटाला सामने आएगा।
नहीं थम रही पत्थरबाजी...वंदे भारत एक्सप्रेस में पत्थरबाजों ने फिर से फेंका पत्थर...टूटा खिड़की का कांच
बिलासपुर। वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) में पत्थरबाजी (stone pelting) थमने का नाम नहीं ले रहा है. एक बार फिर से वंदे भारत ट्रेन में पत्थरबाजी हुई है. उपद्रवियों ने पत्थर मारकर ट्रेन के खिड़की का कांच क्रैक कर दिया है. घटना की सूचना पर रेलवे की टीम जब जांच के लिए गई तो C-3 के बर्थ का शीशा क्रेक पाया गया. अज्ञात पत्थरबाजों के खिलाफ भाटापारा और राजनांदगांव में अपराध दर्ज कर लिया गया है.
LIVE : मुख्यमंत्री निवास में हरेली की धूम...मुख्यमंत्री बघेल ने अपने निवास में सपरिवार कृषि यंत्रों की पूजा-अर्चना की
रायपुर। हरेली के रंग में मुख्यमंत्री निवास सराबोर हुआ। छत्तीसगढ़िया संस्कृति की अनूठी झलक दिख रही। पारंपरिक वेशभूषा में उत्साह के साथ गेड़ी चढ़ रहे लोग। मुख्यमंत्री बघेल ने अपने निवास में सपरिवार कृषि यंत्रों की पूजा कर इस साल अच्छी खेती और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। अपूर्व उत्साह की बेला पर अपने नाती पोतों के साथ मुख्यमंत्री। । पारंपरिक गाजे बाजे के साथ उल्लास से भरे लोग। मुख्यमंत्री निवास में चारों ओर छत्तीसगढ़ी संस्कृति की महक महक रही।
मुख्यमंत्री निवास में हरेली का अपूर्व उत्साह चारों ओर छलक रहा। पूरा परिवार मौके पर उपस्थित।
पत्नी श्रीमती मुक्तेश्वरी बघेल भी मौजूद। पूजा समाप्त हुई और लोक गायकों की सुंदर हुंकार। अतिथियों से मिल रहे मुख्यमंत्री।गौमाता की पूजा के लिए आगे बढ़े। लोक गायकों ने सुख समृद्धि का आशीर्वाद दिया।



छत्तीसगढ़ महतारी और गौमाता की आराधना से रची बसी सुंदर छत्तीसगढ़ी संस्कृति की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल। हर तरफ उत्सव का माहौल। जो लोग हरेली के शानदार माहौल को विस्मृत कर चुके थे उनके लिए यह पल पुनः अतीत की बहुत सी स्मृतियों को जगा गया है। मुख्यमंत्री निवास में हरेली की धूम हरेली तिहार पर पारंपरिक रंग में रंगा मुख्यमंत्री निवास I खेती किसानी में काम आने वाले पारंपरिक औजार, यंत्रों पशुओं और चरवाहों के वस्त्रों,आभूषणों की लगाई गई प्रदर्शनी I छत्तीसगढ़ के दुग्ध पदार्थों औऱ पशु चारे की विशाल रेंज दिखाई दी ।
CG में भाजपा के लिए कांग्रेस चुनौती नहीं, निकाल देंगे हवा : मनसुख मंडाविया
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अब कुछ ही महीने बाकी है। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव की तैयारी में जुट गई है। इसी बीच प्रदेश भाजपा के चुनाव सह प्रभारी व केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री डा. मनसुख मंडाविया रविवार को राजधानी रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद मंडाविया प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा नेताओं की बैठक लेकर चुनावी रणनीति बनाई।
इस दौरान डा. मंडाविया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस भाजपा के लिए कोई चुनौती नहीं है। हम कांग्रेस की हवा निकाल देंगे। भाजपा हर चुनौती से पार पाने की क्षमता रखती है। हम विजय के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। चुनाव सह प्रभारी के मार्गदर्शन में रणनीतिक मंथन किया गया। सुबह 10.30 बजे से शुरू बैठकों का सिलसिला शाम तक चलता रहा।
ये हुए बैठक में शामिल
पार्टी सूत्रों की मानें तो मंडाविया ने भाजपा के इंटरनेट मीडिया, आइटी सेल, मीडिया टीम की बैठक ली और कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ तर्क और तथ्य के साथ मजबूती से अपनी बात रखें। उन्होंने घोषणा पत्र के संयोजक और सह संयोजकों की भी बैठक ली। इस बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, प्रदेश संगठन सह प्रभारी नितिन नबीन, महामंत्री संगठन पवन साय, चुनाव घोषणा पत्र समिति के संयोजक विजय बघेल, रामविचार नेताम, अमर अग्रवाल, शिवरतन शर्मा, ओपी चौधरी, पंकज झा आदि मौजूद रहे।
हरेली के रंग में सराबोर हुआ सीएम आवास
रायपुर । हरेली के रंग में सोमवार को मुख्यमंत्री निवास सराबोर हो गया है। छत्तीसगढ़िया संस्कृति की अनूठी झलक दिख रही है। लोग पारंपरिक वेशभूषा में उत्साह के साथ गेड़ी चढ़ रहे है।
थोड़ी देर में मुख्यमंत्री बघेल हरेली तिहार पर तुलसी पूजा कृषि यंत्रों की पूजा में शामिल होने के बाद भंवरा, बांटी, गिल्ली डंडा, मटकी फोड़ और गेड़ी नृत्य जैसे आयोजन में शामिल होंगे। वे इस मौके पर गौ पूजन कर हरेली के अवसर पर तैयार किए गए लोंदी खिलाएंगे।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोक कलाकारों द्वारा राउत नाचा, गेड़ी नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी तथा हरेली गीत भी गाए जाएंगे।
इस मौके पर पशुधन विकास और पारंपरिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री निवास पर ग्रामीण परिवेश के अनुरूप सजाया जा रहा है। यहां रहचुली भी लगाई जा रही है।
मंडी शुल्क के चलते धान की कीमत में 150 रूपये क्विंटल की गिरावट : बृजमोहन
कहा : सरकार का किसान विरोधी चेहरा उजागर
रायपुर। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि सरकार के मंडी शुल्क वसूलने के चलते मंडी में धान की कीमत भारी कम हो गई है। किसानों को लूटा जा रहा है, ठगा जा रहा है। 13 जुलाई से धान पर जो वापस 5.2 प्रतिशत मंडी टैक्स कर दिया गया है। उसके चलते तीन दिन पहले 2150 रुपए में बिकने वाला धान अब ₹2000 में बिक रहा है। किसानों के धान की कीमत में प्रति क्विंटल ₹150 की गिरावट के लिए के सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है।
अग्रवाल ने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार पूरी तरह किसान विरोधी सरकार है, किसानों के साथ धोखा करने वाली सरकार है। किसानों को धोखे में रखकर लूटने वाली सरकार है।
उन्होंने कहा की कांग्रेस ने एक तरफ घोषणा पत्र में मंडी शुल्क समाप्त करने का वादा किया था और आज लगातार मंडी शुल्क बढ़ाकर ले रही हैं। भाजपा सरकार में लागू 2 प्रतिशत मंडी शुल्क को 30 नवंबर 2021 से धान पर 3 प्रतिशत मंडी शुल्क एवं 2 प्रतिशत कृषक कल्याण कोष शुल्क लागू किया गया था
पहले इसे 5 प्रतिशत फिर 2 प्रतिशत अब फिर 5.2 प्रतिशत की वसूली मंडी शुल्क के रूप में की जा रहीं है। जिसके चलते किसानों की धान की कीमत मंडी में 2 ही दिन में प्रति क्विंटल 150 रूपये कम हो गया है। सरकार के इस कारनामे को किसानों को ही भुगतना पड़ रहा है
बृजमोहन ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में हमेशा अंतर रहा है। कांग्रेस ने जो कहा वह कभी पूरा नहीं किया। किसानों के साथ अन्याय, लूट एवं अत्याचार कांग्रेस की पुरानी आदत रही है और आज भी छत्तीसगढ़ के किसानों को पर्दे के पीछे से लूटा जा रहा है। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में वादा किया था मंडी शुल्क समाप्त करेंगे और उल्टा मंडी शुल्क वसूलने में लगी हैं।
उन्होंने किसान विरोधी इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की है व कहा है कि गंगाजल की कसम खाने वाले लोग मंडी शुल्क तत्काल समाप्त करें।