छत्तीसगढ़
अगस्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर आएंगे छत्तीसगढ़
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव एवं लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा पार्टी के नेता जनता को लेभाने की तमाम कोशिशों में जुट गए हैं। इस बीच भाजपा में छत्तीसगढ़ में वापसी के लिए कमर कस ली है। वहीं राष्ट्रीय स्तर के नेता भी छत्तीसगढ़ के वोटर्स को लुभाने की पूरी तैयारी में हैं।
इस बीच खबर आ रही है कि प्रधानमंत्री फिर से छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ सकते हैं। अगस्त के पहले सप्ताह में होने वाले इस दौरे में पीएम नगरनार स्टील प्लांट का लोकार्पण कर सकते हैं। वहीं इस दौरान वो बस्तर में भी एक बड़ी सभा को संबोधित कर सकते हैं।
ऐसी खबरें आ रही हैं कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बीजेपी के नेताओं की हुई चर्चा में जगदलपुर और रायगढ़ के कार्यक्रमों पर सहमति बनी है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 6 या 7 अगस्त को बस्तर पहुंच सकते हैं।
बता दें कि 7 जुलाई को हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रायपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कई विकास कार्यों की सौगात दी। अगर अगर पीएम अगले माह भी छत्तीसगढ़ आते हैं तो यह 30 दिन में उनका दूसरा दौरा होगा।
Weather update : छत्तीसगढ़ समेत इन राज्यों में मूसलाधार बारिश, 23 राज्यों में IMD का अलर्ट
रायपुर : छत्तीसगढ़ में लगातार मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में लगातार दो दिनों से रुक-रूककर बारिश हो रही है। वही बस्तर संभाग के कई जगहों पर भारी बारिश हुई है। बारिश की वजह से लोगों को उमस से भी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार बस्तर संभाग के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के आसार जताए जा रहे हैं। कुछ जगहों में गरज चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना भी जताई है।
वहीं प्रदेश में हल्की सी मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। छत्तीसगढ़ समेत देशभर में इस समय मानसून की बारिश हो रही है। पहाड़ों से मैदानों तक, बिहार से लेकर महाराष्ट्र तक आफत के बादल बरस रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर में भारी बारिश को लेकर अलर्ट है। हालांकि 10 जुलाई से बारिश की तीव्रता कम होने के आसार है।
बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह से कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार सुबह एक ट्वीट में कहा कि दिल्ली के अलग-अलग स्थानों और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश होगी।कल दिल्ली में दिन भर हुई मूसलाधार बारिश ने पिछले 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 126.1 एमएम बारिश दर्ज की गई। महज नौ घंटे की बारिश से दिल्ली का पारा सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
13 जुलाई के बाद मौसम ठीक होने के आसार
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के भी कई जगहों पर भारी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले पांच दिनों तक ऐसे ही बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश में भी आज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा चेतावनी जारी कि है जिसमें कहा है कि पश्चिमी यूपी में अनेक स्थानों पर गरज चमक के साथ वर्षा और बौछारें पड़ने की संभावना है। कर्नाटक में 13 जुलाई तक हल्की और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है।
कहां-कहां बारिश?
पंजाब, हरियाणा और गुजरात में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. राजस्थान, उत्तराखंड, कोंकण-मालाबार तट, केरल, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में तेज बारिश के साथ आंधी तूफान आने की संभावना है. मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गंगा-पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, बिहार, केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार में छिटपुट बारिश का अनुमान है।
Vyapam Exams : व्यापमं की परीक्षाएं आज, 18 हजार परीक्षार्थियों ने किया आवेदन
रायपुर। छत्तीसगढ़ में रविवार को व्यापमं की कई परीक्षाएं आज होने वाली है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल आज प्री एमसीए, प्री बीए, बीएड, PPT समेत कई एग्जाम लेगा। यह परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएगी। आयोजित प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए 18 हजार परीक्षार्थियों ने आवेदन किया हैं।
उल्लेखनीय है कि, राज्य सरकार ने शिक्षकों के 12 हजार 489 पदों पर भर्तियां निकाली थी। हालांकि एमसीए की मात्र 407 सीटें हैं। यानी शिक्षकों की तुलना में कम है। इसके बावजूद प्री एमसीए की परीक्षा में 7 हजार 168 छात्रों ने आवेदन किया है। इसके लिए व्यापमं ने 2 जिलों में 20 केंद्र बनाए हैं। एमसीए प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की संख्या कम होती है, इसलिए इसके लिए केंद्र भी सीमित ही बनाए गए थे। हालांकि सिर्फ दो जिलों में सेंटर बनाए जाने से छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
BJP ने राष्ट्रीय कार्यसमिति का किया गठन...पूर्व विस अध्यक्ष का नाम शामिल...देखें सूची...!!
रायपुर. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्यों की नियुक्ति की है, जिसमें 10 नेताओं के नाम शामिल हैं. छत्तीसगढ़ से धरमलाल कौशिक, विष्णुदेव साय को राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य बनाए गए हैं.इसके अलावा सुरेश कश्यप, संजय जायसवाल, अश्विनी शर्मा, बंदी संजय कुमार, सोमावीर राजू, दीपक प्रकाश, किरोडी लाल मीणा, डाॅ. सतीश पुनिया को राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य बनाए गए हैं.
देखें सूची –

मुख्यमंत्री बघेल ने सरगुजा को दी स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात, बोले – शिक्षा, चिकित्सा हमारे सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
रायपुर।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज यहां अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सरगुजा जिले में आयोजित ‘राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए । इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास से उप मुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव, मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी तथा कार्यक्रम स्थल में संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज एवं जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित थे ।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी वहां कार्यक्रम स्थल में आपके पास जाना चाहते थे लेकिन मौसम खराब होने के कारण वर्चुअली जुड़ना पड़ा । आप सभी सरगुजा वासियों की जो भावनाएं थी आज उसके अनुरूप मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण हुआ । राजमाता जी से हमारी मुलाकात होती थी उतना ही प्रेम, स्नेह और वही दुलार हम सभी को भी मिलता था जो सरगुजा वासियों को और राज परिवार के सदस्यों को मिलता रहा । आज उनकी स्मृति में इस महाविद्यालय का लोकार्पण किया जा रहा है तो निश्चित रूप से वे जहां भी होंगी हमें अपना आशीर्वाद दे रही होंगी । चिकित्सा के क्षेत्र में, स्वास्थ्य के क्षेत्र में, रोजगार के क्षेत्र में, कृषि के क्षेत्र में वनांचल में रहने वाले हमारे सरगुजा वासियों के आय में जिस प्रकार से वृद्धि का कार्य हमारी सरकार कर रही है निश्चित रूप से उनका आशीर्वाद हमको मिल रहा होगा ।
उन्होंने कहा कि आज का यह दिन सरगुजा के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धियों वाला दिन है। मेरे लिए भी यह बहुत खुशी का अवसर है कि आज राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय का लोकार्पण हो रहा है। इस मेडिकल कॉलेज भवन, चिकित्सालय और आवासीय परिसर की कुल लागत 374 करोड़ रुपए है। इस मेडिकल कॉलेज की खासियत है कि यहां मेडिकल स्टूडेंट्स के कौशल एवं दक्षता विकास के लिए स्किल्स लैब और बहरेपन के परीक्षण एवं ईलाज की विशेष सुविधा उपलब्ध है। माता राजमोहिनी देवी स्मृति चिकित्सालय में मेडिसीन, सर्जरी, आर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, शिशुरोग विभाग, निश्चेतना विभाग, नेत्ररोग विभाग सहित तमाम तरह के विभाग हैं। अस्पताल में और भी अनेक तरह की अत्याधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। नये कॉलेज भवन में 08 विभागों का संचालन होगा, इनमें एनाटॉमी, बायोकेमेस्ट्री, फिजियोलॉजी, कम्यूनिटी मेडिसीन, फोरेंसिक मेडिसीन माइक्रोबायोलॉजी, फार्माकोलॉजी विभाग शामिल हैं । अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की अधोसंरचना का काम पूरा हो जाने से पूरे सरगुजा संभाग को इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि सरगुजा संभाग एक आदिवासी बहुल संभाग है। यह समाज का वह तबका है जो सदियों से मूलभूत सुविधाओं और अधिकारों से वंचित रहा है। मुझे इस बात की खुशी है कि हमारे प्रयासों से आज प्रदेश के आदिवासी क्षेत्रों में चिकित्सा और शिक्षा की रौशनी पहुंच रही है। हमने मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना की जब शुरुआत की थी, तब उसका उद्देश्य यही था कि हम दुर्गम से दुर्गम गांवों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचा पाएं। जब हमने मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना और दाई-दीदी क्लीनिक योजना शुरू की, तब हमारा उद्देश्य शहर की स्लम बस्तियों में रहने वाले गरीब लोगों और माताओं-बहनों की चौखट तक चिकित्सा सुविधा पहुंचा पाएं, लेकिन हमारा लक्ष्य इससे भी कहीं ज्यादा बड़ा है। हम नागरिकों तक केवल सुविधा नहीं पहुंचाना चाहते, बल्कि अत्याधुनिक और गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं की पहुंच भी सुनिश्चित करना चाहते हैं। हमारा लक्ष्य है कि हम चिकित्सा और शिक्षा की इतनी मजबूत अधोसंरचना का निर्माण करें कि छत्तीसगढ़ की पहचान अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो। हमारे कार्यकाल में राज्य में 8 नये शासकीय मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। इनमें से 04 खोले जा चुके हैं, 04 और प्रक्रिया में है ।हमने विकासखंड से लेकर जिला मुख्यालय तक अपने सभी सरकारी अस्पतालों को सुविधाओं से लैस किया है। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की कमी को दूर करते हुए उनकी तैनाती की है।
माँ का आँचल पूरे सरगुजावासियों के लिए था एक समान
उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भावुकता के साथ अपनी माता जी को याद करते हुए कहा कि आज उनकी स्मृति में यह मेडिकल कॉलेज लोकार्पित हो रहा है । विधानसभा में जब माता जी को श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही थी तभी मुख्यमंत्री जी ने यह घोषणा की थी कि अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज का नाम माताजी के नाम पर होगा । आज राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के उद्घाटन अवसर पर हम सब यहां एकत्रित हैं । मेरी माताजी ना केवल मेरे लिये माँ थी, बल्कि उनका आंचल पूरे सरगुजा क्षेत्र के लिए एक बराबर था । वे बड़ी ममत्व एवं प्रेम भाव से सरगुजा को देखती थी । क्षेत्रवासियों के हित में छोटे से छोटा काम लेकर वह मुख्यमंत्री तक जाने से गुरेज नहीं करती थी । आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बड़ी संस्था के साथ उनका नाम जोड़कर हम सबको गौरवान्वित किया है । श्री सिंहदेव ने कहा कि उनके माता-पिता के नाम पर अब तक सरगुजा में कोई भी इकाई नहीं थी। जिन्होंने बहुत कुछ किया सरगुजा के लिए परंतु कभी जताया और बताया नहीं । आज आपके माध्यम से यह पहली इकाई है । ऐसी एक ममतामयी स्वरूप को एक सम्मान आज दिया गया है, उसके लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री जी एवं छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त करता हूं । प्रदेश में स्थित अन्य मेडिकल कॉलेजों से बेहतर परिस्थितियां इस मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध हैं, ताकि बहुत अच्छे ढंग से यहां बच्चों की पढ़ाई हो सके और यहां से उत्तीर्ण होने के बाद डॉक्टर प्रदेश में अपनी सेवाएं देंगे ।
अनेक सुविधाओं से लैस है मेडिकल कॉलेज
374.08 करोड़ की लागत से निर्मित इस परिसर में मुख्य रूप से 54.26 करोड़ रुपए की लागत से बने महाविद्यालय भवन, 120.73 करोड़ रुपए की लागत से बने हॉस्पिटल भवन के साथ ऑडिटोरियम, छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर, डीन आवास सहित अन्य कार्य शामिल है। यह राज्य का छठवां मेडिकल कॉलेज है। इस मेडिकल कॉलेज की खासियत है कि यहां मेडिकल स्टूडेंट्स के कौशल एवं दक्षता विकास के लिए वृहद स्किल्स लैब और बहरेपन के परीक्षण एवं ईलाज की विशेष सुविधा उपलब्ध है।
मेडिकल कॉलेज के नवीन महाविद्यालयीन भवन में कुल 07 विभाग संचालित होंगे। जिनमें एनाटॉमी विभाग, बायोकेमेस्ट्री विभाग, फिजियोलॉजी विभाग, कम्यूनिटी मेडिसीन विभाग, फोरेंसिक मेडिसीन विभाग, माइक्रोबायोलॉजी विभाग, फार्माकोलॉजी विभाग विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाता है। यहाँ पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को सुविधाजनक प्रशिक्षण की पूरी व्यवस्था है।
महापौर ढेबर ने छठे U20 शिखर सम्मेलन में लिया भाग, कई सत्रों में हुए शामिल
रायपुर। यह सम्मेलन भारतीय नगराधिकारी संघ (G20) की अध्यक्षता में भारत में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर ऐजाज ढेबर ने विभिन्न शहरों के महापौरों के साथ-साथ विदेशी सहभागी मेयरों से भी मुलाकात की और उनके विचारों को साझा किया। उन्होंने अपने वक्तव्य में इस समिट के आयोजन के लिए समिति का धन्यवाद दिया।

U20 शिखर सम्मेलन के माध्यम से रायपुर के महापौर ने शहरी विकास की महत्वपूर्ण अवसरों को संदर्भित किया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में दुनिया की आधिकांश जनसंख्या शहरी क्षेत्रों में बसती है और 2050 तक यह आंकड़ा दो तिहाई तक पहुंच जाएगा। शहरों का विकास ग्लोबल सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देता है, लेकिन उन्हें जलवायु परिवर्तन, आपदाएं, पर्यावरणीय दूषण, संसाधनों की कमी, अराजक विकास और सामाजिक-आर्थिक असमानता के प्रभावों से जूझना पड़ता है। इसलिए, इस समय पर्यावरणीय और संवेदनशील विकास के लिए शहरों के पोटेंशियल का सही उपयोग करने की आवश्यकता हैउच्चतम स्तरीय U20 सम्मेलन में रायपुर के महापौर ने विशेष सत्रों में अपने विचारों को साझा किया। उन्होंने संघर्षों की मूल्यांकन की बात कही और शहरों को वैश्विक परिवर्तन के लिए एक रोडमैप तैयार करने का संकल्प लिया। उन्होंने शहरों के लिए आर्थिक समृद्धि और पर्यावरणीय प्रभाव के बीच सही संतुलन प्राप्त करने, घनत्व और विस्तार को बढ़ाने, विविधता और सामाजिक समरसता को बढ़ाने, तकनीकी उन्नयन और डिजिटल अंतराल, और अन्य विरोधों से निपटने की आवश्यकता है।
विधानसभा चुनाव 2023 : BJP ने बनाई घोषणा पत्र समिति...देखें सूची…!!
रायपुर. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव-2023 के लिए भाजपा घोषणा पत्र समिति की घोषणा की है. इसमें 31 नेताओं के नाम शामिल हैं. सांसद विजय बघेल को भाजपा घोषणा पत्र समिति के संयोजक बनाए गए हैं. वहीं रामविचार नेताम, अमर अग्रवाल, शिवरतन शर्मा को सहसंयोजक की जिम्मेदारी दी गई है.
देखें सूची –


7 पटवारियों का हुआ तबादला, अनुविभागीय अधिकारी ने किया आदेश जारी, देखें सूची…
बिलासपुर। CG Transfer जिले में बड़े पैमाने पर पटवारियों का ट्रांसफर कर दिया गया है। इसे लेकर अनुविभागीय अधिकारी ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश के मुताबिक, 7 पटवारियों का तबादला किया गया है। कई पटवारियों को हल्का से कानूनगो शाखा में पदस्थ किया गया है, तो वहीं कईयों को कानूनगो शाखा से पटवारी की जिम्मेदारी दी गयी है।
देखें सूची…

छत्तीसगढ़ में पुलिस भी नहीं है सुरक्षित, एक ही परिवार के लोगों ने आरक्षक को घेरकर पीटा, अब सलाखों के पीछे कटेगी दो लोगों की जिंदगी, जानिए पूरा मामला…
भिलाई। दुर्ग जिले से एक आरक्षक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. जहां एक ही परिवार के लोगों मिलकर एक आरक्षक को पीटा. मारपीट करने वालों पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि एक ही परिवार के कुछ लोगों ने सिपाही को घेरकर पीटा और तलवार दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी. आरक्षक से मारपीट करते हुए सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. मिली जानकारी के अनुसार, घटना भिलाई 3 थाना का है। भिलाई के पंचशील नगर वेस्ट चरोदा भिलाई-तीन निवासी बंटी सिंह कुम्हारी थाने में सिपाही के पद पर पदस्थ है. वह देर रात ड्यूटी से वापस घर लौट रहा था, रास्ते में सत्यम मेडिकल के पास चरोदा में रुका था, इसी दौरान हाउसिंग बोर्ड चरोदा निवासी जसपाल सिंह स्कूटी से वहां से गुजर रहा था, जसपाल की स्कूटी फिसली और वह नीचे गिर गया, सिपाही बंटी सिंह ने आरोपी जसपाल को उठाने की कोशिश की, तो जसपाल ने उस पर ही नीचे गिराने का आरोप लगाते हुए उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी.
सिपाही ने उसे मना किया तो आरोपी जसपाल ने अपने भाई सतपाल सिंह और मां कुलदीप कौर को बुलवा लिया. जसपाल का भाई सतपाल सिंह तलवार लेकर अपनी मां कुलदीप कौर के साथ वहां पहुंचा. इसके बाद तीनों आरोपियो ने सिपाही बंटी सिंह को घेरकर उसकी बेदम पिटाई कर दी. आरोपितों ने उसे तलवार दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी. घटना के बाद पीड़ित सिपाही ने भिलाई तीन थाना पहुंचकर शिकायत की. इसके आधार पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी सतपाल सिंह और जसपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.
CRIME NEWS : नाबालिग से दुष्कर्म, 7 महीने की गर्भवती होने के बाद हुआ खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। RAIPUR CRIME NEWS : राजधानी में एक बच्ची का रेप खबर सामने आ रही है। वो इसके बाद गर्भवती हो गई । इस जुर्म को अंजाम देने वाले आरोपी को रायपुर की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रेप पीड़िता के नाबालिग होने की वजह से मामले में पॉक्सो की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।
दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले बदमाश ने लड़की को पहले प्यार मोहब्बत की बातों में उलझाया। कई महीनों तक इस बारे में किसी से कुछ न कहने की धमकियां दीं। लड़की सब कुछ सहती रही। मगर नाबालिग के गर्भवती होने की वजह से उसकी तबीयत काफी बिगड़ती चली गई, इसके बाद मामला घरवालों के सामने फूटा, अब परिजनों ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करवाई।
रायपुर के आमानाका थाने की पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है। इसी थाना क्षेत्र में ही स्थित एक रेसीडेंशियल सोसायटी में नाबालिग घरों का काम करने जाया करती थी। सोसाइटी में एक कारोबारी का ड्राइवर अक्सर बच्ची पर बुरी नियत रखता था, पहले उसने लड़की से दोस्ती की और उसके बाद शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस ने जांच में पाया कि बच्ची 7 महीने की गर्भवती हो चुकी है। आमानाका इलाके में ही रहने वाले ड्राइवर को फौरन उसके घर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और अब जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
क्या होगा बच्ची का
बच्चे की पहचान उजागर नहीं की गई है। साढ़े 16 साल की उम्र में गर्भवती हो चुकी बच्ची शारीरिक तकलीफों से जूझ रही है। कानून के जानकार बताते हैं कि अब इस मामले में अदालत निर्णय करेगी। बच्ची के परिजनों की सहमति और मेडिकल परिस्थितियों को देखते डिलवरी कराई जाएगी, कोर्ट के निर्देश पर जन्मे बच्चे की कस्टडी तय होगी। फिलहाल ऐसी परिस्थितियों में बच्चियों को मेडिकल और मेंटल काउंसलिंग के जरिए मदद दी जाती है।
6 महीने में 90 से अधिक रेप केस
रायपुर पुलिस ने कहा है कि हम मुस्तैद हैं इस वजह से रायपुर में अपराध घट रहे हैं। पुलिस की ताजा रिपोर्ट की मानें तो साल 2023 में जनवरी से जून तक रायपुर में 91 रेप हो चुके हैं। साल 2022 के जनवरी से जून तक बलात्कार के 163 प्रकरण थाने पहुंचे थे। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि दुष्कर्म की घटनाओं में कई केसेस कभी पुलिस तक पहंचते ही नहीं।
सेक्स रैकेट का खुलासा : 3 मंजिले मकान में पुलिस ने मारा छापा...संदिग्ध अवस्था में पकड़े गए आधा दर्जन युवक-युवतियां
कोरबा। CG SEX RACKET BREAKING : जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, यहाँ हृदय स्थल घंटाघर से लगे हुए एमपी नगर कॉलोनी के 3 मंजिले मकान में पुलिस ने छापा मारकर सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। मौके से पुलिस ने आधा दर्जन युवक युवतियों को पकड़ा हैमिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के अचानक कॉलोनी में पहुंचने पर कालोनी में हड़कंप मच गया। 3 मंजिला बिल्डिंग से आधा दर्जन युवती और युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़े जाने की सूचना है। कार्यवाही के दौरान सीएसपी कोरबा मौके पर मौजूद थे। सीएसपी कोरबा के नेतृत्व में यह पूरी कार्रवाई की गई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले का अधिकृत खुलासा नहीं किया है। जल्द ही मामले की विस्तृत जानकारी देने के बात अधिकारी कह रहे हैं।
खाद की कालाबजारी करने वाले गिरोह को ग्रामीणों ने धरदबोचा, कृषि विभाग ने जब्त किये नकली DAP खाद
कांकेर। जिले के पखांजुर में फिर एक बार खाद की कालाबजारी करने का मामला सामने आया है। खाद की कालाबजारी के साथ नकली खाद बेचने का सिलसिला तेज हुआ है। पखांजुर के कापसी क्षेत्र में एक पिकप में DAP का नकली खाद को कृषि विभाग के अधिकारियों ने जब्त किया हैं। आखिर सवाल उन अधिकारियों से है। जो इस नकली खाद के गिरोह को पकड़ पाने में असफल नजर आते हैं। क्या हर साल की भांति इस साल भी ये नुकसान किसानों को उठाना पड़ेगा, यह एक बड़ा सवाल है।
राजनीतिक पार्टी के प्रचार-प्रसार में लगे शिक्षक पर गिरी निलंबन की गाज, शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई
कोरबा। स्कूल में बच्चों को पढ़ाना छोड़ आम आदमी पार्टी के प्रचार प्रसार में लगे शिक्षक पर शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के एक शिक्षक को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, कोरबा जिले के पोंडी उपरोड़ा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत घुमानीडांड के शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ सहायक शिक्षक जगतपाल कोर्चे द्वारा स्कूल में बच्चों को स्कूल में पढ़ाना छोड़ आम आदमी पार्टी का प्रचार प्रसार में शामिल होने की खबर समाचार पत्रों में प्रकाशित हुई थी। जिसके बाद मामले की ब्लॉक शिक्षाधिकारी द्वारा जांच की गई। जांच में जगतपाल कोर्चे दोषी पाए जाने पर जिला शिक्षाधिकारी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए जगतपाल कोर्चे को निलंबित कर दिया गया है।

महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय के नए परिसर में वृक्षारोपण महोत्सव संपन्न
रायपुर। स्थानीय गांधी चौक स्थित महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय के एनएसएस एनसीसी एवं नवसृजन के सदस्यों द्वारा आज वृक्षारोपण महोत्सव का आयोजन महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय के नए परिसर सेजबहार में आयोजित की गई। जिसमे मुख्य अतिथि के रुप में सम्मिलित सत्यनारायण शर्मा विधायक ग्रामीण रायपुर ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह वन संपदा केवल अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नहीं अपितु हमारे मानवीय जीवन को बचाने के लिए बहुत ही आवश्यक है। छत्तीसगढ़ में वनों की प्रतिशतता सर्वाधिक होने के बावजूद भी तेजी से नगरीकरण हो रहा है, अतः जलवायु को समायोजित करने का जिम्मा युवाओं के ऊपर सर्वाधिक है।

वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महेंद्र अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा प्रचारक समिति द्वारा संचालित महंत लक्ष्मीनारायण दास के विस्तार के लिए यह आवश्यक है कि नए मापदंडों के अनुरूप महाविद्यालय का भवन, खेल मैदान आदि का होना आवश्यक है, इन्हीं आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपनी ट्रस्ट की ओर से अतिरिक्त 2 एकड़ भूमि खेल मैदान के लिए दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रुप में सम्मिलित अजय तिवारी ने कहा कि महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय के 25 वर्ष में महाविद्यालय के विस्तार को देखते हुए नए भवन की आवश्यकता थी, जिसे इस परिसर के माध्यम से पूरा किया गया यह परिसर भविष्य में हरा भरा परिसर के नाम से जाना जाए। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि सभी बच्चे एक एक पौधे को गोद लेवे एवं प्रत्येक माह में दो बार यहां आकर उन पेड़ों का जतन करें। कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्काउट गाइड के अध्यक्ष सुरेश शुक्ला, राजू पांडे, जे एन अग्रवाल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ देवाशीष मुखर्जी, डॉ लक्ष्मीकांत, डॉ श्वेता शर्मा एवं नवसृजन मंच के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा एवं सदस्य गण व महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक उपस्थित रहे।


घर में घुसे कोबरा सांप को निकाल रहे थे बाहर, सर्पदंश से हो गई दो लोगों की मौत
रायगढ़। जिले में घर में घुसे कोबरा को खदेड़ने के चक्कर में एक नहीं, बल्कि 2 ग्रामीणों को अपनी जिंदगी खत्म करनी पड़ गई। सर्पदंश से दो लोगों की मौत का यह मामला तमनार क्षेत्र का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चिर्रामुड़ा में रहने वाले डेविड साहू अपने घर की सफाई काम के लिए गांव के ही रामनरेश सिदार को बुला रखा था। दोपहर में डेविड का भाई रविनाथ साहू घर के बाहर रामनरेश के साथ बैठकर बातें कर रहा था । इस बीच डेविड की बीवी कुंती अचानक बदहवास होकर भागते बाहर निकली और बताई कि कमरे के पास कोबरा घुसा है। फिर क्या, अपने घर जहरीले सांप के घुसने की खबर पाते ही रविनाथ भीतर गया तो रामनरेश भी उसके पीछे भागा।
दोनों ग्रामीणों ने कोबरा को घर से खदेड़ने की योजना बनाई। बेहद सावधानी बरतते हुए दोनों कमरे में कोबरा को भगाने की जुगत में थे कि विषैले सर्प ने रामनरेश को अपना शिकार बनाते हुए डस लिया। फिर, रविनाथ भी कोबरा के फन से नहीं बच पाया और वह भी सर्पदंश की गिरफ्त में आ गया। ऐसे में साहू परिवार ने आसपास के लोगों की सहायता से कोबरा को भगाने के बाद दोनों पीड़ितों को नजदीकी अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि मुंह से झाग निकालते हुए रामनरेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रामनरेश के साथ रविनाथ को अस्पताल लेकर गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण में ही रामनरेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सघन उपचार के बाद भी बिष का प्रभाव पूरे शरीर मे फैलने के कारण रविनाथ ने भी चन्द सांसें गिनते ही प्राण त्याग दिया। कोबरा के कहर से दो लोगों की मौत पर पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
'कांग्रेस के घोषणा पत्र समिति में अध्यक्ष के रूप में नहीं रहूंगा'...जानिए डिप्टी सीएम सिंहदेव ने क्यों कही ये बात
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि, इस बार वे घोषणा पत्र समिति का अध्यक्ष नहीं रहेंगे। टीएस सिंहदेव ने कहा कि, कांग्रेस की घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष के रूप में तो मैं नहीं रहूंगा। क्योंकि अब समय उतना नहीं बचा कि सभी से बात हो सके। श्री सिंहदेव ने कहा कि, मैंने कहा भी है मैं समिति में नहीं रहना चाहूंगा। हां सदस्य के रूप में या फीडबैक देने के लिए मैं हमेशा उपलब्ध हूं।विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि, पार्टी टिकट देगी तो लड़ेंगे। उन्होंने कहा, मैंने कहा था- अगर मैं टीम में कंट्रीब्यूट कर सकता हूं… तभी खेलूंगा। मैं चाहूंगा कि मेरा सलेक्शन हो। मुझे लगता है मैं टीम में योगदान दे सकता हूं। अगर सलेक्शन हुआ तो मैं खेलूंगा। वहीं टीम का वाइस कैप्टन बनने को लेकर टीएस सिंहदेव ने कहा कि, अभी तक के लिए बना हूं… अगली सीरीज के लिए सलेक्शन होना है। उसमें अगर सलेक्शन हुआ तो खेलेंगे।
CG NEWS : एक ही परिवार के 4 लोगों ने की आत्महत्या की कोशिश, इस वजह से उठाया खौफनाक कदम
बेमेतरा। जिले से नांदघाट थाना इलाके में एक ही परिवार (Family) के चार लोगों ने जहरीला कीटनाशक खाकर आत्महत्या (suicide) करने की कोशिश की है। सभी को गंभीर हालत में भाटापारा अस्पताल में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी कि हालत नाजुक बनी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार चिचोली गांव में रहने वाले एक परिवार (Family) में बीती रात आपसी विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर परिवार (Family) के सदस्यों ने एक साथ घर में रखे जहरीले कीटनाशक का सेवन कर लिया। घटना के बाद दो महिला और दो पुरुषों की हालत बिगड़ने लगी। जिसके बाद सभी को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बलौदाबाजार जिला रेफर कर दिया गया है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है।

