छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक महिला के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
महिला का आरोप है कि उसके पति ने पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद उसके बाल काटकर सिर मुंडवा दिया और उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। आरोप है कि बच्चों से भी उनकी मां को थप्पड़ मरवाए गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे पति और बच्चों का पेशाब पीने के लिए मजबूर किया गया।
मामला कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र के पंडोपारा गांव का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में महिला के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
वहीं आरोपी पति का दावा है कि उसकी पत्नी पहले भी बच्चों को छोड़कर अन्य लोगों के साथ घर छोड़कर चली गई थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।