सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से बाइक टकराने के कारण तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हादसे के बाद ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे से कुछ देर पहले उक्त ट्रक ने एक कार को भी टक्कर मारी थी। इसके बाद ट्रक चालक वाहन को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। आरोप है कि ट्रक को असुरक्षित तरीके से सड़क पर खड़ा छोड़ दिया गया था, जिसके कारण बाइक सवार युवकों को वाहन दिखाई नहीं दिया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर खड़े ट्रक में आग लगा दी। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए भीड़ को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है तथा हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।