दिल्ली में भुपेश बघेल का हल्ला बोल, महंगी के खिलाफ प्रदर्शन
दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल रैली में छत्तीसगढ़ की आधी सरकार पहुंच गई है । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने छह मंत्रियों के साथ रैली में शामिल हैं । वहीं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव सहित छह मंत्री इस प्रदर्शन में शामिल नहीं हैं । बताया जा रहा है कि इस रैली में छत्तीसगढ़ के चार हजार नेता - कार्यकर्ता पहुंचे हैं । रैली में केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा , एक तरफ महंगाई बढ़ती जा रही है , दूसरी तरफ लोगों की आय में कमी होती जा रही है । देश में बढ़ रही महंगाई के खिलाफ कांग्रेस लड़ाई लड़ रही है । एक तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी किसानों , गरीबों , मजदूरों के हक में आवाज उठाते हैं । वहीं , देश का दुर्भाग्य है कि सत्ता में बैठे लोग बेरोजगारी और महंगाई दूर करने के बजाए राहुल गांधी के खिलाफ लड़ाई लड़ते हैं । मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब , मजदूर , किसानों के हक में फैसला करती है । किसानों का ऋण माफ करना , गरीबों का मुफ्त में इलाज को वे लोग रेवड़ी कह रहे हैं । वहीं केंद्र सरकार का बड़े उद्योगपतियों के लाखों करोड़ों रुपयों का ऋण माफ करना रेवड़ी नहीं रबड़ी है । उन्होंने कहा हम मेहनत और श्रम का सम्मान करते हैं , और वे श्रम का अपमान करते हैं । मुख्यमंत्री ने कहा , राहुल जी ने जब जब इस रामलीला मैदान से हल्ला बोला है । तब तक सत्ता में बैठे लोगों को मजबूर होकर झुकना पड़ा है । कृषि कानूनों के संदर्भ में भी राहुल जी ने कहा था कि सरकार को इन काले कानूनों को वापस लेना पड़ेगा । एक साल तक पूरा जोर लगाने के बाद भी सरकार को झुकना पड़ा और काले कानून वापस हुए । रैली को मुख्य रूप से राहुल गांधी ने संबोधित किया ।