आज छत्तीसगढ़ दौरे पर गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस के गढ़ कोरबा में करेंगे रैली
छत्तीसगढ़ में बीजेपी मिशन 2024 की तैयारी में जुट गई है.केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी अभियान शुरू कर दिया है. अमित शाह अब लोकसभा वार दौरा कर रहे हैं. छत्तीसगढ़ में जिस लोकसभा सीट में बीजेपी को 2019 के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था उसी लोकसभा में 7 जनवरी को अमित शाह एक बड़ी सभा करने जा रहे हैं. इसके लिए छत्तीसगढ़ बीजेपी ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है. दरअसल, 2019 लोकसभा चुनाव में देशभर में मोदी लहर चली थी. इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में भी मोदी लहर का गजब असर दिखा था.
राज्य के 11 लोकसभा सीटों में से बीजेपी ने 9 सीटों में जीत रिकार्ड जीत दर्ज की, लेकिन कोरबा लोकसभा में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था. इस लिए बीजेपी ने अभी से कोरबा को जीतने की तैयारी शुरू कर दी है. शनिवार को अमित शाह झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्य के दौरे पर रहेंगे. इसमें अमित शाह कोरबा के इंद्रागांधी स्टेडियम में आमसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद कोरबा लोकसभा के कोर ग्रुप के पदाधिकारियों की बैठक लेंगे.