छत्तीसगढ़ / रायपुर

21 जून को रायपुर आएंगे राहुल गांधी, प्रशिक्षण शिविर में होंगे शामिल

कांग्रेस संगठन को मजबूत करने रायपुर में होगा 10 दिवसीय मेगा ट्रेनिंग कैंप, राहुल गांधी करेंगे सीधा संवाद


रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत रायपुर में जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय मेगा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 जून से अभनपुर स्थित मंगल भवन में शुरू होगा।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, इस प्रशिक्षण शिविर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। वे जिला कांग्रेस अध्यक्षों और संगठन के पदाधिकारियों से सीधे संवाद कर संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। साथ ही विभिन्न जिलों की राजनीतिक स्थिति, सामाजिक मुद्दों और संगठन की गतिविधियों की जानकारी भी लेंगे।

इस संबंध में एआईसीसी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पीसीसी सहित सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों को पत्र जारी कर कार्यक्रम की जानकारी दी है। पार्टी के भीतर चर्चा है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद जिला कांग्रेस कमेटियों को अधिक अधिकार दिए जा सकते हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने की क्षमता बढ़ेगी और जिला अध्यक्षों की भूमिका और मजबूत होगी।

कांग्रेस का मानना है कि यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को बूथ और जिला स्तर तक अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति का अहम हिस्सा है। प्रशिक्षण के माध्यम से पदाधिकारियों को संगठन संचालन, जनसंपर्क और राजनीतिक गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने की जानकारी दी जाएगी।

एआईसीसी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्रशिक्षण शिविर के पहले दो दिन और अंतिम दो दिन एआईसीसी महासचिवों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। शिविर की सभी तैयारियां एआईसीसी के प्रशिक्षण विभाग के समन्वय से पूरी की जाएंगी।

वहीं, रायपुर में होने वाले इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव प्रियंका गांधी के शामिल होने की भी चर्चा है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी और संगठनात्मक तैयारियों को देखते हुए यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

Leave Your Comment

Click to reload image