छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले के किलेपाल में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे 3 महिलाओं की मौत और लगभग 4 लोग घायल हुए हैं। ये सभी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। मगर रास्ते में गाड़ी का टायर फट गया और यह हादसा हो गया है।
जानकारी के मुताबिक जिन लोगों की मौत हुई वे सभी बीजापुर से जगदलपुर शादी में जा रहे थे। स्कॉर्पियो में कुल 7 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि हादसा इतना जबरदस्त था कि टायर फटने के बाद गाड़ी 2 से 3 बार पलट गई।फिर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने बास्तानार में हुए सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मृत्यु पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने इस दुर्घटना में मृतक महिलाओं के परिजनों को चार-चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने एवं घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश जिला प्रशासन के अधिकारियों को दिये हैैं। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों का डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।