रायपुर की पुलिस ने एक चोर को गिरफ्तार किया है। अमीर बनने के ख्वाब लिए ये चोर रायपुर और आंध्रप्रदेश में चोरियां किया करता था। अप्रैल के महीने में इसने रायपुर के रिटायर्ड RTO अफसर के घर हाथ साफ किया। 20 से 25 लाख के गहने और 1 लाख कैश लेकर फरार हो गया था। गिरफ्तारी के बाद इसने वारदात और चोरी के माल से मजे करने की पूरी कहानी बताई।
पुलिस ने जिसे पकड़ा उस चोर का नाम डी रवि राव है। इसने थाना खम्हारडीह इलाके के गीतांजली नगर में अब्दुल गनी के मकान में चोरी की थी। गनी के मुताबिक करीब 50 से 60 तोला गहने चोरी हुए हैं। इनमें गोल्ड का चंदन हार, एक सोने की चैन, एक सोने का हार, चार सोने की चूड़ी, सात सोने की डायमंड लगी अंगुठी, तीन सोने की अंगुठी। इनमें सोने से महंगा प्लैटिनम लगा हुआ था। तीन जोड़ी कान के टॉप्स प्लैटिनम लगे हुए, 16 जोड़ी कान का गोल्ड टॉप्स जिसमें डायमंड लगा हुआ था, ये शामिल थे।
जब रोने लगा चोर पुलिस के मुताबिक चोर डी रवि राव ने इतना माल चुराने के बाद रायपुर के तेलीबांधा में एक छोटा घर खरीद लिया, गाड़ी भी और महंगे कपड़े भी। वो अमीर बनकर शादी करना चाहता था। चोरी का माल लेकर वो गंजाम ओडिशा चला गया। ओडिशा में इसका गांव है। रास्ते में सोने के गहने कई ज्वेलर्स को बेचता जा रहा था। इसने गांव के लोगों और रिश्तेदारों पर भी रुपए उड़ाए। इतने सारे गहने और रुपए देखकर उसका दिमाग सातवें आसमान पर था। प्लैटिनम के गहने लेकर वो सुनार के पास गया। इसे बेचना चाहता था। छत्तीसगढ़ ओडिशा बॉर्डर पर दुकान दार इन गहनों को पहचान नहीं पाया और लेने से इनकार कर दिया। चोर ने प्लैटिनम के गहनों को नकली समझकर फेंक दिया। बाद में जब पता चला तो रोने लगा।