छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बड़े रेस्टोरेंट सीजी प्राइड में लोगों को धड़ल्ले से हुक्का परोसा जा रहा था। इस बीच पुलिस की टीम ने यहां बीती देर रात छापेमारी कर 12 लोगों को हुक्का पीते हुए गिरफ्तार किया है। इसमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस रेस्टोरेंट के मालिक हरीश तरेजा और मैनेजर शेख मौसीन को भी गिरफ्तार किया है।
सीएसपी वैभव बैंकर ने बताया कि उन्हें कई बार ये शिकायत मिली थी कि सीजी प्राइड रेस्टोरेंट में हुक्का परोसा जा रहा है। पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक हरीश तरेजा को ऐसा न करने की चेतावनी भी दी थी, लेकिन वो नहीं माना।
दुर्ग शहर के साथ भिलाई के भी कुछ ऐसे होटल और रेस्टोरेंट हैं जहां चोरी छिपे हुक्का परोसा जा रहा है। पुलिस इन सभी के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्लान बना रही है। आने वाले दो तीन दिन में दो से तीन अन्य रेस्टोरेंट व होटल में भी पुलिस का छापा पड़ सकता है।
इसके बाद वैभव बैंकर ने 30 पुलिस अधिकारियों और सिपाहियों की एक टीम तैयार की। रविवार देर रात 11 बजे वो दुर्ग राजनांदगांव रोड स्थित सीजी प्राइड रेस्टोरेंट के पास गए। उन्होंने अपना एक खबरी रेस्टोरेंट भेजा। जब उसने बताया कि वहां हुक्का परोसा जा रहा है। तो पुलिस की टीम ने वहां अचानक छापा मार दिया। इससे पहले की रेस्टोरेंट संचालक कुछ समझ पाता पुलिस ने वहां से हुक्का पीते हुए युवकों और महिलाओं को गिरफ्तार किया।