दिल्ली में कांग्रेस की ‘जीवन रक्षा योजना’, क्या बनेगी चुनावी गेम चेंजर?
08-Jan-2025
दिल्ली की राजनीति में हलचल मचाते हुए कांग्रेस पार्टी ने अपनी बहुप्रतीक्षित ‘जीवन रक्षा योजना’ का ऐलान किया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा किया कि यह योजना दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘गेम चेंजर’ साबित होगी। गहलोत ने इस योजना को दिल्ली के हर नागरिक के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का सबसे बड़ा वादा बताया, जिसमें 25 लाख रुपये तक का मुफ्त हेल्थ बीमा शामिल है।
पिछले दो विधानसभा चुनावों में शून्य सीटों पर सिमट चुकी कांग्रेस पार्टी ने इस बार ‘प्यारी दीदी योजना’ के बाद अपनी दूसरी बड़ी गारंटी के रूप में ‘जीवन रक्षा योजना’ की घोषणा की। गहलोत ने कहा, “हम जानते हैं कि दिल्ली में बदलाव की जरूरत है और हमारी योजना हर नागरिक को स्वास्थ्य सेवा की गारंटी देती है। इससे न सिर्फ कांग्रेस की छवि बदलेगी, बल्कि दिल्ली के नागरिकों का जीवन भी।”
योजना की मुख्य बातें:
‘जीवन रक्षा योजना’ के तहत हर दिल्लीवासी को 25 लाख रुपये तक का मुफ्त हेल्थ बीमा मिलेगा, जो गंभीर बीमारियों, अस्पताल में भर्ती होने और अन्य चिकित्सा जरूरतों को कवर करेगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को चिकित्सा खर्चों से राहत मिले। इसके अलावा, कांग्रेस ने इस योजना के साथ अपना नया चुनावी नारा भी पेश किया—“होगी हर जरूरी पूरी, कांग्रेस है जरूरी।” यह नारा कांग्रेस की स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस और दिल्लीवासियों को दी जाने वाली प्राथमिकता को उजागर करता है।
जीवन रक्षा योजना’ पर विपक्षी दलों ने तंज कसते हुए इसे सिर्फ चुनावी वादा करार दिया है। आप पार्टी ने कहा, “पिछले 10 सालों में कांग्रेस ने कुछ नहीं किया और अब बड़े-बड़े वादों से जनता को लुभाने की कोशिश कर रही है।” भाजपा ने इसे ‘फैंटेसी स्कीम’ बताया और कहा कि कांग्रेस का इतिहास इन योजनाओं को कागजों से बाहर लाने में विफल रहा है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कांग्रेस इस योजना का ठोस रोडमैप प्रस्तुत करती है, तो यह उन मतदाताओं को आकर्षित कर सकती है जो आप और भाजपा से निराश हैं।