पूर्व RBI गवर्नर शक्तिकांत दास बने प्रधानमंत्री मोदी के प्रधान सचिव, जानिए कौन है ?
भारत सरकार ने पूर्व भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) गवर्नर शक्तिकांत दास को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव के रूप में नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी और प्रधानमंत्री के कार्यकाल तक या अगले आदेश तक जारी रहेगी।
शक्तिकांत दास का करियर और अनुभव
शक्तिकांत दास का जन्म 26 फरवरी 1957 को भुवनेश्वर, ओडिशा में हुआ था। उन्होंने दिल्ली के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से इतिहास में स्नातक और स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। 1980 बैच के आईएएस अधिकारी के रूप में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
दास ने दिसंबर 2018 से दिसंबर 2024 तक RBI के 25वें गवर्नर के रूप में कार्य किया। उनके कार्यकाल में COVID-19 महामारी के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था को स्थिर बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण नीतिगत कदम उठाए गए।
RBI गवर्नर बनने से पहले, वह वित्त मंत्रालय में आर्थिक मामलों और राजस्व सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने G20 में भारत के शेरपा के रूप में भी देश का प्रतिनिधित्व किया है।
नए पद में क्या उम्मीदें हैं?
प्रधान सचिव के रूप में, दास अपनी अर्थशास्त्र और प्रशासनिक अनुभव का उपयोग करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को रणनीतिक सलाह देंगे। उनकी नियुक्ति से सरकार की आर्थिक स्थिरता और नीतिगत फैसलों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में प्रमोद कुमार मिश्रा प्रधान सचिव के रूप में कार्यरत हैं और वह इस पद पर बने रहेंगे। अब शक्तिकांत दास और प्रमोद मिश्रा की जोड़ी प्रधानमंत्री कार्यालय की नीतियों को और प्रभावी रूप से लागू करने में सहायक होगी।
यह नियुक्ति सरकार की आर्थिक प्रशासन को मजबूत करने और वित्तीय चुनौतियों का अनुभव के साथ सामना करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।