छत्तीसगढ़ / रायपुर

सड़क हादसों का कहर: रायपुर में स्कूटी सवार मां-बेटी की मौत, कोरिया जिले में बस और बोलेरो की टक्कर में एक महिला की जान गई

रायपुर-कोरिया। रविवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में मां-बेटी समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। पहला हादसा राजधानी रायपुर के वीआईपी चौक पर हुआ, जहां ट्रक ने स्कूटी सवार मां-बेटी को कुचल दिया जहां मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया वहीं 9 साल की बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। वहीं दूसरा हादसा कोरिया जिले के जमदुआरी घाट पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बस और बोलेरो की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। इस हादसे में चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हो गए जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजधानी रायपुर के टेमरी गांव की रहने वाली गंगा साहू (35) और उनकी बेटी रितिका साहू (9) स्कूटी पर सवार होकर रायपुर शहर की तरफ आ रही थीं। दोपहर में वीआईपी चौक पर ट्रक (नंबर एमएच15ईजी7219) ने उन्हें रौंद दिया। हादसा इतना गंभीर था कि मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर हालत में बेटी को मेकाहारा लाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद चौक पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है। वीआईपी रोड पर हुआ यह हादसा पहला नहीं है। इससे पहले भी यहां ट्रक की चपेट में आने से कई बड़े हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान जा चुकी है।
वहीं कोरिया जिले में रविवार सुबह नेशनल हाईवे-43 पर हुआ। चरचा थाना क्षेत्र के नगर जंगल में रांची से चिरमिरी जा रही राजहंस बस और बोलेरो के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार महिला रितु सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं। बताया जाता है कि मनेंद्रगढ़ के खोंगापानी निवासी श्रद्धालु रविवार सुबह बोलेरो में सवार होकर कुदरगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान जमदुआरी घाट के पास उनकी बोलेरो की बस से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलने पर चरचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। सभी घायलों को बैकुंठपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। कोरिया जिले में जिस जमदुआरी घाट पर यह हादसा हुआ, वहां पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इस जगह को नेशनल हाईवे ने ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया है। इसके बावजूद यहां एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया।

Leave Your Comment

Click to reload image