बॉयफ्रेंड को फंसाने के लिए खुद को भेजे अश्लील मैसेज, पुलिस जांच में खुली युवती की साजिश
बॉयफ्रेंड को फंसाने के लिए खुद को भेजे अश्लील मैसेज, युवती गिरफ्तार
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अपने एक्स बॉयफ्रेंड को फंसाने और बदनाम करने के लिए एक युवती द्वारा रची गई साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोप है कि युवती ने युवक के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और उसी आईडी से खुद को अश्लील एवं आपत्तिजनक मैसेज भेजे। इसके बाद उसने युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराकर उसे कानूनी कार्रवाई में फंसाने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, तिफरा निवासी संजय रात्रे ने 15 मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने साइबर तकनीकी साक्ष्यों, सोशल मीडिया अकाउंट डिटेल्स और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि फर्जी इंस्टाग्राम आईडी और उससे जुड़े अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स का संचालन तोरवा निवासी 26 वर्षीय प्रीति सूर्यवंशी कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी युवती की पहचान की गई। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्रेम संबंध टूटने के बाद रची साजिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि संजय रात्रे और प्रीति सूर्यवंशी के बीच पहले प्रेम संबंध थे। दोनों के बीच संबंध समाप्त होने के बाद युवती ने युवक को बदनाम करने और उसके खिलाफ भ्रामक परिस्थितियां निर्मित करने के उद्देश्य से यह पूरी साजिश रची थी।
जांच में मिले डिजिटल साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि युवक के नाम से बनाए गए फर्जी अकाउंट का इस्तेमाल कर उसे बदनाम करने और कानूनी परेशानी में डालने का प्रयास किया गया। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य तकनीकी और डिजिटल पहलुओं की भी जांच कर रही है।