राजनांदगांव। जिले के मनगट्टा क्षेत्र स्थित एक रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और युवती के साथ रिसॉर्ट में आए लोगों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।
मृतका की पहचान भिलाई निवासी मुस्कान तिवारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुस्कान अपने कुछ साथियों के साथ रिसॉर्ट में ठहरी हुई थी। बताया जा रहा है कि देर रात वह बाथरूम गई थी, जहां वह बेहोशी की हालत में मिली।
सुबह करीब 8 बजे रिसॉर्ट प्रबंधन को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद युवती को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में सबसे अहम बात यह सामने आई है कि युवती के साथ रिसॉर्ट में आए लोग सुबह होने से पहले ही वहां से चले गए थे। पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है और उनसे पूछताछ के जरिए घटना से जुड़ी परिस्थितियों को समझने का प्रयास करेगी।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। साथ ही रिसॉर्ट के कर्मचारियों और घटना से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।