बिलासपुर। जिले के बेलतरा हाईवे पर गुरुवार 18 जून की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कोयले से भरा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार दोनों भाई ट्रेलर की चपेट में आ गए और उसके नीचे दब गए।
मृतकों की पहचान संदीप रजक और प्रदीप रजक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों भाई काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बहन ने फोन कर उनसे मोमोज लाने को कहा था। दोनों भाई बहन के लिए मोमोज लेकर घर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रेलर की तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खो देना माना जा रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया गया।
एक ही परिवार के दो कमाऊ बेटों की अचानक मौत से घर में कोहराम मच गया है। बहन की एक छोटी-सी फरमाइश पूरी करने निकले दोनों भाई अब कभी घर नहीं लौट पाए।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलने के बाद रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।