छत्तीसगढ़ / रायपुर

रायपुर में स्कूल के बाहर चाकूबाजी: 'मोटा' कहने पर भड़का छात्र, जानलेवा विवाद में गई जान

 रायपुर। रायपुर जिले के तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव में दो दोस्तों के बीच हुआ मामूली विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। 10वीं कक्षा पास कर चुके 16 वर्षीय छात्र अमन यदु की चाकूबाजी की घटना में मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अमन यदु पिता राजकुमार यदु और घायल किशोर दोनों सासाहोली गांव के वार्ड क्रमांक-1 के निवासी हैं। दोनों हाल ही में 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके थे और एक ही स्कूल में पढ़ते थे। दोनों के बीच अच्छी दोस्ती भी थी, लेकिन परीक्षा के दौरान हुई एक बात ने उनके रिश्ते में दरार पैदा कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 10वीं की परीक्षा के दौरान घायल किशोर ने अमन को "मोटा" कहकर चिढ़ाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। शुक्रवार को स्कूल से लौटते समय दोनों के बीच फिर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि अमन ने किशोर को रास्ते में बुलाया और इसके बाद घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर पहुंचा।
आरोप है कि अमन ने गुस्से में किशोर के गले पर चाकू से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के दौरान किशोर ने किसी तरह चाकू छीन लिया और आत्मरक्षा में पलटवार कर दिया। देखते ही देखते दोनों के बीच संघर्ष शुरू हो गया और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान अमन यदु की मौत हो गई, जबकि घायल किशोर का उपचार जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों किशोरों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। घायल किशोर के पिता शिक्षक हैं और दोनों परिवार एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं। दोनों के घर एक ही वार्ड में करीब 400 मीटर की दूरी पर स्थित हैं। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है, हालांकि फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है।
तिल्दा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद की असल वजह क्या थी और घटना किन परिस्थितियों में हुई। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता गुस्सा किस तरह युवाओं की जिंदगी को बर्बाद कर सकता है।

Leave Your Comment

Click to reload image