छत्तीसगढ़ / रायपुर

दरिमा से बेलखरीखा मार्ग का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, 21 ग्रामों को मिलेगा सीधा लाभ

 अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा से बेलखरीखा मार्ग, लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जो क्षेत्रीय आवागमन एवं आर्थिक गतिविधियों की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह मार्ग अम्बिकापुर-दरिमा-नवानगर (एम.डी.आर.) मार्ग को जोड़ते हुए आगे राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-130 से जुड़ता है। राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के माध्यम से यह मार्ग दरिमा स्थित महामाया एयरपोर्ट को भी सीधे जोड़ता है।


इस मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य हेतु छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ₹22 करोड़ 10 लाख 7 हजार की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। उक्त स्वीकृति वित्तीय क्रमांक FINACC-36/3627-/2026-ENIC PWD SECTION/T-2, दिनांक 23.01.2026 के माध्यम से जारी की गई है।

वर्तमान में लगभग 3 मीटर चौड़े इस मार्ग का निर्माण वर्ष 2001-02 में हुआ था। मार्ग की बढ़ती उपयोगिता एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए इसे 7.00 मीटर चौड़े दो लेन मार्ग के रूप में विकसित करने का प्रावधान किया गया है। कार्य के अंतर्गत 10 नग पुल-पुलिया एवं 110 मीटर नाली निर्माण का कार्य भी सम्मिलित है।

मार्ग के विकसित होने से लगभग 21 ग्रामों के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, दरिमा एयरपोर्ट तक सुगम आवागमन सुनिश्चित होने के साथ-साथ मैनपाट जाने वाले पर्यटकों को भी दरिमा होकर सीधे मैनपाट पहुंचने में सुविधा मिलेगी, जिससे लगभग 18 किलोमीटर की यात्रा कम होगी।

मार्ग के उन्नयन से क्षेत्र में आवागमन एवं यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही कृषि उपज एवं स्थानीय उत्पादों के परिवहन को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन एवं व्यापार को नई गति प्राप्त होगी।

यह कार्य क्षेत्र के आधारभूत संरचना विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे ग्रामीण संपर्क, पर्यटन एवं क्षेत्रीय विकास को मजबूती मिलेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image